App

Ramayana फिल्म पर भड़का हिंदू संगठन! प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा और डायरेक्टर नितेश तिवारी के खिलाफ FIR दर्ज; आखिर क्या है पूरा मामला?

फिल्म ‘रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड’ को लेकर एक नया बवाल खड़ा हो गया है. हाल ही में हिंदू जनजागृति समिति ने मुंबई के मुलुंड थाने में फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा और डायरेक्टर नितेश तिवारी के खिलाफ शिकायत दी है. आरोप है कि फिल्म में ओरिजनल ‘रामायण’ के तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है. चलिए बताते हैं आखिर क्या है ये पूरा मामला?

Ramayana फिल्म पर भड़का हिंदू संगठन! प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा और डायरेक्टर नितेश तिवारी के खिलाफ FIR दर्ज; आखिर क्या है पूरा मामला?
Image Credit: रामायण फिल्म में किरदारों के चित्रण पर छिड़ा बड़ा विवाद (Social Media)

5 नवंबर को रलीज होते ही फिल्म ‘रामाय: राइज ऑफ ए लीजेंड’ के मेकर्स की मुश्किलें काफी बढ़ गईं. ताजा जानकारी के मुताबिक, मुंबई के मुलुंड पुलिस स्टेशन में फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा और डायरेक्टर नितेश तिवारी के खिलाफ एक लिखित शिकायत दर्ज करवाई गई है. ये कदम हिंदू जनजागृति समिति के प्रवक्ता सतीश कोचरेकर ने उठाया है. संगठन का कहना है कि अभिव्यक्ति की आजादी का बहाना बनाकर फिल्म में ओरिजनल वाल्मीकि ‘रामायण’ की कहानी को बदला गया है. इससे देश भर में रहने वाले करोड़ों हिंदुओं की आस्था और धार्मिक भावनाओं को बहुत गहरी ठेस पहुंची है.

शिकायत करने वाले संगठन का कहना है कि ‘रामायण’ हमारे लिए कोई नॉर्मल एंटरटेनमेंट का सोर्स नहीं है, बल्कि ये करोड़ों लोगों की गहरी आस्था और जीवन जीने के मूल्यों का आधार है. इसके बावजूद फिल्म बनाने वालों ने रावण के किरदार का महिमामंडन किया है. आरोप है कि फिल्म में रावण को गरीबों को सोने के घर बांटने वाला, शोषित वर्ग का मसीहा और महिलाओं के सम्मान का रक्षक दिखाकर उसकी इमजे को चमकाया जा रहा है. दूसरी तरफ मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के कैरेक्टर को कमजोर दिखाने की कोशिश की गई है, जिसे हिंदू समाज किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगा.

फिल्म के कई सीन और डायलॉग्स पर जताई गई कड़ी आपत्ति

थाने में दी गई शिकायत में फिल्म के कई खास सीन्स का जिक्र करते हुए नाराजगी जाहिर की गई है. आरोप है कि फिल्म में ताड़का और खर-दूषण की राक्षसी सेना के सामने अस्त्र-शस्त्र से लैस भगवान श्रीराम और लक्ष्मण को डरकर पीछे हटते और भागते हुए दिखाया गया है. इसके उलट निहत्थे रावण को अकेले ही एक विशाल सेना के सामने बिना डरे लड़ते हुए दिखाया गया है. इसके अलावा शूर्पणखा की नाक काटने वाले प्रसंग पर भी सवाल उठाए गए हैं. शिकायत के मुताबिक, फिल्म में माता सीता को लक्ष्मण को डांटते हुए दिखाया गया है, ‘तुम्हें किसी भी स्त्री का रूप बिगाड़ने का कोई अधिकार नहीं है’.

लक्ष्मण के किरदार और काल्पनिक प्रसंगों पर भी उठे गंभीर सवाल

हिंदू जनजागृति समिति ने अपनी शिकायत में ये भी कहा है कि फिल्म में भगवान श्रीराम को खर-दूषण जैसे राक्षसों से माफी मांगते हुए दिखाया गया है, जो कि पूरी तरह मनगढ़ंत है और इससे लोगों में काफी गुस्सा है. इसके अलावा, त्याग और सेवा के लिए जाने जाने वाले लक्ष्मण के किरदार को भी सही ढंग से पेश नहीं किया गया है. आरोप है कि फिल्म में लक्ष्मण को एक बदतमीज, अपने बड़ों और गुरुओं का मजाक उड़ाने वाले इंसान के तौर पर पेश किया गया है. संगठन का कहना है कि समाज के इन आदर्श और पूजनीय किरदारों की छवि को जानबूझकर बिगाड़ने की यह एक सोची-समझी साजिश है.

BNS की गंभीर धाराओं के तहत FIR दर्ज करने की मांग

मुलुंड पुलिस को दी गई शिकायत में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 299 और धारा 196 के तहत मामले की गहराई से जांच करके FIR दर्ज करने की बात कही गई है. इसमें धारा 299 का मतलब जानबूझकर किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना है, जबकि धारा 196 धर्म के नाम पर समाज में नफरत फैलाने से जुड़ी हुई है. शिकायत करने वाले ने पुलिस से मांग की है कि जांच को सही तरीके से आगे बढ़ाने के लिए फिल्म की पूरी कॉपी, उसकी स्क्रिप्ट और सभी डायलॉग मंगवाए जाएं. इसके साथ ही फिल्म के हर विवादित सीन की सही टाइमिंग को सबूत के तौर पर संभालकर रखने को कहा गया है.

पुलिस कार्रवाई न होने पर बड़े आंदोलन की दी गई चेतावनी

हिंदू जनजागृति समिति ने प्रशासन को साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा है कि कला की आजादी के नाम पर हिंदुओं के आराध्य देवताओं और पूजनीय किरदारों का अपमान अब सहन नहीं किया जाएगा. संगठन की मांग है कि मुंबई पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत निष्पक्ष जांच शुरू करे और प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा, डायरेक्टर नितेश तिवारी समेत सभी जिम्मेदार लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करे. समिति ने ये भी कहा कि अगर पुलिस की तरफ से इस मामले में जल्द ही कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो हिंदू समाज लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगा. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Vandana Saini

Vandana Saini

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो