)
Hanuman Ansh Superhit Songs: फिल्म 'हनुमान अंश' की सफलता का सिलसिला बॉक्स ऑफिस पर लगातार चल रहा है. इस फिल्म ने सिनेमाघरों में अभी भी अपनी गद्दी जमाए हुई है. दर्शकों से फिल्म को बेहद प्यार मिल रहा है. फिल्म के फेमस गीत 'पार्बती' को बच्चों से लेकर बड़ों तक का बहुत प्यार मिला है. हाल ही में यूट्यूब म्यूजिक के वीकली सॉन्ग्स चार्ट लिस्ट में भारत में पहले नंबर पर ये गीत पहुंच गया है. इतना ही नहीं, यह गाना दुनियाभर के चार्ट में भी दूसरे नंबर पर ट्रेंड कर रहा है. इस गाने ने न केवल फिल्म में, बल्कि फिल्म से अलग भी एक पहचान बना ली है और सोशल मीडिया पर लगातार ट्रेंड कर रहा है.
साधु तिवारी द्वारा लिखित यह गाना फिल्म की सफलता से परे एक बड़ा ब्रेकआउट हिट बन चुका है. यूट्यूब चार्ट्स के आंकड़ों के मुताबिक, इस चार्टिंग लिस्ट के दौरान भारत में 'पार्बती' गाने को लगभग 4,72,66,182 (4.72 करोड़ से अधिक) व्यूज मिले. वहीं, दुनियाभर के चार्ट में यह गाना शकीरा और बर्ना बॉय के गाने 'दाई दाई' के ठीक बाद दूसरे नंबर पर ट्रेंड कर रहा है. साधु तिवारी द्वारा लिखित इस गाने को यूट्यूब पर कुल 100 मिलियन (10 करोड़) से अधिक व्यूज का आंकड़ा पार कर लिया है.
इस गाने की लोकप्रियता अब केवल फिल्म के दर्शकों तक ही सीमित नहीं रही है, बल्कि यह गाना इंस्टाग्राम रील्स और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी ट्रेंड कर रहा है. भारतीय वीकली चार्ट की बात करें तो श्रेया घोषाल का गाना 'कल्याणी' दूसरे स्थान पर है, जिसके बाद 'द पैराडाइज' फिल्म का गाना 'येशान खुला' तीसरे नंबर पर है. ये आंकड़े 'पार्वती' को यूट्यूब पर सबसे ज्यादा सुने जाने वाले गानों की लिस्ट में शामिल करते हैं. वहीं, बुंदेली लोक संस्कृति की जड़ों से जुड़े एक भक्ति गीत का दुनियाभर में दूसरे नंबर पर पहुंचना अपने आप में बहुत बड़ी बात है.
इस गाने को हाल ही में एक खास मंच पर बड़ा सम्मान मिला, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 सितंबर को दिल्ली में आयोजित 'भजन क्लबिंग' इवेंट में शामिल हुए. यह इवेंट पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के अवसर पर आयोजित की गई थी. इस इवेंट में साधु तिवारी ने 'पार्वती' गाने की लाइव परफॉर्मेंस दी थी, जिसमें पीएम मोदी भी पूरे उत्साह में नजर आए थे. इस दौरान पीएम तालियां और खंजरी बजाते नजर आए थे. बाद में उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस इवेंट का वीडियो भी शेयर किया था.
विशाल चतुर्वेदी द्वारा निर्देशित फिल्म 'हनुमान अंश' एक छोटे बजट की फिल्म है, जो एक छोटे बच्चे लक्ष्मी नारायण के आध्यात्मिक सफर पर आधारित है, जो आगे चलकर नीम करोली बाबा के रूप में फेमस होते हैं. यह फिल्म विशाल चतुर्वेदी की किताब 'Divine Detour: That Changed My Life' से प्रेरित है और इसे तीन भागों की सीरीज में प्लान किया गया है. इस फिल्म को लगभग 2 करोड़ रुपये के बजट में बनाया गया था, जिसने दुनियाभर में करीब 410 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया है.