SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

छोटी फिल्म का गला घोंटना कहां का इंसाफ? 'रामायण' की रिलीज के बाद छीन ली गईं 'पायर' की स्क्रीन्स, FIR की उठी मांग

नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' की रिलीज के बाद विनोद कापड़ी की फिल्म 'पायर' के शोज कम करने पर विवाद गहरा गया है. ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर जांच और एफआईआर की मांग की है.

Written By Alkesh Kushwaha
Published: Nov 12, 2026, 11:56 AM IST | Updated: Nov 12, 2026, 12:06 PM IST
Image Credit: महज 2.5 करोड़ में बनी फिल्म ने जीता था दर्शकों का दिल, फिर भी छीन ली गईं स्क्रीन्स (YT- Screengrab/mashakbeen)
Join

बॉलीवुड में बड़े बजट की फिल्मों और छोटे बजट की स्वतंत्र फिल्मों के बीच स्क्रीन बंटवारे को लेकर एक बार फिर बड़ी बहस छिड़ गई है. नेशनल अवॉर्ड विनर फिल्ममेकर विनोद कापड़ी की नई फिल्म 'पायर' को क्रिटिक्स और दर्शकों से जबरदस्त तारीफ मिल रही है, लेकिन इसके बावजूद फिल्म को देशभर में थिएटर्स नहीं मिल पा रहे हैं. कापड़ी ने दावा किया है कि हाल ही में रिलीज हुई मेगा-बजट फिल्म 'रामायण' के बाद उनकी फिल्म की स्क्रीन्स में 75 प्रतिशत की भारी कटौती कर दी गई है. अब इस मामले में 'ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन' यानी AICWA भी खुलकर विनोद कापड़ी के समर्थन में उतर आया है.

सूचना एवं प्रसारण मंत्री को लिखा गया पत्र

ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव को एक आधिकारिक पत्र लिखा है. इस पत्र में उन्होंने 'पायर' के शोज कम किए जाने की निष्पक्ष जांच करने और फिल्म वितरण प्रणाली में बदलाव की मांग की है. एक्स पोस्ट पर शेयर किए गए लेटर के मुताबिक, एसोसिएशन का कहना है कि महज 2.5 करोड़ रुपये के छोटे बजट में बनी 'पायर' ने शानदार वर्ड ऑफ माउथ के दम पर 80 से बढ़कर करीब 400 स्क्रीन्स हासिल कर ली थीं. लेकिन 'रामायण' की रिलीज के बाद अच्छा रिस्पॉन्स मिलने के बावजूद इसकी स्क्रीन्स घटाकर 100 से भी कम कर दी गईं.

छोटे बजट की फिल्मों के हक में उठी आवाज

अपने पत्र में AICWA अध्यक्ष ने साफ किया कि वे 'रामायण: राइज ऑफ लीजेंड' के खिलाफ नहीं हैं. उन्होंने लिखा कि यह एक बड़े बजट की फिल्म है जिसने सैकड़ों वर्कर्स और टेक्नीशियंस को काम दिया है और इसे सफल होना चाहिए. लेकिन एक बड़ी फिल्म की सफलता किसी ऐसी छोटी फिल्म की कीमत पर नहीं होनी चाहिए जिसे दर्शक पहले से पसंद कर रहे हैं. 'हनुमान' जैसी छोटी फिल्मों की सफलता का उदाहरण देते हुए गुप्ता ने कहा कि छोटे बजट की फिल्में भारतीय सिनेमा की रीढ़ हैं. अगर चलती हुई छोटी फिल्मों को ही थिएटर्स से हटा दिया जाएगा, तो नए टैलेंट को मौका नहीं मिलेगा और लाखों वर्कर्स का रोजगार छिन जाएगा.

जांच और एफआईआर दर्ज करने की मांग

सिनेमा संगठन ने केंद्र सरकार से 'फेयर स्क्रीन एलोकेशन पॉलिसी' बनाने और छोटे फिल्ममेकर्स की शिकायतें सुनने के लिए एक सिस्टम तैयार करने की मांग की है. 'पायर' को लेकर पत्र में कहा गया है कि इस बात की निष्पक्ष जांच हो कि अच्छे रिस्पॉन्स के बावजूद फिल्म को 400 से घटाकर 100 से कम स्क्रीन्स पर क्यों लाया गया. जांच में दोषी पाए जाने वाले थिएटर मालिकों और डिस्ट्रीब्यूटर्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए. साथ ही, जब तक जांच चल रही है, तब तक 'पायर' को ज्यादा से ज्यादा शोज वापस दिए जाएं ताकि दर्शक इसे देख सकें.

देखें ट्रेलर-

 

क्या है 'पायर' की कहानी?

पिछले हफ्ते रिलीज हुई 'पायर' हिमालय के एक शांत गांव में रहने वाले एक बुजुर्ग दंपति की भावुक कहानी है, जो अपने बच्चों के लौटने का इंतजार कर रहे हैं. इसमें नए कलाकारों ने काम किया है. शनिवार को विनोद कापड़ी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर कर अपना दर्द बयां किया था. बिना किसी फिल्म का नाम लिए उन्होंने कहा कि थिएटर मालिकों को आदेश दिया गया है कि एक फिल्म के अलावा कोई दूसरी फिल्म नहीं चलेगी.

उन्होंने सवाल उठाया कि दूसरी फिल्मों को रोककर अपनी फिल्म चलाना कहां का सम्मान है. कापड़ी ने कहा कि अगर आपने बहुत पैसा खर्च किया है, तो हमने फिल्म बनाने में अपनी आत्मा लगा दी है, इसलिए हमें भी बराबरी का मौका मिलना चाहिए.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अल्केश कुशवाहा एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 14 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव है. वर्तमान में वे जी न्यूज हिंदी में चीफ सब-एडिटर के रूप में बॉलीवुड-वायरल सेक्शन संभाल रहे हैं. अल्केश की मुख्य विशेषज्ञता बॉलीवुड, एंटरटेनमेंट, वायरल सिनेमा ट्रेंड्स और सेलिब्रिटी एक्सक्लूसिव्स में है. साल 2012 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत करने वाले अल्केश ने दैनिक भास्कर, हिन्दुस्तान टाइम्स, राजस्थान पत्रिका और NDTV जैसे देश के अग्रिम मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. अल्केश ने अपने करियर में अर्जुन रामपाल, ऋचा चड्ढा और राजपाल यादव जैसी कई दिग्गज बॉलीवुड हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यूज किए हैं. फिल्म रिव्यू, बॉक्स ऑफिस एनालिसिस, सेलिब्रिटी गॉसिप्स और एंटरटेनमेंट ट्रेंड्स का इन-डेप्थ डेटा एनालिसिस करना उनका मजबूत पक्ष है. वे पाठकों तक बॉलीवुड जगत की हर छोटी-बड़ी खबर सटीक, निष्पक्ष और विश्लेषणात्मक तरीके से पहुंचाते हैं. आप अल्केश कुशवाहा से सीधे alkesh.kushwaha@zeemedia.com पर संपर्क कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES