चाय लवर निकलीं 'धक-धक गर्ल': माधुरी दीक्षित ने खोला घर का पुराना राज, बोलीं- हमारे घर में तो...
बॉलीवुड एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित ने क्विज शो कोण होणार करोड़पति में भुवन बाम के साथ बातचीत के दौरान अपने चाय के शौक का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि उनके घर में दिनभर चाय बनती थी.
बॉलीवुड की धक-धक गर्ल एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित अपनी मुस्कान और शानदार अंदाज से हमेशा फैंस का दिल जीत लेती हैं. इन दिनों वह मराठी क्विज शो 'कोण होणार करोड़पति' होस्ट कर रही हैं, जहां अक्सर मजेदार बातें देखने को मिलती हैं. शो पर पहुंचे एक्टर और कॉमेडियन भुवन बाम के साथ बातचीत में माधुरी ने अपने चाय के शौक को लेकर एक प्यारा सा किस्सा शेयर किया.
बॉलीवुड एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित अपनी एक्टिंग के साथ-साथ अपने खुशमिजाज स्वभाव के लिए भी जानी जाती हैं. इस शो के दौरान वह अक्सर अपनी निजी जिंदगी और पुराने दिनों से जुड़े दिलचस्प किस्से दर्शकों के साथ साझा करती हैं.
चाय पर हुई मजेदार बात
कोण होणार करोड़पति के एक एपिसोड में माधुरी दीक्षित एक्टर और कॉमेडियन भुवन बाम के साथ गपशप करती नजर आईं. 'आईएएनएस' की रिपोर्ट के मुताबिक, बातचीत के दौरान भुवन ने कहा कि उन्हें मुंबई शहर की सबसे खास बात वहां के लोग लगते हैं. माधुरी ने भी उनकी बात से सहमति जताई और कहा कि मुंबई के लोगों का मदद करने वाला स्वभाव वाकई काबिले तारीफ है. इसी बातचीत के बीच दोनों के बीच चाय को लेकर चर्चा शुरू हो गई.
माधुरी ने बताया घर में दिनभर बनती थी चाय
भुवन बाम ने अपने दिल की बात रखते हुए कहा कि उन्हें चाय पीना बहुत पसंद है. उनकी इस बात पर माधुरी दीक्षित ने भी अपनी पुरानी आदत याद की और बताया कि उनके घर में भी दिनभर चाय बनती रहती थी. उनके घर की रोजमर्रा की जिंदगी में चाय का होना एक आम बात थी.
अपनी पुरानी यादें ताजा करते हुए भुवन ने बताया कि उनके लिए तो घर में पूरा एक फ्लास्क चाय बनाकर रखा जाता था. यह सुनकर माधुरी ने मजेदार अंदाज में पूछा कि दिनभर चाय पीने से जाने-अनजाने में शरीर के अंदर काफी चीनी भी जाती होगी.
चीनी छोड़ने के बाद भी 'स्वीट' निकले भुवन
माधुरी के सवाल पर भुवन ने बताया कि अब उन्होंने चीनी खाना छोड़ दिया है. इस पर माधुरी ने चुटकी लेते हुए कहा कि यह बहुत अच्छी बात है कि उन्होंने चीनी छोड़ दी, लेकिन इसके बावजूद वह अब भी काफी स्वीट हैं. माधुरी की यह प्यारी सी बात सुनकर भुवन थोड़े शरमा गए और मुस्कुराते हुए उन्हें 'थैंक्यू' बोल दिया. यह हल्का-फुल्का पल शो में मौजूद लोगों को खूब पसंद आया.