App

Navratri Special: 2027 में सिनेमाघरों में गूंजेगा 'जय माता दी'! आ रही है महाकाल और दुर्गा मां की सबसे बड़ी एनिमेटेड फिल्म

नवरात्रि के पावन मौके पर एनिमेटेड फिल्म 'महादेवी आदिशक्ति' का फर्स्ट लुक रिलीज हो गया है. अक्षत गुप्ता की लिखी यह फिल्म 150 से ज्यादा एनिमेटर्स द्वारा हाथ से बनाई जा रही है. जानें रिलीज डेट और पूरी डिटेल्स.

Navratri Special: 2027 में सिनेमाघरों में गूंजेगा 'जय माता दी'! आ रही है महाकाल और दुर्गा मां की सबसे बड़ी एनिमेटेड फिल्म
Image Credit: नवरात्रि के पहले दिन मां दुर्गा का बड़ा तोहफा (YT- Artha Animation)

Maha Devi Adishakti First Look: नवरात्रि का पावन पर्व शुरू होते ही सनातन धर्म और भारतीय पौराणिक कथाओं के प्रेमियों के लिए एक बहुत ही शानदार खबर सामने आई है. अगर आपको एनिमेशन देखना पसंद है और आप मां दुर्गा की दिव्य गाथाओं को एकदम नए अवतार में देखना चाहते हैं, तो यह खबर आपके लिए ही है. नवरात्रि के शुभ अवसर पर अपकमिंग एनिमेटेड फिल्म 'महादेवी आदिशक्ति- द लेजेंड ऑफ मां दुर्गा' का पहला लुक सामने आ चुका है. यह फिल्म केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि हमारी जड़ों और संस्कृति से जोड़ने वाला एक ग्रैंड विजुअल एक्सपीरियंस होने वाला है.

नवरात्रि के पहले दिन मेकर्स ने 'महादेवी आदिशक्ति' का फर्स्ट लुक जारी करके फैंस को बड़ा सरप्राइज दिया है. इस फिल्म को अर्था एंटरटेनमेंट एंड एनिमेशन के बैनर तले गौरव मल्होत्रा प्रोड्यूस कर रहे हैं. फिल्म का डायरेक्शन मिलिंद नंदनवार कर रहे हैं, जबकि इसकी कहानी मशहूर लेखक अक्षत गुप्ता ने लिखी है. अक्षत गुप्ता को उनकी बेस्टसेलर पौराणिक किताबों के लिए जाना जाता है, इसलिए इस फिल्म की कहानी से भी लोगों को बहुत ज्यादा उम्मीदें हैं.

महिषासुरमर्दिनी का दिखेगा रौद्र रूप

यह फिल्म पूरी तरह से मां दुर्गा और उनके अलग-अलग अवतारों की कहानियों पर आधारित है. इसमें महिषासुर का वध करने वाली 'महिषासुरमर्दिनी' की गाथा से लेकर बुराई का सर्वनाश करने वाली 'मां काली' के महा-अवतार को दिखाया जाएगा. फिल्म में सिर्फ एक्शन या एनिमेशन ही नहीं होगा, बल्कि इसके साथ म्यूजिक का भी जबरदस्त तड़का होगा. फिल्म में बैकग्राउंड स्कोर और गानों की जिम्मेदारी श्रेयस पुराणिक ने संभाली है, जो म्यूजिक के जरिए दर्शकों में भक्ति का माहौल तैयार करेंगे.

 

 

एआई के जमाने में 150 आर्टिस्ट्स का हाथ का जादू

आजकल जहां हर कोई कंटेंट बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई का सहारा ले रहा है, वहीं इस फिल्म के मेकर्स ने एक बहुत ही अलग रास्ता चुना है. 'महादेवी आदिशक्ति' को 2D हैंड-ड्रॉन एनिमेशन स्टाइल में बनाया जा रहा है. यानी इस फिल्म के एक-एक फ्रेम को हाथ से स्केच और एनिमेट किया जा रहा है. इस बड़े प्रोजेक्ट पर 150 से भी ज्यादा एनिमेटर्स और आर्टिस्ट्स दिन-रात काम कर रहे हैं, ताकि विजुअल्स में भारतीय कला की असली आत्मा बनी रहे.

