दिलीप कुमार से हुई थी निम्मी को एकतरफा मोहब्बत, फिर बॉलीवुड से हुई गायब; निधन के 6 साल बाद छिड़ा प्रॉपर्टी विवाद; केयरटेकर पर केस
दिवंगत बॉलीवुड एक्ट्रेस निम्मी की 7-8 करोड़ की जुहू प्रॉपर्टी पर विवाद गहरा गया है. परिवार ने केयरटेकर पर धोखाधड़ी और करोड़ों रुपये निकालने का आरोप लगाते हुए सांताक्रूज पुलिस में FIR दर्ज कराई है.
मुंबई के पॉश इलाके जुहू में स्थित उनके दो आलीशान फ्लैट्स और बैंक बैलेंस पर कब्जा करने की कोशिश का मामला सामने आया है. हैरानी की बात यह है कि इस धोखाधड़ी का आरोप किसी बाहरी शख्स पर नहीं, बल्कि उन पर सालों तक भरोसा करने वाले उनके पुराने केयरटेकर पर लगा है. परिवार की शिकायत के बाद मुंबई की सांताक्रूज पुलिस ने केयरटेकर के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी की गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है.
यह पूरा विवाद दिवंगत अदाकारा निम्मी की करोड़ों की प्रॉपर्टी से जुड़ा हुआ है. 11 नवंबर को मोहम्मद यूनुस सलीम दुर्रानी नाम के एक शख्स ने सांताक्रूज पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है. दुर्रानी खुद को निम्मी का रिश्तेदार बताते हैं और उन्होंने यह केस निम्मी की बहू सलमा नेल्डी परवीन की तरफ से पावर ऑफ अटॉर्नी के जरिए फाइल किया है. पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर निम्मी के केयरटेकर असरार अहमद शेख के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और फर्जीवाड़े का मामला दर्ज किया है.
केयरटेकर पर क्या-क्या गंभीर आरोप लगे हैं?
पुलिस में दर्ज एफआईआर के मुताबिक, असरार अहमद शेख कई सालों तक निम्मी और उनके पति अली रजा के घर में काम करता था और उनकी देखभाल करता था. साल 2007 में पति अली रजा के निधन के बाद निम्मी घर में अकेली रह गई थीं. बढ़ती उम्र और खराब सेहत की वजह से उन्होंने अपने बैंक कामकाज को आसान बनाने के लिए शेख के साथ जॉइंट बैंक अकाउंट खुलवाए थे. धीरे-धीरे शेख ही उनके सारे पैसों का हिसाब-किताब देखने लगा. परिवार का आरोप है कि शेख ने इस भरोसे का गलत फायदा उठाया और निम्मी के बैंक खातों से करोड़ों रुपये निकाल लिए. इतना ही नहीं, उस पर निम्मी की मारुति सुजुकी सियाज कार को कबाड़ में बेचकर पैसे खुद रख लेने का भी इल्जाम है.
कितनी प्रॉपर्टी और बैंक बैलेंस छोड़ गई थीं निम्मी?
शिकायत में निम्मी की संपत्ति का पूरा ब्योरा भी दिया गया है. निम्मी और उनके पति ने जुहू तारा रोड पर स्थित नेहा अपार्टमेंट्स में B-31 और B-32 नंबर के दो फ्लैट खरीदे थे. पार्किंग स्पेस के साथ ये दोनों फ्लैट निम्मी के नाम पर ही रजिस्टर्ड थे, जिनकी कीमत करीब छह साल पहले 7 से 8 करोड़ रुपये आंकी गई थी. फ्लैट्स के अलावा उनके पास सोने-चांदी के गहने और एसबीआई व सारस्वत बैंक में करीब 1.77 करोड़ रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट भी थी.
निम्मी ने अपनी मौत से पहले एक वसीयत तैयार की थी, जिसमें उन्होंने अपनी सारी संपत्ति अपने गोद लिए हुए बेटे अली सैयद परवेज और परिवार के अन्य सदस्यों के नाम की थी. हालांकि, दिसंबर 2020 में यूके में परवेज का भी निधन हो गया, जिसके बाद अब उनकी पत्नी सलमा और तीन बच्चे इस संपत्ति के वारिस हैं.
वसीयत छिपाने का आरोप और हाईकोर्ट में मामला
निम्मी के परिवार का कहना है कि अप्रैल 2020 में एक्ट्रेस के निधन के बाद केयरटेकर शेख ने उनकी वसीयत और बैंक बैलेंस की कोई जानकारी परिवार को नहीं दी. जब परिवार ने बॉम्बे हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया, तब जाकर वसीयत सामने आई और उन्हें निम्मी की असली संपत्ति और निवेश के बारे में पता चला.
शिकायतकर्ता दुर्रानी का दावा है कि जुहू के दोनों फ्लैट्स पर फिलहाल ताला लगा है और शेख ने परिवार के सामने इन फ्लैट्स को बेचकर पैसे आपस में बांटने का प्रस्ताव भी रखा था, जिसे परिवार ने ठुकरा दिया. फिलहाल वसीयत से जुड़ी कानूनी प्रक्रिया बॉम्बे हाईकोर्ट में चल रही है, लेकिन परिवार को शक है कि केयरटेकर अब भी प्रॉपर्टी के साथ अवैध लेनदेन करने की फिराक में है.
सांताक्रूज पुलिस ने आरोपी असरार अहमद शेख के खिलाफ आईपीसी की धारा 404, 406, 420, 465, 467, 468 और 472 के तहत केस दर्ज किया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और बैंक ट्रांजैक्शन खंगाले जा रहे हैं. हालांकि, इन आरोपों पर अभी तक शेख की तरफ से कोई बयान नहीं आया है.
कौन थीं एक्ट्रेस निम्मी?
निम्मी का असली नाम नवाब बानो था और वह 1940 और 1950 के दशक की सबसे चर्चित अभिनेत्रियों में से एक थीं. उन्होंने राज कपूर और दिलीप कुमार जैसे दिग्गज सितारों के साथ कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया था. बॉलीवुड गॉसिप गलियारों में यह भी खबर थी कि वह दिलीप कुमार से एकतरफा मोहब्बत करती थीं. फिलहाल, उन्होंने बाद में स्क्रीनराइटर अली रजा से शादी कर ली. इस शादी से उनके कोई बच्चे नहीं हुए और शादी के बाद ही उन्होंने इंडस्ट्री छोड़ दी. अप्रैल 2020 में कोरोना महामारी के दौरान उनका 87 साल की उम्र में निधन हो गया था.