'मुंबई की हवा में प्रदूषण': हर तरफ आ रही जलते ईंधन की गंध... जूही चावला ने गिरते AQI पर जताई चिंता
मुंबई में दिवाली के बाद बढ़े प्रदूषण और गिरते AQI पर बॉलीवुड एक्ट्रेस जूही चावला ने हवा में जले हुए फ्यूल या डीजल जैसी अजीब गंध महसूस होने पर चिंता जताई है, जिससे शहरवासियों की सेहत पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
मुंबई अपनी चकाचौंध और समंदर की ताजी हवाओं के लिए जानी जाती है, लेकिन इन दिनों शहर की आबोहवा बदली-बदली सी नजर आ रही है. जश्न और रोशनी के त्यौहार दिवाली के गुजर जाने के बाद भी मुंबईकरों को साफ हवा नसीब नहीं हो रही है. इसी बीच बॉलीवुड एक्ट्रेस जूही चावला ने शहर के बिगड़ते हालात और हवा में घुली एक अजीब सी दुर्गंध को लेकर अपनी बेचैनी जाहिर की है. जूही के इस बयान ने एक बार फिर मुंबई के बढ़ते प्रदूषण और नागरिकों की सेहत से जुड़े गंभीर सवालों को चर्चा में ला दिया है.
गुरुवार, 12 नवंबर, 2026 को जूही चावला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने मुंबईवासियों से सीधा तौर पर एक सवाल किया. उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि पिछले कई दिनों से हवा में जले हुए फ्यूल, केरोसिन या डीजल जैसी एक बेहद अजीब गंध महसूस हो रही है?. जूही के मुताबिक, सुबह के समय ये गंध सबसे ज्यादा तेज होती है, हालांकि दिन के अलग-अलग हिस्सों में भी इसका एहसास होता है.
दिवाली के बाद बिगड़ी मुंबई की हवा
जूही ने अपने एक्स पोस्ट के जरिए लोगों से पूछा कि क्या किसी और ने भी इस अजीब सी गंध को नोटिस किया है? फिलहाल इस दुर्गंध के असली स्रोत का पता नहीं चल पाया है, लेकिन एक्ट्रेस के इस सवाल ने लोगों की चिंता जरूर बढ़ा दी है. जूही चावला की ये चिंता बेवजह नहीं है, क्योंकि आंकड़े भी मुंबई की बिगड़ती सेहत की गवाही दे रहे हैं. दिवाली के बाद शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 9 नवंबर को उछलकर 171 के लेवल पर पहुंच गया, जो पिछले साल दिवाली के अगले दिन दर्ज किए गए 134 AQI के मुकाबले करीब 28 प्रतिशत ज्यादा है.
बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर मंडरा रहा खतरा
हवा में घुले इन बारीक जहरीले फाइन पार्टिकुलेट मैटर को लेकर हेल्थ स्पेशलिस्ट ने भी रेड अलर्ट जारी किया है. डॉक्टरों का कहना है कि लगातार ऐसी हवा में सांस लेने से गले और फेफड़ों में जलन, अस्थमा, हृदय संबंधी बीमारियां और शरीर में सूजन जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं. इस जहरीली आबोहवा का सबसे बुरा असर छोटे बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है. सुबह की सैर पर निकलने वाले लोग भी अब इस अजीब गंध और धुंध के कारण घरों में कैद होने को मजबूर हैं.
जूही चावला के बारे में
13 नवंबर, 1967 को हरियाणा में जन्मी जूही ने साल 1984 में 'मिस इंडिया' का खिताब जीतकर सुर्खियां बटोरीं. साल 1988 की सुपरहिट फिल्म 'कयामत से कयामत तक' से उन्हें रातोंरात स्टारडम मिला. 90 के दशक में उन्होंने 'डर', 'हम हैं राही प्यार के', 'इश्क', 'यस बॉस' और 'बोल राधा बोल' जैसी कई यादगार फिल्में दीं. अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग और मनमोहक मुस्कान के लिए मशहूर जूही ने दो फिल्मफेयर पुरस्कार जीत हासिल किए. एक्टिंग के अलावा वो एक सक्सेफुल बिजनेसवुमन, आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स की सह-मालकिन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति बेहद जागरूक नागरिक भी हैं.