)
करीना कपूर एक बार फिर अपने फेमस चैट शो ‘व्हाट वीमेन वांट’ के सीजन 6 के साथ डिजिटल दुनिया में लौट रही हैं. इस नए सीजन का प्रोमो सामने आते ही इंटरनेट पर हलचल मच गई. शो के ट्रेलर में करीना हमेशा की तरह बॉलीवुड सितारों से बेबाक और सीधे सवाल पूछती नजर आ रही हैं. इस बार शो में कई जाने-माने सितारे अपनी जिंदगी के अनकहे किस्से शेयर करते दिखाई देंगे. प्रोमो में सबसे ज्यादा ध्यान कृति सेनन की बातचीत ने खींचा. कृति ने शो में अपने रक्षाबंधन वाले विवाद पर खुलकर बात की है, जिसने सोशल मीडिया पर बड़ा तूफान खड़ा कर दिया था.
प्रोमो वीडियो में कृति अपने उस विज्ञापन के बारे में बात कर रहे हैं, जो उन्होंने रक्षाबंधन के मौके पर जीवा ब्रांड के लिए शूट किया था. करीना से बात करते हुए कृति ने हैरानी भरे अंदाज में कहा कि उन्हें बिल्कुल यकीन नहीं हुआ था जब उनकी चोली को लेकर प्राइम टाइम न्यूज चैनल पर 6 लोगों का पैनल बैठकर बहस कर रहा था. कृति की ये बात सुनकर करीना भी दंग रह गईं और उन्होंने सहमति जताते हुए कहा कि वो इस सिचुएशन को अच्छे से समझती हैं. इस कॉन्ट्रोवर्सी के टाइम एक्ट्रेस के कपड़ों को लेकर इंटरनेट पर काफी तीखे रिएक्शन और हंगामा देखने को मिला था.

रक्षाबंधन के दौरान रिलीज हुए इस विज्ञापन में कृति ने ऑफ व्हाइटल कलर का इंडो-वेस्टर्न लहंगा पहना था, जिसके साथ उन्होंने डीप-नेक ब्रालेट स्टाइल का टॉप कैरी किया था. इस पहनावे को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई थी और इसे भारतीय संस्कृति और परंपरा का अपमान करार दिया था. विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया था कि कई नामी हस्तियों ने भी इस पर नाराजगी जाहिर की थी. कंगना रनौत ने भी खुले तौर पर इस विज्ञापन और कृति के लुक का विरोध किया था. लगातार बढ़ते विरोध को देखते हुए जीवा को अपना ये विज्ञापन हटाना पड़ा था.
इस पूरे मामले के तूल पकड़ने के बाद कृति सेनन चुप नहीं बैठी थीं और उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपनी बात रखी थी. उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा था कि आखिर हम महिलाओं को ये सिखाना कब बंद करेंगे कि उन्हें क्या पहनना चाहिए और क्या नहीं? कृति ने लिखा कि सालों में पारंपरिक फैशन काफी बदल चुका है, लेकिन आज भी महिलाओं के सम्मान को उनके कपड़ों से ही आंका जाता है. उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा था कि संस्कृति और संस्कार दिल में बसते हैं, किसी के क्लीवेज में नहीं. उनका ये बयान उस वक्त भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था.
करीना कपूर के इस टॉक शो के नए सीजन में कृति सेनन के अलावा कई और कई जाने-माने चेहरे नजर आने वाले हैं. ट्रेलर में पंकज त्रिपाठी, मीरा राजपूत कपूर, अली फजल, नीतू कपूर, नेहा कक्कड़, ताहिरा कश्यप, महीप, गुनीत मोंगा और मेंटलिस्ट सुहानी शाह जैसे नाम मेहमान बनकर पहुंचेंगे. शो की छोटी सी झलक देखने के बाद फैंस भी काफी एक्साइटेड हैं और सोशल मीडिया पर कमेंट कर रहे हैं कि वे बेबो को सितारों से बातचीत करते देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. कई लोगों ने लिखा कि उन्हें खासकर कृति और महीप वाले एपिसोड का सबसे ज्यादा इंतजार है.
वर्कफ्रंट की बात करें तो कृति सेनन को हाल ही में बड़े पर्दे पर फिल्म ‘कॉकटेल 2’ में देखा गया था. इस फिल्म में उनके साथ शाहिद कपूर और रश्मिका मंदाना लीड रोल में थे. हालांकि, ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक कमाल नहीं दिखा पाई थी. बता दें, ये फिल्म साल 2012 में आई सुपरहिट फिल्म ‘कॉकटेल’ का सीक्वल थी, जिसमें सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी लीड रोल में थे. पहली फिल्म और इसके सीक्वल दोनों का डायरेक्शन होमी अदजानिया ने किया था, जबकि दोनों फिल्मों की कहानी फेमस राइटर इम्तियाज अली ने लिखी थी.