)
मराठी सिंगर और सॉन्गराइटर संजू राठौड़ आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं. फरवरी 2024 में आए उनके गाने ‘गुलाबी साड़ी’ ने सोशल मीडिया पर ऐसा तहलका मचाया कि ये गाना सीधे न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर तक पहुंच गया. इस एक गाने ने संजू को रातों-रात इंटरनेट सेंसेशन बना दिया. संजू अपनी मिट्टी और मराठी जड़ों से गहराई से जुड़े हुए हैं. उनका असली सपना अपनी भाषा और म्यूजिक को दुनिया के हर कोने तक ले जाना है. वे चाहते हैं कि ग्लोबल लेवल पर मराठी म्यूजिक की अलग पहचान बने और दुनिया उनकी कला की ताकत को पहचाने.
अपने एक हालिया इंटरव्यू में संजू राठौड़ ने अपनी जिंदगी और करियर को लेकर दिल खोलकर बातें कीं. संजू हमेशा से मशहूर पंजाबी स्टार दिलजीत दोसांझ के बहुत बड़े फैन हैं. बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि अब वे उन कलाकारों की सबसे ज्यादा इज्जत करते हैं, जिन्होंने इंडस्ट्री में अपने दम पर अपना बड़ा नाम कमाया है. संजू का कहना है कि शुरुआत में वे इन चीजों के बारे में इतना गहराई से नहीं सोचते थे, लेकिन जैसे-जैसे उनका करियर आगे बढ़ रहा है, उन्हें समझ आ रहा है कि अपने दम पर बड़ा मुकाम हासिल करना कितनी बड़ी बात होती है.
संजू राठौड़ ने आगे बात करते हुए इंडस्ट्री के कई बड़े नामों का जिक्र किया. संजू ने बताया कि दिलजीत दोसांझ, हनी सिंह और करण औजला जैसे दिग्गजों ने देश भर के लाखों यंगस्टर्स को अपने काम से इंस्पायर किया है. उनके म्यूजिक और मेहनत ने एक नया रास्ता बनाया है. इसके साथ ही उन्होंने ये भी माना कि मराठी इंडस्ट्री में भी कई शानदार फनकार मौजूद हैं. संजू को पूरा भरोसा है कि आने वाले दिनों में उन्हें दिलजीत भाई, हनी भाई और करण भाई के साथ काम करने का मौका जरूर मिलेगा, जिनके साथ काम करना उनके लिए सपना सच होने जैसा होगा.
‘गुलाबी साड़ी’ की जबरदस्त सक्सेस के बाद अक्सर लोग सोचते हैं कि संजू पूरी तरह बदल गए होंगे. हालांकि, उनका कहना है कि पैसा कभी भी उनका पहला लक्ष्य नहीं रहा. उन्होंने कहा कि हर इंसान बहुत अमीर बनने और बड़ी सक्सेस पाने के सपने देखता है. लोग आर्टिस्ट्स को उनकी महंगी गाड़ियों, बैंक बैलेंस और लाइफस्टाइल से आंकते हैं, लेकिन वे ऐसा बिल्कुल नहीं सोचते. उनके लिए सबसे बड़ा सवाल ये रहता है कि वे अपने म्यूजिक, अपनी भाषा और अपनी कला को कितनी नई ऊंचाइयों पर ले जा सकते हैं. अगर वे अपनी कला को निखारते रहेंगे, तो बाकी सब चीजें अपने आप पीछे-पीछे आएंगी.
एक आम परिवार से आने वाले संजू ने अपने संघर्ष के दिनों को भी याद किया. उन्होंने बताया कि एक सिंपल से लड़के के तौर पर उनका इरादा सिर्फ पैसा कमाना कभी नहीं था. वे अपने परिवार को हमेशा खुश देखना चाहते हैं और उन्हें सारी खुशियां देना चाहते हैं, जो उन्होंने पहले कभी नहीं देखीं, लेकिन परिवार की खुशियों के साथ-साथ उनका पूरा ध्यान अपनी कला को लगातार आगे बढ़ाने पर टिका रहता है. संजू मानते हैं कि वे अपने म्यूजिक को जितनी दूर तक ले जा पाएंगे, खुद को उसी पैमाने पर कामयाब समझेंगे. कला का विस्तार ही उनके लिए असली अमीरी और सबसे बड़ी अचीवमेंट है.
जब संजू से ‘मराठी पॉप का किंग’ कहे जाने पर सवाल हुआ, तो उन्होंने बड़ी सादगी से जवाब दिया. संजू ने कहा कि वे खुद को किसी टाइटल से बांधकर नहीं देखते. नई जनरेशन के मराठी कलाकार गजब का काम कर रहे हैं और उनका काम सिर्फ नए रास्ते बनाना है. आज यूट्यूब पर संजू राठौड़ एसआर चैनल को 3.7 अरब से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं. चैनल पर 69 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं और स्पॉटिफाई पर हर महीने करीब 35 लाख लोग उन्हें सुनते हैं. वे बिलीव म्यूजिक के नए प्लेटफॉर्म बीएल/यूआर से भी जुड़े हैं, जो भारतीय पॉप को एक नया इंटरनेशनल साउंड देने में जुटा हुआ है.