)
बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा के हाल ही में मुंबई में अपने क्रिकेटर पति विराट कोहली के साथ स्पॉट हुईं. इसके बाद से सोशल मीडिया पर उनकी तीसरी प्रेग्नेंसी होने की अटकलें शुरू हो गई हैं. सोशल मीडिया पर इस कपल के बाहर घूमने के वीडियो सामने आने के बाद कई यूज़र्स यह सोचने लगे हैं कि क्या एक्ट्रेस फिर से मां बनने वाली हैं. हालांकि, अनुष्का या विराट में से किसी ने भी इन प्रेग्नेंसी की अफवाहों की पुष्टि नहीं की है.
इसकी शुरुआत तब हुई जब रविवार को अनुष्का और विराट को मुंबई के वर्ली इलाके में स्थित SVP स्टेडियम के 'डोम' में अमेरिकी भक्ति गायक कृष्णा दास के लाइव कीर्तन में देखा गया. इस आध्यात्मिक संगीत कार्यक्रम में जाने से पहले इस कपल को गेटवे ऑफ इंडिया पर भी देखा गया था.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में अनुष्का ताली बजाती और भक्ति गीतों को गाती हुई दिख रही हैं, जबकि विराट उनके बगल में बैठे हैं. उनके वहां पहुंचने पर फैंस का ध्यान तुरंत उन पर गया और ऑनलाइन यह कयास लगाए जाने लगे कि एक्ट्रेस प्रेग्नेंट हैं?
एक वीडियो पर रिएक्शन देते हुए एक सोशल मीडिया यूजर ने पूछा, 'क्या अनुष्का फिर से प्रेग्नेंट हैं?' वहीं, एक अन्य ने लिखा, 'क्या सिर्फ मुझे ही ऐसा लग रहा है कि अनुष्का शर्मा प्रेग्नेंट हैं?' एक एक यूजर ने मजाक में कहा, 'अनुष्का को भी शायद ट्विटर से ही पता चलता होगा कि वह प्रेग्नेंट हैं.'
हालांकि, यह भी ध्यान देने वाली बात है कि ऑनलाइन हो रही इन चर्चाओं के बावजूद तीसरे बच्चे की संभावना को लेकर कपल की तरफ से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. अनुष्का शर्मा और विराट कोहली दिसंबर 2017 में शादी के बंधन में बंधे थे. इस कपल के घर जनवरी 2021 में बेटी वामिका का जन्म हुआ और उसके बाद फरवरी 2024 में बेटे अकाय का जन्म हुआ.
2018 में रिलीज हुई 'जीरो' के बाद से अनुष्का बड़े पर्दे से काफी हद तक दूर रही हैं. हालांकि, उन्होंने 'चकदा एक्सप्रेस' का काम पूरा कर लिया है, जिसमें वह पूर्व भारतीय क्रिकेटर झूलन गोस्वामी का किरदार निभा रही हैं.
इस साल फरवरी में फिल्म के निर्देशक प्रोसित रॉय ने अपना दुख जताते हुए कहा कि सिस्टम ने 'चकदा एक्सप्रेस' को वह मौका नहीं दिया, जिसकी वह हकदार थी. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, 'आज भी जिन कुछ लोगों ने पोस्ट-प्रोडक्शन के दौरान यह फिल्म देखी थी, वे मुझे बताते हैं कि यह फिल्म उनके दिलों में कितनी गहराई तक उतर गई. असली दुख की बात तो यही है कि यह फिल्म उन सभी लोगों तक कभी नहीं पहुंच पाई, जिनके लिए इसे बनाया गया था. हमने इस फिल्म में अपनी पूरी जान लगा दी. अफसोस की बात है कि सिस्टम ने इसे वह मौका नहीं दिया, जिसकी यह हकदार थी.' 'चकदा एक्सप्रेस' की शूटिंग 2022 में पूरी हो गई थी. हालांकि, अभी तक इसकी रिलीज की तारीख की घोषणा नहीं की गई है.