SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

पहले POSCO एक्ट के तहत एक्टर को हुई सख्त सजा, फिर कोर्ट ने हाथों-हाथ दे दी जमानत; 4 साल पुराना अश्लीलता से जुड़ा मामला

साउथ फिल्म इंडस्ट्री के एक मशहूर अभिनेता को नाबालिग बच्चों के सामने अश्लील हरकत करने के मामले में कोर्ट से बड़ा झटका लगा है. त्रिशूर की एक अदालत ने 4 साल पुराने इस केस में एक्टर को दोषी मानते हुए एक साल जेल की सजा सुनाई है. हालांकि, उन्हें हाथों-हाथ जमानत भी मिल चुकी है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. चलिए बताते हैं कोर्ट ने क्या कहा?

Written By Vandana Saini
Published: Nov 24, 2026, 07:44 IST | Updated: Nov 24, 2026, 08:54 IST
Image Credit: POSCO मामले में मलयालम एक्टर को मिली सजा, फिर जमानत (Social Media)
Join

साउथ सिनेमा से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है. मलयालम फिल्मों के जाने-माने एक्टर श्रीजीत रवि को 2022 के एक पुराने पॉक्सो केस में कोर्ट ने दोषी ठहराया है. त्रिशूर फास्ट ट्रैक कोर्ट ने उन्हें एक साल की सख्त कैद और 50 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है. ये पूरा मामला स्कूल से घर लौट रहे नाबालिग बच्चों के सामने अश्लील हरकत करने से जुड़ा है. इस खबर के सामने आने के बाद पूरी फिल्म इंडस्ट्री में हड़कंप मच गया है. हालांकि, केरल हाईकोर्ट में इस फैसले को चैलेंज करने के लिए एक्टर की सजा पर फिलहाल एक महीने की रोक लगा दी गई है और उन्हें जमानत मिल गई है.

त्रिशूर फास्ट ट्रैक कोर्ट की जज रेम्या मेनन ने इस पूरे मामले की सुनवाई करने के बाद अपना बड़ा फैसला सुनाया. कोर्ट ने एक्टर श्रीजीत रवि को भारतीय दंड संहिता की धारा 509 और पॉक्सो एक्ट की धारा 11(i) के तहत इस केस में दोषी करार दिया. कोर्ट ने अपने आदेश में ये बात बिल्कुल साफ कर दी है कि अगर श्रीजीत रवि 50 हजार रुपये का जुर्माना समय पर जमा नहीं करते हैं, तो उन्हें एक महीने की और ज्यादा सख्त जेल की सजा काटनी पड़ेगी. हालांकि, सजा का ऐलान होते ही एक्टर के वकील ने तुरंत केरल हाईकोर्ट में अपील करने की बात रखी, जिसके बाद कोर्ट ने उन्हें राहत देते हुए जमानत दे दी.

23 दिसंबर को फिर कोर्ट में होना होगा पेश

श्रीजीत रवि को कोर्ट से फिलहाल के लिए राहत जरूर मिल गई है, लेकिन उनकी मुसीबतें अभी पूरी तरह से खत्म नहीं हुई. कोर्ट ने उन्हें 50 हजार रुपये के पर्सनल बॉन्ड और दो जमानतदारों की शर्त पर जमानत दी है. इसके साथ ही कोर्ट ने ये भी साफ कर दिया कि उन्हें 23 दिसंबर को दोबारा कोर्ट में पेश होना होगा. इस केस में पुलिस और सरकारी वकील ने कोर्ट के सामने काफी मजबूत सबूत रखे थे, जिसके बाद कोर्ट ने ये सख्त रुख अपनाया है. अगर अगले एक महीने के अंदर उन्हें ऊपरी अदालत से कोई राहत नहीं मिलती है, तो आगे चलकर उनकी मुश्किलें और भी बढ़ सकती हैं और उन्हें जेल जाना पड़ सकता है.

Ramayana फिल्म पर भड़का हिंदू संगठन! प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा और डायरेक्टर नितेश तिवारी के खिलाफ FIR दर्ज; आखिर क्या है पूरा मामला?

क्या था 4 साल पुराना पूरा मामला?

ये पूरा मामला 4 जुलाई 2022 का है. उस दिन कुछ नाबालिग बच्चे अपनी स्कूल की छुट्टी होने के बाद वापस अपने घर की ओर लौट रहे थे. आरोप है कि रास्ते में एक्टर ने उन मासूम बच्चों के सामने बहुत ही घटिया और अश्लील हरकत की थी. बात यहीं खत्म नहीं हुई बल्कि उन्होंने बच्चों को बुरी तरह से डराया और धमकाया भी, ताकि वे किसी को कुछ न बताएं. बाद में जब बच्चों के परिवार वालों ने हिम्मत दिखाते हुए पुलिस में शिकायत की तब जाकर इस मामले में केस दर्ज हुआ था. उस वक्त इस शर्मनाक हरकत को लेकर लोगों में काफी गुस्सा था और एक्टर की हर तरफ जमकर थू-थू हुई थी. उनको काफी ट्रोल भी किया गया था.  

21 गवाहों की गवाही ने तय की सजा

अब करीब 4 साल तक चली इस लंबी कानूनी लड़ाई के बाद निचली अदालत ने आखिरकार बच्चों के हक में अपना ये बड़ा फैसला सुना दिया है. इस केस से बचने के लिए श्रीजीत रवि ने साल 2022 में ही निचली अदालत में खुद को नॉट गिल्टी बताते हुए अर्जी लगाई थी, लेकिन उस वक्त कोर्ट ने उनकी इस याचिका को सिरे से खारिज कर दिया था. इसके बाद एक्टर ने राहत पाने के लिए केरल हाईकोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया था. शुरुआती सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने भी उनकी अपील ठुकरा दी और निचली अदालत में ट्रायल शुरू करने का आदेश दिया. इस पूरे ट्रायल के दौरान अभियोजन पक्ष के सपोर्ट में सभी 21 गवाहों ने कोर्ट में अपनी गवाही दर्ज कराई.

कई बड़ी फिल्मों में आ चुके हैं नजर

इन्हीं गवाहों के बयानों के आधार पर कोर्ट ने अभिनेता को दोषी ठहराया. 50 साल के श्रीजीत रवि मलयालम फिल्म जगत का एक बहुत ही जाना-माना चेहरा हैं. वे दिग्गज अभिनेता टी.जी. रवि के बेटे हैं. श्रीजीत ने साल 2005 में अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी. इसके बाद उन्होंने मलयालम के साथ-साथ कई तमिल फिल्मों में भी अपनी अदाकारी का जलवा दिखाया है. फिल्मों में वह ज्यादातर सपोर्टिंग किरदार निभाते हुए नजर आते हैं. दर्शकों ने उन्हें ‘इयोबिंते पुष्पकम’, ‘2018’, ‘लायन’ और ‘थूडरम’ जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में देखा है, लेकिन अब इस गंभीर मामले में सजा मिलने के बाद उनके फिल्मी करियर पर बड़ा दाग लग गया है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES