टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: 'सुरक्षा नहीं मिली तो मुंबई से पलायन करेगी फिल्म इंडस्ट्री!' बॉलीवुड में दहशत का माहौल, FWICE ने सरकार को लिखा खत
टाइगर श्रॉफ पर अचानक फायरिंग की घटना के बाद बॉलीवुड में दहशत का माहौल है. सुरक्षा में बड़ी चूक को देखते हुए FWICE ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर कलाकारों और क्रू मेंबर्स के लिए पुख्ता सुरक्षा मांगी है. यूनियन ने साफ चेतावनी दी है कि सुरक्षा न मिलने पर फिल्म इंडस्ट्री मुंबई से पलायन करने के लिए मजबूर होगी.
मुंबई का जुहू इलाका, जो अपनी चहल-पहल और बॉलीवुड हस्तियों के आशियानों के लिए जाना जाता है, हाल ही में गोलियों की गूंज से थर्रा उठा है. एक्शन हीरो टाइगर श्रॉफ पर अचानक फायरिंग की घटना ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को गहरे खौफ में डाल दिया है. पुलिस स्टेशन के ठीक सामने और इतने भीड़भाड़ वाले इलाके में खुलेआम गोलीबारी होना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करता है. इस घटना में जानलेवा हमले की साफ कोशिश देखी गई, जहां थोड़ी सी चूक भी किसी बड़े हादसे या जानमाल के नुकसान का कारण बन सकती थी.
इंडस्ट्री में बढ़ते इस डर के माहौल के बीच फिल्म इंडस्ट्री की सबसे बड़ी संस्था 'फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज' (FWICE) ने कड़ा रुख अपनाया है. FWICE ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और मुंबई पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर सभी कलाकारों, तकनीशियनों और सेट पर काम करने वाले दिहाड़ी मजदूरों की सुरक्षा की गुहार लगाई है.
सुरक्षा दो या विदाई दो! FWICE का सरकार को खत
यूनियन ने अपने खत में साफ और चेतावनी भरे लहजे में कहा है कि अगर सरकार और पुलिस ने जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए, तो बॉलीवुड मुंबई से पलायन करने पर मजबूर हो जाएगा और निर्माता-निर्देशक वहीं जाकर काम करेंगे जहां वो खुद को सुरक्षित महसूस करेंगे. सुरक्षा की इस मांग के तहत FWICE ने मुंबई स्थित फिल्म सिटी की सुरक्षा व्यवस्था को नए सिरे से मजबूत करने की जोर-शोर से अपील की है.
FWICE ने आगे कहा कि शूटिंग के दौरान सेट पर रोजाना सैकड़ों लोग जैसे जूनियर आर्टिस्ट, सप्लायर, कोऑर्डिनेटर और अन्य क्रू मेंबर्स मौजूद रहते हैं. यूनियन की मांग है कि फिल्म सिटी में एंट्री करने वाले हर एक व्यक्ति की कड़ी जांच हो और सुरक्षा की तमाम खामियों को तुरंत दूर किया जाए. इसके साथ ही, शूटिंग के लिए लोगों और क्रू को लाने वाले सप्लायर्स और कोऑर्डिनेटर्स की जिम्मेदारी तय करना बेहद अनिवार्य बना दिया जाए.
बैकग्राउंड वेरिफिकेशन जरूरी
यूनियन ने सेट पर आने वाले सभी बाहरी लोगों, सप्लायर्स और वर्कर्स की पहचान और बैकग्राउंड वेरिफिकेशन के अनिवार्य सत्यापन पर जोर दिया है. FWICE का मानना है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की मौजूदगी पूरी यूनिट की जान जोखिम में डाल सकती है. जब तक हर एक व्यक्ति का पुलिस वेरिफिकेशन नहीं होगा, तब तक सेट पर काम करने वाले हर छोटे-बड़े कलाकार और तकनीशियन के सिर पर खतरे की तलवार लटकी रहेगी.
'भगवान के भरोसे नहीं चल सकती इंडस्ट्री'
आखिर में, FWICE ने सरकार और पुलिस प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अब वो समय चला गया, जब ये मान लिया जाता था कि फिल्म इंडस्ट्री भगवान भरोसे चलती है. प्रशासन को तत्काल इस मामले का संज्ञान लेकर कड़े सुरक्षा इंतजाम करने होंगे. अगर मुंबई में फिल्म इंडस्ट्री के लिए काम करना इसी तरह असुरक्षित होता रहा, तो बॉलीवुड का यहां टिके रहना बेहद मुश्किल हो जाएगा. सरकार को इस बात का भरोसा दिलाना होगा कि देश के कलाकार सुरक्षित हाथों में है.
सलमान को मिली कई बार धमकी
रोहित शेट्टी, सलमान खान, टाइगर श्रॉफ और आमिर खान जैसे फिल्मी सितारों का जिक्र करते हुए कहा गया कि कई लोगों को धमकी भरे कॉल मिलने की बातें सामने आती रही हैं. पहले के समय में अक्सर गैंगस्टरों द्वारा सिर्फ डराने-धमकाने या फिरौती मांगने के मकसद से दीवारों पर गोलियां चलाई जाती थीं, लेकिन अब मामले बेहद गंभीर और जानलेवा रूप ले चुके हैं. रोहित शेट्टी और टाइगर श्रॉफ जैसे बड़े सितारों को निशाना बनाए जाने के बाद अब सलमान खान और आमिर खान सहित कई अन्य कलाकारों को मिल रही धमकी भरी कॉल्स का मुद्दा फिर से गर्मा गया है.