देखें फर्स्ट लुक-

 

मेकर्स का क्या है विजन?

फिल्म के डायरेक्टर मिलिंद नंदनवार ने इस प्रोजेक्ट पर बात करते हुए कहा कि भारत हमेशा से आध्यात्मिकता और ज्ञान की भूमि रहा है. उन्होंने कहा, "सनातन धर्म की कहानियां हमारी सभ्यता का हिस्सा हैं, जो हमें सिखाती हैं कि बुराई चाहे कितनी भी ताकतवर क्यों न हो, अंत में धर्म और सत्य की ही जीत होती है. हम बहुत भाग्यशाली महसूस कर रहे हैं कि मां दुर्गा ने हमें अपनी गाथा को बच्चों तक पहुंचाने का जरिया चुना है."

वहीं प्रोड्यूसर गौरव मल्होत्रा का कहना है कि आज के बच्चों और यूथ के कंटेंट देखने का तरीका बदल चुका है. इसलिए वे रामायण और महाभारत जैसी कथाओं को एक ऐसे फॉर्मेट में लाना चाहते थे, जिसे आज की पीढ़ी आसानी से कनेक्ट कर सके. उन्होंने कहा कि यह फिल्म पूरे परिवार के लिए बनाई जा रही है, ताकि दादा-दादी, माता-पिता और बच्चे एक साथ बैठकर अपनी संस्कृति और मूल्यों को एन्जॉय कर सकें.

कब होगी रिलीज?

अगर आप भी इस ग्रैंड एनिमेटेड फिल्म को देखने के लिए एक्साइटेड हैं, तो आपको थोड़ा इंतजार करना होगा. फिल्म 'महादेवी आदिशक्ति- द लेजेंड ऑफ मां दुर्गा' को फरवरी 2027 में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी है. एनिमेशन, म्यूजिक और पौराणिक कथाओं का यह अनोखा मेल यकीनन आज के यूथ के लिए एक शानदार सिनेमैटिक एक्सपीरियंस साबित होने वाला है.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Alkesh Kushwaha

Alkesh Kushwaha

अल्केश कुशवाहा एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 14 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव है. वर्तमान में वे जी न्यूज हिंदी में चीफ सब-एडिटर के रूप में बॉलीवुड-वायरल सेक्शन संभाल रहे हैं. अल्केश की मुख्य विशेषज्ञता बॉलीवुड, एंटरटेनमेंट, वायरल सिनेमा ट्रेंड्स और सेलिब्रिटी एक्सक्लूसिव्स में है. साल 2012 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत करने वाले अल्केश ने दैनिक भास्कर, हिन्दुस्तान टाइम्स, राजस्थान पत्रिका और NDTV जैसे देश के अग्रिम मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. अल्केश ने अपने करियर में अर्जुन रामपाल, ऋचा चड्ढा और राजपाल यादव जैसी कई दिग्गज बॉलीवुड हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यूज किए हैं. फिल्म रिव्यू, बॉक्स ऑफिस एनालिसिस, सेलिब्रिटी गॉसिप्स और एंटरटेनमेंट ट्रेंड्स का इन-डेप्थ डेटा एनालिसिस करना उनका मजबूत पक्ष है. वे पाठकों तक बॉलीवुड जगत की हर छोटी-बड़ी खबर सटीक, निष्पक्ष और विश्लेषणात्मक तरीके से पहुंचाते हैं. आप अल्केश कुशवाहा से सीधे alkesh.kushwaha@zeemedia.com पर संपर्क कर सकते हैं.
Read More