SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

टीचिंग छोड़ पकड़ी सुरों की राह... Hanuman Ansh के गाने ‘जब जिद पे आ गई पार्वती’ से चमकी किस्मत, सिंगर साधु तिवारी ने Zee News संग खुलकर की बात

नीम करोली बाबा के जीवन पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ के गाने ‘जब जिद पे आ गई पार्वती’ से दुनियाभर में अपनी दमदार पहचान बनाने वाले सिंगर साधु तिवारी कभी कॉलेज में केमिस्ट्री पढ़ाया करते थे. मुंबई में लंबे संघर्ष के बाद इस फिल्म ने उनकी किस्मत बदल दी. हाल ही में Zee News के साथ खास बातचीत में उन्होंने अपने सफर के बारे में खुलकर बात की.

Written By Vandana Saini
Published: Nov 26, 2026, 08:33 IST | Updated: Nov 26, 2026, 09:07 IST
Image Credit: ‘हनुमान अंश’ के सिंगर साधु तिवारी ने जी न्यूज से की बात (AI)
Join

‘हनुमान अंश’ फिल्म के सुपरहिट गाने ‘जब जिद पे आ गई पार्वती’ से देशभर में मशहूर हुए साधु तिवारी एक बेहतरीन सिंगर और कंपजोर हैं. मध्य प्रदेश के ग्वालियर के पास करहिया गांव में जन्मे साधु का बचपन से ही संगीत और भक्ति की ओर झुकाव था और वे गांव की रामलीला में गाया करते थे. खास बात ये है कि म्यूजिक की दुनिया में आने से पहले उन्होंने पढ़ाई पूरी की और कुछ समय तक कॉलेज में केमिस्ट्री के लेक्चरर के तौर पर भी काम किया. हालांकि, बाद में उन्होंने नौकरी छोड़कर म्यूजिक को अपना करियर बनाया और साल 2010 में मुंबई आकर संगीतकार संदेश शांडिल्य के साथ काम शुरू किया.

इस दौरान उन्होंने ‘गुलाब गैंग’, ‘चल भाग’ और ‘द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ जैसी फिल्मों के लिए गाने गाए और बनाए. हाल ही में Zee News के साथ खास बातचीत में साधु तिवारी ने अपने करियर और आध्यात्मिक सफर पर खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि कम बजट और बड़े सितारों के बिना ‘हनुमान अंश’ का म्यूजिक बनाना आसान नहीं था, लेकिन नीम करौली बाबा से जुड़े एक्सपीरियं, आस्था और दर्शकों के प्यार ने इसे बड़ी सक्सेस दिलाई. इसके साथ ही उन्होंने इस फिल्म और इसके गानों को ढेर सारा प्यार देने वाले दर्शकों के लिए एक बेहद प्यारा और खास मैसेज भी दिया है, जो किसी भी दिल जीत ले.

जी न्यूज के साथ एक्लयूजिव बातचीत

सवाल: आप बचपन में अपने गांव की रामलीला में गाया करते थे, उस दौर ने आपके अंदर के संगीतकार को कैसे तराशा?

साधु तिवारी: जब मैं गांव में था और रामलीला वगैरह में गाता था, तो वह ग्रामीण परिवेश था जहां से मुझे सीखने को बहुत कुछ मिला. धीरे-धीरे वही चीज़ बढ़ती गई. मेरा मानना है कि वहीं से बच्चों के अंदर एक इच्छा और रुचि जागती है. मेरी मां मुझे सिखाया करती थीं. जब हम स्कूल जाते थे और 15 अगस्त वगैरह के कार्यक्रम होते थे, तो मां गाना सिखाती थीं. वे खुद भी बहुत अच्छा लोकगीत (फोक) गाती थीं और उनकी आवाज बहुत अच्छी थी.

वहीं से मेरे अंदर रुझान जागा और मैं खुद गाने बनाने लगा. दोस्तों ने तारीफ की कि तुम अच्छा बनाते हो, तो धीरे-धीरे गाना बनाने का सिलसिला शुरू हुआ. शुरुआत में मुझे लगा कि मुझे एक म्यूजिक कंपोजर के तौर पर ही अपनी पहचान बनानी चाहिए. मुंबई आकर भी मैंने काफी समय तक सिर्फ कंपोजर के रूप में ही काम किया, सिंगिंग को कभी खुद से पुश नहीं किया.

