कौन हैं अरमान जैन, जिनके हाथ का खाना खाने के लिए बेताब हुई पूरी कपूर फैमिली? स्पेशल गेस्ट ने दिया सरप्राइज
करीना कपूर और करिश्मा कपूर ने अपना संडे जैन परिवार और एनसीपी नेता सुप्रिया सुले के साथ लंच करते हुए बिताया. इस खास मौके पर अरमान जैन खुद किचन में खाना बनाते नजर आए, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं.
बॉलीवुड का कपूर खानदान अपने काम के साथ-साथ अपनी शानदार पार्टियों और खाने के प्यार के लिए भी जाना जाता है. इस संडे भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला जब करीना कपूर और करिश्मा कपूर अपने कजिन अरमान जैन के घर लंच पर पहुंचीं. लेकिन इस फैमिली गेट-टुगेदर में सबसे ज्यादा ध्यान जिस चेहरे ने खींचा, वह थीं एनसीपी नेता सुप्रिया सुले. बॉलीवुड ग्लैमर और राजनीति का यह कूल मेल इंटरनेट पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है.
अरमान जैन बने शेफ, परोसा लजीज खाना
जैन परिवार ने इस संडे को खास बनाने के लिए एक शानदार लंच पार्टी होस्ट की थी. एक बेहतरीन शेफ के रूप में पहचाने जाने वाले अरमान जैन ने इस पूरे फैमजम की प्यारी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं. इन फोटोज में अरमान के साथ उनके माता-पिता रीमा जैन और मनोज जैन, पत्नी अनीसा मल्होत्रा और भाई आदर जैन डाइनिंग टेबल पर एक साथ बैठे दिख रहे हैं.
अरमान ने एक छोटा सा वीडियो भी पोस्ट किया है, जिसमें वह खुद किचन में बड़े प्यार से खाना पकाते नजर आ रहे हैं. उन्होंने इन फोटोज को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा कि संडे का फैमिली टाइम और कुछ बढ़िया फ्राइड फूड. इस पोस्ट पर करिश्मा कपूर खुद को रोक नहीं पाईं और उन्होंने कमेंट करते हुए खाने को बेहद यम्मी बताया.
खाने के जरिए राज कपूर की विरासत को सलाम
कपूर परिवार का खाने से यह लगाव कोई नई बात नहीं है. पिछले ही साल अरमान जैन ने नेटफ्लिक्स के खास शो 'डाइनिंग विद द कपूर्स' को बनाने की पहल की थी, जिसमें इस परिवार की फूड चॉइस और विरासत की झलक दिखाई गई थी. एक घंटे के इस स्पेशल शो में रणबीर कपूर, करीना, करिश्मा और सैफ अली खान से लेकर रणधीर कपूर, रीमा जैन, नीतू कपूर और जहान कपूर जैसे दिग्गज एक ही छत के नीचे जुटे थे.
पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में अरमान ने बताया था कि वह अपने नाना और लीजेंडरी फिल्ममेकर राज कपूर की 100वीं बर्थ एनिवर्सरी पर उन्हें सम्मान देना चाहते थे. अरमान का मानना था कि पूरे परिवार को एक टेबल पर खाने के लिए इकट्ठा करने से बेहतर तरीका कोई और नहीं हो सकता.
सिनेमा से ज्यादा खाने और मस्ती का माहौल
अपने बचपन के दिनों को याद करते हुए अरमान ने इंटरव्यू में कहा कि हमारे परिवार और दुनिया भर के ज्यादातर भारतीय घरों में खाना लोगों को करीब लाने का काम करता है. यह पुरानी यादों को ताजा करने और मस्ती करने का सबसे बड़ा जरिया है. उन्होंने बताया कि बड़े होते हुए उन्होंने अपने घर में फिल्मों और सिनेमा से ज्यादा खाना, हंसी-मजाक और एक टिपिकल पंजाबी घर जैसा प्यार भरा शोर देखा है.
अरमान ने जब राज कपूर के 100वें जन्मदिन को खाने की थीम के साथ जोड़कर नेटफ्लिक्स के सामने यह आइडिया रखा, तो उन्हें यह बेहद पसंद आया. इसके बाद मशहूर फिल्ममेकर स्मृति मूंदड़ा को इस प्रोजेक्ट से जोड़ा गया, जिन्होंने इससे पहले 'इंडियन मैचमेकिंग' और 'द रोमांटिक्स' जैसे हिट शोज डायरेक्ट किए हैं.
कौन हैं अरमान जैन?
जिन्हें नहीं मालूम, उन्हे बता दें कि अरमान जैन बॉलीवुड के मशहूर कपूर खानदान से ताल्लुक रखते हैं. वे दिग्गज अभिनेता राज कपूर की बेटी रीमा जैन और मनोज जैन के बड़े बेटे हैं, जिस नाते वे रणबीर कपूर, करीना कपूर और करिश्मा कपूर के कजिन (मौसेरे भाई) हैं. अरमान ने अपने करियर की शुरुआत करण जौहर के साथ बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर की थी और बाद में 2014 में फिल्म 'लेकर हम दीवाना दिल' से बॉलीवुड में बतौर एक्टर डेब्यू किया. हालांकि, एक्टिंग से ज्यादा सुर्खियां उन्होंने अपनी बेहतरीन कुकिंग और खाने के प्रति अपने जुनून को लेकर बटोरी हैं; वे 'जंगली किचन' नाम से अपना एक फूड ब्रांड और कैटरिंग बिजनेस भी चलाते हैं.