फवाद, माहिरा, हानिया... एक ही सीरीज में पाकिस्तान के कई स्टार्स, Netflix पर आया फर्स्ट लुक; क्या भारत में देख पाएंगे फैंस?
फवाद खान और माहिरा खान स्टारर नेटफ्लिक्स सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' का फर्स्ट लुक जारी हो गया है. 4 दिसंबर को रिलीज हो रहे इस शो की भारत में स्ट्रीमिंग को लेकर सस्पेंस बना हुआ है. जानें पूरा मामला.
पाकिस्तानी ड्रामा और फवाद खान-माहिरा खान की जोड़ी के दीवानों के लिए एक बड़ी अपडेट सामने आई है. नेटफ्लिक्स ने अपनी मच-अवेटेड सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' का फर्स्ट लुक पोस्टर जारी कर दिया है और यह शो 4 दिसंबर को ग्लोबल लेवल पर प्रीमियर होने जा रहा है. हालांकि, पोस्टर आने के साथ ही इंडियन ऑडियंस के मन में एक पुराना सवाल फिर से खड़ा हो गया है कि क्या यह सीरीज भारत में स्ट्रीम होगी या नहीं.
एक ही फ्रेम में दिखेंगे पाकिस्तान के टॉप स्टार्स
मशहूर उर्दू लेखिका फरहत इश्तियाक के बेस्टसेलिंग नोवेल पर आधारित इस सीरीज की कास्टिंग काफी ग्रैंड है. फवाद खान, माहिरा खान, हानिया आमिर और सनम सईद के अलावा इस शो में अहद रजा मीर, इकरा अजीज, हमजा अली अब्बासी, माया अली, बिलाल अशरफ और खुशहाल खान जैसे बड़े चेहरे भी अहम रोल निभा रहे हैं. रविवार को नेटफ्लिक्स मेना ने इसका पोस्टर शेयर करते हुए बताया कि यह कहानी तीन पीढ़ियों और छह अलग-अलग प्रेम कहानियों के इर्द-गिर्द घूमती है. पोस्टर के कैप्शन में सवाल पूछा गया है कि क्या हम अपने दिलों में जो प्यार रखते हैं, वह काफी है. यह सीरीज 4 दिसंबर से एक्सक्लूसिव तौर पर नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम की जाएगी.
भारत में स्ट्रीमिंग को लेकर क्यों फंसा है पेंच?
दिलचस्प बात यह है कि यह टाइटल फिलहाल नेटफ्लिक्स इंडिया के प्लेटफॉर्म पर भी 4 दिसंबर की रिलीज डेट के साथ लिस्टेड दिखाई दे रहा है. इसके बावजूद भारत के सब्सक्राइबर्स इसे देख पाएंगे या नहीं, इस पर अभी भी अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं. भारत में पाकिस्तानी एंटरटेनमेंट कंटेंट पर पाबंदियों का सिलसिला 2016 के उरी आतंकी हमले के बाद शुरू हुआ था, जिसे 2019 के पुलवामा हमले के बाद और सख्त कर दिया गया. हालांकि अक्टूबर 2023 में बॉम्बे हाई कोर्ट ने पाकिस्तानी कलाकारों पर आधिकारिक बैन लगाने वाली याचिका खारिज कर दी थी, लेकिन दोनों देशों के बीच के तनाव का असर रिलीज पर हमेशा दिखता रहा है.
सरकारी गाइडलाइंस और फवाद की पिछली फिल्म का हाल
हालात तब और बदल गए जब 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की जान चली गई. इस घटना के बाद, सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने 8 मई 2025 को एक सख्त एडवाइजरी जारी की. राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देते हुए भारत में चल रहे सभी ओटीटी प्लेटफॉर्म्स को पाकिस्तान में बने फिल्म्स, वेब सीरीज, गाने और पॉडकास्ट हटाने का निर्देश दिया गया था.
इस फैसले का सीधा असर कई पाकिस्तानी शोज और म्यूजिक ट्रैक्स पर पड़ा और इसी वजह से वाणी कपूर के साथ फवाद खान की हिंदी फिल्म 'अबीर गुलाल' भी भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज नहीं हो पाई थी. चूंकि मई 2025 की यह एडवाइजरी सीधे तौर पर पाकिस्तानी कंटेंट पर लागू होती है, इसलिए इस सीरीज की इंडिया रिलीज पर सस्पेंस बना हुआ है. नेटफ्लिक्स की तरफ से अभी तक भारत में इसकी उपलब्धता को लेकर कोई ऑफिशियल बयान नहीं आया है.