 100 दिनों में 450 करोड़ की छप्परफाड़ कमाई! अब OTT पर गर्दा उड़ाने आ रही Hanuman Ansh; प्रोड्यूसर ने पार्ट 2 पर दिया बड़ा अपडेट

सवाल: आप केमिस्ट्री के लेक्चरर थे आपने एक सिक्योर करियर छोड़कर म्यूजिक को चुना. आपके लिए मुंबई आने का फैसला कितना मुश्किल था?

साधु तिवारी: उस समय यह फैसला लेना बहुत मुश्किल था. मैंने नौकरी छोड़ दी थी और घर-परिवार की भी कई परेशानियां व जिम्मेदारियां थीं. लेकिन मन में यह था कि अब निकलना ही है और कुछ कर दिखाना है, क्योंकि समय हाथ से निकलता जा रहा था. आखिरकार मैंने नौकरी छोड़ी, गाँव की गलियों और शहर को पीछे छोड़ा और मुंबई आ गया. उस वक्त मेरे पास कोई खास बैकअप नहीं था, बस मन में काम करने की लगन थी.

सवाल: ‘गुलाब गैंग’ जैसी फिल्मों में ब्रेक मिलने से पहले मुंबई के शुरुआती साल कैसे गुजरे और आपने खुद को कैसे मोटिवेट रखा?

साधु तिवारी: मेरा स्वभाव शुरू से ही थोड़ा आध्यात्मिक और धार्मिक रहा है. मेरे घर के पास ही एक शिव मंदिर है, जहां माता पार्वती और बाबा भोलेनाथ की पूजा मैं शुरू से करता आया हूं. मैं खुद को एक भक्त मानता हूं—सुबह उठकर जल चढ़ाना और पूजा-पाठ करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा है.

इसके अलावा, मुझे संगीत और आध्यात्मिक गुरुओं का बहुत अच्छा सानिध्य मिला. मेरे दोस्त और मेरा सर्कल बहुत सकारात्मक रहा. मेरा मानना है कि जब आपके पास अच्छे गुरु और सही लोग होते हैं, तो जीवन में संतुलन (बैलेंस) बना रहता है. जब भी कोई परेशानी या निराशा होती है, तो आप अकेले नहीं होते; बात करने और सलाह लेने के लिए आपके पास गुरु या करीबी लोग होते हैं. इस वजह से मैं कभी हताश या डिप्रेशन का शिकार नहीं हुआ और लगातार आगे बढ़ता रहा.

सवाल: आजकल बॉलीवुड में पार्टी सॉन्ग्स और मॉडर्न म्यूजिक का दौर है. ऐसे में आपने अपने गानों में ब्रज और बुंदेली मिट्टी की खुशबू व देसी स्टाइल को कैसे बचाकर रखा है?

साधु तिवारी: ये स्टाइल मेरे अंदर ही बसा हुआ है, इसे अलग से बचाने की जरूरत नहीं पड़ती. एक फिल्म कंपोजर के तौर पर मैंने पहले भी कई तरह के काम किए हैं, लेकिन मेरी हमेशा यही कोशिश रही है कि मुझे अपनी जड़ों और देसी अंदाज से जुड़ा काम करने का मौका मिले. हर कलाकार एक ऐसे अच्छे मौके की तलाश में रहता है जहां वे अपनी असली कला दिखा सके और जब वो मौका मिलता है, तो वही खुशबू गानों में उतर आती है.

‘रामायण’ से इंस्पायर थी शाहरुख खान की ‘मैं हूं ना’? 22 साल बाद फराह खान ने खोला बड़ा राज; बोलीं- ‘मैं बड़ी भक्त हूं...’

सवाल: आपने ‘हनुमान अंश’ को एक बड़ा ‘चमत्कार’ बताया था, संगीत कंपोज करने या गाने के दौरान ऐसा क्या हुआ, जिसने आपको ये महसूस कराया?

साधु तिवारी: जिस तरह से इस फिल्म के गाने बनते चले गए, वो अपने आप में किसी चमत्कार से कम नहीं था. बिना किसी बड़े तामझाम के ऐसे गाने बनना आसान नहीं होता. खासकर जब ‘खरारी’ गाना कंपोज हुआ, तो मुझे उसी वक्त समझ आ गया था कि इस फिल्म पर ईश्वर की खास कृपा है और इसमें कुछ तो खास बात है. जब इतने अच्छे गाने बन रहे थे, तो मन में उम्मीद थी कि फिल्म जरूर चलेगी और भगवान ने हमारी वो उम्मीद पूरी भी कर दी.

सवाल: इस फिल्म के बनने के दौरान क्या आप खुद कैंची धाम गए थे, क्या आप भी नीम करोली बाबा के भक्त हैं?

