App

मंत्रमुग्ध: 77 की हेमा मालिनी ने दुर्गा बनकर बिखेरा अपनी कला का जादू, नवरात्रि पर डांस परफॉर्मेंस की तस्वीरें VIRAL

77 साल की उम्र में अभिनेत्री और नेता हेमा मालिनी ने हैदराबाद में नवरात्रि के पावन अवसर पर अपना लोकप्रिय दुर्गा डांस बैले पेश किया. सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरों और वीडियो को फैंस का खूब प्यार मिल रहा है.

मंत्रमुग्ध: 77 की हेमा मालिनी ने दुर्गा बनकर बिखेरा अपनी कला का जादू, नवरात्रि पर डांस परफॉर्मेंस की तस्वीरें VIRAL
Image Credit: हैदराबाद में नवरात्रि के मौके पर हेमा मालिनी का शानदार डांस परफॉर्मेंस (instagram/hemamalini)

Hema Malini In Hyderabad: एक्ट्रेस और पॉलीटिशियन हेमा मालिनी ने फिर एक बार साबित कर दिखाया कि कला की कोई उम्र नहीं होती है. 77 साल की उम्र में भी उनका जोश और कला के प्रति उनका समर्पण देखने लायक है. हाल ही में हैदराबाद में नवरात्रि के पावन अवसर पर हेमा मालिनी ने अपना बेहद लोकप्रिय डांस बैले 'दुर्गा' पेश किया. इस कार्यक्रम की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही छा गए हैं और फैंस उनकी इस दिव्य प्रस्तुति की जमकर तारीफ कर रहे हैं.

हैदराबाद के क्लासिक कन्वेंशन सेंटर में अग्रवाल समाज तेलंगाना द्वारा 'आगरा डांडिया नवरात्रि सेलिब्रेशन' का आयोजन किया गया था. इसी भव्य मंच पर 11 अक्टूबर को महाराजा अग्रसेन जयंती के मौके पर हेमा मालिनी ने अपनी प्रस्तुति दी. नवरात्रि के पहले दिन उनके इस लोकप्रिय डांस बैले को देखने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी. हेमा मालिनी ने इस विशेष मौके पर मां पार्वती के रूप में सजे एक कलाकार के साथ अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं और अपने अनुभव को बेहद खास बताया.

सोशल मीडिया पर शेयर किए खास पल

अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर तस्वीरें और वीडियो शेयर करते हुए हेमा मालिनी ने फैंस के साथ अपनी खुशी जाहिर की. उन्होंने लिखा कि नवरात्रि के पहले दिन और महाराजा अग्रसेन जयंती के शुभ अवसर पर अपनी सबसे पसंदीदा बैले 'दुर्गा' को मंच पर उतारना उनके लिए सौभाग्य की बात है. उन्होंने सभी को नवरात्रि और दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं भी दीं. उनके द्वारा शेयर किए गए वीडियो में उनके शानदार डांस स्टेप्स और चेहरे के भाव साफ नजर आ रहे हैं, जिन्हें देखकर हर कोई हैरान है.

 

 

फैंस ने की उम्र के इस पड़ाव पर भी जज्बे की तारीफ

सोशल मीडिया पर हेमा मालिनी की इन तस्वीरों और वीडियो पर फैंस लगातार प्यार बरसा रहे हैं. हैदराबाद के एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा कि हमारे शहर में आपको देखना बहुत खूबसूरत अनुभव रहा. वहीं दूसरे यूजर ने उनकी परफॉर्मेंस को बेहद दिव्य बताया. एक अन्य फैन ने लिखा कि कला के प्रति उनका प्यार उम्र से परे है और वे एक सच्ची कलाकार हैं. लोग इस बात से बेहद प्रभावित हैं कि 77 साल की उम्र में भी वे इतनी ऊर्जा के साथ मंच पर परफॉर्म कर रही हैं.

हेमा मालिनी हर साल त्योहारों के मौके पर अपनी कला के जरिए जनता से जुड़ी रहती हैं. उनका यह अंदाज नई पीढ़ी के कलाकारों के लिए एक बड़ी प्रेरणा है. वे सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि भारतीय शास्त्रीय नृत्य को दुनियाभर में पहचान दिलाने का काम करती आ रही हैं. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Alkesh Kushwaha

Alkesh Kushwaha

अल्केश कुशवाहा एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 14 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव है. वर्तमान में वे जी न्यूज हिंदी में चीफ सब-एडिटर के रूप में बॉलीवुड-वायरल सेक्शन संभाल रहे हैं. अल्केश की मुख्य विशेषज्ञता बॉलीवुड, एंटरटेनमेंट, वायरल सिनेमा ट्रेंड्स और सेलिब्रिटी एक्सक्लूसिव्स में है. साल 2012 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत करने वाले अल्केश ने दैनिक भास्कर, हिन्दुस्तान टाइम्स, राजस्थान पत्रिका और NDTV जैसे देश के अग्रिम मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. अल्केश ने अपने करियर में अर्जुन रामपाल, ऋचा चड्ढा और राजपाल यादव जैसी कई दिग्गज बॉलीवुड हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यूज किए हैं. फिल्म रिव्यू, बॉक्स ऑफिस एनालिसिस, सेलिब्रिटी गॉसिप्स और एंटरटेनमेंट ट्रेंड्स का इन-डेप्थ डेटा एनालिसिस करना उनका मजबूत पक्ष है. वे पाठकों तक बॉलीवुड जगत की हर छोटी-बड़ी खबर सटीक, निष्पक्ष और विश्लेषणात्मक तरीके से पहुंचाते हैं. आप अल्केश कुशवाहा से सीधे alkesh.kushwaha@zeemedia.com पर संपर्क कर सकते हैं.
Read More