)
नीम करोली बाबा की जिंदगी, उनकी नीतियों और शिक्षाओं पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने इस साल बॉक्स ऑफिस पर ऐसा करिश्मा कर दिखाया है, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी. इस फिल्म की कहानी केवल सिनेमाघरों के पर्दे तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि इसने आम लोगों के बीच आस्था और भक्ति की एक नई लहर पैदा कर दी है. बाबा के भक्तों में इस फिल्म को लेकर गजब का जोश देखा गया. फिल्म की रिलीज के बाद नैनीताल के पास स्थित कैंची धाम में भी दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी और आश्रम परिसर में मेले जैसा माहौल बन गया.
सिनेमाघरों में लंबा और सक्सेसफुल सफर तय करने के बाद अब ये फिल्म डिजिटल दुनिया में कदम रखने जा रही है, जो दर्शक इस फिल्म को थिएटर में नहीं देख पाए थे, उनके लिए ये किसी बड़ी खुशखबरी से कम नहीं है. ‘हनुमान अंश’ की सबसे हैरान करने वाली बात इसकी कमाई के आंकड़े हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, महज 2 करोड़ रुपये के मामूली बजट में तैयार हुई इस फिल्म ने दुनियाभर में 450 करोड़ रुपये से ज्यादा का बिजनेस किया है. शुरुआत में फिल्म की रफ्तार धीमी थी, लेकिन ऑडियंस की तारीफ ने इसे 100 दिनों तक थिएटर में टिके रहने की ताकत दी.
फिल्म की डिजिटल रिलीज का इंतजार कर रहे फैंस के लिए मेकर्स ने बड़ा ऐलान कर दिया है. ‘हनुमान अंश’ को एक नहीं बल्कि दो बड़े ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अलग-अलग भाषाओं में रिलीज किया जा रहा है. फिल्म का हिंदी वर्जन 27 नवंबर को सोनी लिव पर स्ट्रीम होगा. इसके ठीक दो दिन बाद 29 नवंबर से नेटफ्लिक्स पर भी ये फिल्म स्ट्रीम होगी. नेटफ्लिक्स पर ऑडियंस इसे तेलुगु, तमिल, कन्नड़, मलयालम और गुजराती भाषा में देख सकेंगे. टोटल 6 भाषाओं में फिल्म को रिलीज करके मेकर्स ने देश के हर कोने के दर्शकों तक बाबा की कहानी पहुंचाने का शानदार प्लान बनाया है.
विशाल चतुर्वेदी के डायरेक्शन में बनी ये फिल्म नीम करोली बाबा की आध्यात्मिक सफर से इंस्पाय है, जिनका रोल शोनभिनव सत्य ने निभाया है. फिल्म की कहानी लक्ष्मी नारायण नाम के एक लड़के के ईद-गिर्द घूमती है, जो अपनी मां के निधन के बाद जीवन और मृत्यु से जुड़े सवालों के जवाब खोजने निकल पड़ता है. इसी सफर में उसका जुड़ाव अध्यात्म से होता है और उसकी जिंदगी बदल जाती है. ये कहानी ‘डिवाइन डिटूर’ बुक पर आधारित है, जिसमें प्यार, करुणा और निस्वार्थ सेवा का मैसेज दिया गया है. फिल्म में चंदन के आनंद, विहान शेडगे, पूर्णिमा तिवारी और अनिल रस्तोगी ने भी काम किया है.
फिल्म की इस हिस्टोरिकल सक्सेस के पीछे इसकी प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर की कड़ी मेहनत और बड़ा रिस्क छिपा है. अनुप्रिया नागर ने ब्रिटेन में अपनी तीन साल की पढ़ाई के दौरान पार्ट टाइम नौकरी करके जो पैसे बचाए थे, वो सारी रकम इस फिल्म में लगा दी थी. अनुप्रिया ने बताया कि उन्हें खुद बाबा के बारे में एक विदेशी शख्स से पता चला था, जिसके बाद उन्होंने ठान लिया कि आज की यंग जनरेशन को अपने देश के संतों के बारे में जरूर जानना चाहिए. अपनी सारी जमापूंजी दांव पर लगाने का उनका ये फैसला आज बॉक्स ऑफिस पर मिली सबसे बड़ी सक्सेस से सही साबित हो गया है.
‘हनुमान अंश’ को मिल रहे जबरदस्त प्यार को देखते हुए मेकर्स ने इसके अगले भाग यानी सीक्वल को बनाने का भी फैसला कर लिया है. एक इंटरव्यू के दौरान प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर ने इस बात की पुष्टि की है कि फिल्म के सीक्वल पर काम शुरू हो चुका है. उनका मानना है कि आज की यंग जनरेशन को सही दिशा दिखाने के लिए ऐसी कहानियों का बनना बहुत जरूरी है. एक तरफ दो ओटीटी प्लेटफॉर्म पर फिल्म की रिलीज और दूसरी तरफ इसके दूसरे पार्ट की खबर ने फैंस की उत्सुकता को दोगुना कर दिया है. अब देखना दिलचस्प होगा कि बड़े पर्दे के बाद ओटीटी पर ये फिल्म क्या नए रिकॉर्ड बनाती है.