साधु तिवारी: मैं उनका भक्त जरूर हूं, लेकिन अभी तक कैंची धाम जाने का सौभाग्य मुझे नहीं मिल पाया है.

सवाल: इस फिल्म में दृष्टिहीन (ब्लाइंड) सिंगर सुनील लोधी ने भी ‘तेरे ही भरोसे हनुमान’ गाना गाया है. उनके साथ काम करने का आपका एक्सपीरियंस कैसा रहा?

साधु तिवारी: उनका गाना मैंने रिकॉर्ड नहीं किया था; उन्होंने वो गाना खुद ही रिकॉर्ड किया था और डायरेक्टर की मौजूदगी में वो तैयार हुआ था. हालांकि, उनसे मेरी मुलाकात होती रहती है और एक्सपीरियंस बहुत अच्छा रहा है, वे एक बेहतरीन कलाकार हैं.

सवाल: 2010 से लेकर 2026 तक के इस लंबे सफर में आपके गानों को जो ग्लोबल सक्सेस मिली है, जहां छोटे-छोटे बच्चे भी आपके गाने गा रहे है ये आपके लिए कितना मायने रखता है?

साधु तिवारी: ये मेरे लिए बहुत मायने रखता है. इस लेवल पर गाने का हिट होना ऐतिहासिक है. आज 10-10 साल के छोटे बच्चे भी इन गानों को गा रहे हैं और लोग इसके पीछे दीवाने हो रहे हैं. ये सब जो हो रहा है, वो किसी चमत्कार से कम नहीं है.

सवाल: ‘हनुमान अंश’ को लेकर कई विवाद और डिस्ट्रीब्यूशन की दिक्कतें भी आईं, फिर भी इसने थिएटर में 100 दिन पूरे किए और अब OTT पर आ रही है. एक कलाकार के तौर पर आपको कैसा महसूस हो रहा है?

साधु तिवारी: मैं खुद को बहुत गौरवान्वित और आभारी (ग्रेटफुल) महसूस कर रहा हूं. उस खुशी को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता. आज के दौर में किसी फिल्म का लगातार 100 दिनों तक थिएटर में चलना एक कलाकार के लिए इससे बड़ी बात और क्या हो सकती है.

सवाल: इस फिल्म का प्रमोशन बहुत लिमिटेड था, फिर भी माउथ पब्लिसिटी और सोशल मीडिया रील्स के जरिए इसे जबरदस्त सक्सेस मिली. इस पर आप क्या कहेंगे?

साधु तिवारी: हां, इंस्टाग्राम पर लोगों ने इस पर सबसे ज्यादा रील्स बनाईं और उसी वजह से फिल्म को इतना बड़ा बढ़ावा मिला. मेरा मानना है कि जब भी कोई अच्छा और साफ-सुथरा कंटेंट सामने आए, तो दर्शकों को उसे इसी तरह सपोर्ट करना चाहिए और ऐसा ही इस फिल्म के साथ भी लोगों ने एक दूसरे को बताया और आज ये फिल्म एक बड़ी हिट बन चुकी है.

ऑस्कर 2027 की रेस में शामिल हुई 'गोंधल' और 'अंग', जानिए किस वजह से मिली एंट्री

सवाल: ‘हनुमान अंश’ के पूरे एल्बम में से वो कौन सी धुन या गाना है, जो आपके दिल के सबसे करीब है?

साधु तिवारी: मैंने इस फिल्म में पांच गाने किए हैं और वैसे तो सभी गाने मुझे बेहद पसंद हैं, लेकिन ‘खरारी’ और ‘आवागमन’ ये दोनों गाने मेरे दिल के सबसे ज्यादा करीब हैं.

सवाल: आज जो यंग जनरेशन अपनी नौकरी के साथ-साथ म्यूजिक की दुनिया में आना चाहते हैं, उन्हें आप क्या सलाह देंगे?

साधु तिवारी: इस इंडस्ट्री में आने के लिए कड़ी मेहनत और बहुत ज्यादा धैर्य (पेशेंस) की जरूरत होती है. यहां सक्सेस रातों-रात नहीं मिलती, इसलिए पूरी तैयारी और सोच-समझकर ही इस फील्ड में कदम रखना चाहिए.

सवाल: आखिर में, आपकी इस फिल्म और गानों को इतना प्यार देने वाले दर्शकों को आप क्या मैसेज देना चाहेंगे?

साधु तिवारी: सभी दर्शकों को सीताराम!

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES