SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

ब्रिटिश एयरवेज पर भड़के सुरों के जादूगर! अमेरिका टूर के बीच फ्लाइट में गुम हुए सरोद वादक अमजद अली खान के बेशकीमती म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट

मशहूर सरोद वादक और ग्रैमी विजेता अमजद अली खान इन दिनों अमेरिका के दौरे पर हैं. इस दौरान ब्रिटिश एयरवेज की लापरवाही के चलते उनके 6 बैग गायब हो गए हैं, जिनमें उनके बेशकीमती म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट रखे थे. अब उन्होंने सोशल मीडिया पर मदद की गुहार लगाई है.

Written By Vandana Saini
Published: Nov 13, 2026, 15:54 IST | Updated: Nov 13, 2026, 16:22 IST
Image Credit: ब्रिटिश एयरवेज की लापरवाही से गुम हुए अमजद अली खान के वाद्ययंत्र
Join

दुनिया भर में अपनी कला का लोहा मनवाने वाले मशहूर सरोद वादक उस्ताद अमजद अली खान ने सोशल मीडिया पर अपना गुस्सा जाहिर किया है. अमेरिका में अपने म्यूजिक टूर के दौरान उनके साथ एक बड़ा हादसा हो गया है. दरअसल, सफर के दौरान उनके 6 बैग कहीं गुम हो गए, जिनमें उनके बेशकीमती म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट रखे हुए थे. इस घटना के बाद से अमजद अली खान काफी चिंता में हैं, क्योंकि आने वाले दिनों में उनके कई बड़े शोज होने वाले हैं. शुक्रवार को उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट डालकर इस बात की जानकारी दी और अपनी नाराजगी जाहिर की. ब्रिटिश एयरवेज की इस लापरवाही ने हर किसी को हैरान कर दिया.

अमजद अली खान ने अपनी पोस्ट में सीधे तौर पर ब्रिटिश एयरवेज को टैग किया है और उनसे तुरंत मदद मांगी है. उन्होंने लिखा, ‘डियर ब्रिटिश एयरवेज, हम इस समय अमेरिका के दौरे पर हैं और हमारे म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट हमारे शोज के लिए बेहद जरूरी हैं. हमें अपने 6 देरी से चल रहे बैगों की तुरंत जरूरत है, जिनमें हमारे साज रखे हैं’. इसके अलावा उन्होंने एक और नोट शेयर करते हुए एयरलाइन से इसे सबसे पहली प्रायोरिटी देने की अपील की है. उनका कहना है कि उनके आने वाले सभी शोज पूरी तरह से इन्हीं कीमती म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट पर टिके हुए हैं. हैरानी की बात ये है कि अभी तक एयरलाइन की तरफ से कोई जवाब नहीं आया.

ग्रैमी अवार्ड जीतकर रचा था इतिहास

मशहूर सरोद वादक उस्ताद अमजद अली खान ने इसी साल फरवरी के महीने में म्यूजिर वर्ल्ड का सबसे बड़ा सम्मान यानी ग्रैमी अवार्ड जीतकर भारत का नाम रोशन किया था. उन्हें ये अवार्ड दलाई लामा के साथ मिलकर बेस्ट ऑडियो बुक, नरेशन और स्टोरीटेलिंग रिकॉर्डिंग कैटेगरी में मिला था. ये खास एल्बम ‘मेडिटेशन्स: द रिफ्लेक्शंस ऑफ हिज होलीनेस द दलाई लामा’ के नाम से रिलीज हुआ था. इस एल्बम में दलाई लामा ने शांति और लोगों की भलाई पर अपने विचार रखे थे, जिसमें अमजद अली खान और उनके दोनों बेटों अमान अली बंगश और अयान अली बंगश ने अपना शानदार म्यूजिक दिया था.

4000 करोड़ के बजट में 1000 रुपये का झूठ... रणबीर-यश की Ramayana पर भड़का ‘महाभारत’ के कृष्ण के बाद भीष्म पितामह का गुस्सा

दलाई लामा को बताया था मार्गदर्शक

इस बडी जीत के बाद उस्ताद अमजद अली खान ने एक इमोशनल बयान जारी कर अपनी खुशी जाहिर की थी. उन्होंने कहा था, ‘एक परिवार के तौर पर हम दलाई लामा के साथ इस खास एल्बम पर काम करके खुद को बहुत धन्य महसूस करते हैं. वे कई सालों से हमारे लिए एक मार्गदर्शक की तरह रहे हैं. शांति, करुणा और उम्मीद का उनका मैसेज न केवल हमारे म्यूजिक बल्कि हमारे जीवन को भी प्रेरणा देता है’. इसके बाद जून के महीने में अमजद अली खान अपने दोनों बेटों अमान और अयान के साथ धर्मशाला गए थे, जहां उन्होंने दलाई लामा के निवास पर जाकर उन्हें ये ग्रैमी अवार्ड भेंट किया था.

भारत के सर्वोच्च सम्मानों से हैं विभूषित

अमजद अली खान की गिनती दुनिया के सबसे महान भारतीय संगीतकारों में होती है, जिन्होंने सरोद को दुनियाभर में पहचान दिलाई है. भारतीय शास्त्रीय संगीत में उनके अतुलनीय योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें देश के तीन बडे नागरिक सम्मानों से नवाजा है. उन्हें साल 1975 में पद्म श्री, साल 1991 में पद्म भूषण और साल 2001 में देश के दूसरे सबसे बडे सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था. इसके अलावा उन्हें दुनिया भर के कई बड़े और प्रतिष्ठित मंचों पर अनगिनत पुरस्कार मिल चुके हैं. ऐसे दिग्गज कलाकार के सामान का इस तरह गायब होना वाकई एयरलाइन कंपनी के काम करने के तरीकों पर बडे सवाल खडे करता है.

शो रद होने का मंडरा रहा है खतरा

अब सबसे बडी चिंता ये है कि अगर ब्रिटिश एयरवेज ने जल्द से जल्द इन बैगों का पता नहीं लगाया, तो अमेरिका में होने वाले उनके लाइव कॉन्सर्ट पर बुरा असर पड सकता है. एक संगीतकार के लिए उसका म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट किसी जान से कम नहीं होता और किसी दूसरे साज पर वैसी धुन निकालना नामुमकिन होता है. सोशल मीडिया पर उस्ताद के फैंस भी ब्रिटिश एयरवेज की इस लापरवाही पर जमकर गुस्सा निकाल रहे हैं और जल्द सामान लौटाने की मांग कर रहे हैं. अब देखना ये होगा कि एयरलाइन प्रशासन कितनी तेजी दिखाता है और सुरों के इस जादूगर के कीमती साज सुरक्षित उन तक कब तक पहुंच पाते हैं.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES