)
दुनिया भर में अपनी कला का लोहा मनवाने वाले मशहूर सरोद वादक उस्ताद अमजद अली खान ने सोशल मीडिया पर अपना गुस्सा जाहिर किया है. अमेरिका में अपने म्यूजिक टूर के दौरान उनके साथ एक बड़ा हादसा हो गया है. दरअसल, सफर के दौरान उनके 6 बैग कहीं गुम हो गए, जिनमें उनके बेशकीमती म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट रखे हुए थे. इस घटना के बाद से अमजद अली खान काफी चिंता में हैं, क्योंकि आने वाले दिनों में उनके कई बड़े शोज होने वाले हैं. शुक्रवार को उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट डालकर इस बात की जानकारी दी और अपनी नाराजगी जाहिर की. ब्रिटिश एयरवेज की इस लापरवाही ने हर किसी को हैरान कर दिया.
अमजद अली खान ने अपनी पोस्ट में सीधे तौर पर ब्रिटिश एयरवेज को टैग किया है और उनसे तुरंत मदद मांगी है. उन्होंने लिखा, ‘डियर ब्रिटिश एयरवेज, हम इस समय अमेरिका के दौरे पर हैं और हमारे म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट हमारे शोज के लिए बेहद जरूरी हैं. हमें अपने 6 देरी से चल रहे बैगों की तुरंत जरूरत है, जिनमें हमारे साज रखे हैं’. इसके अलावा उन्होंने एक और नोट शेयर करते हुए एयरलाइन से इसे सबसे पहली प्रायोरिटी देने की अपील की है. उनका कहना है कि उनके आने वाले सभी शोज पूरी तरह से इन्हीं कीमती म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट पर टिके हुए हैं. हैरानी की बात ये है कि अभी तक एयरलाइन की तरफ से कोई जवाब नहीं आया.
Please treat this as an urgent priority, as our upcoming performances and professional commitments depend on them. We request your immediate attention and assistance in locating and delivering our baggage. Please help us resolve this urgently. 🙏 @British_Airways
— Amjad Ali Khan (@AAKSarod) November 13, 2026
मशहूर सरोद वादक उस्ताद अमजद अली खान ने इसी साल फरवरी के महीने में म्यूजिर वर्ल्ड का सबसे बड़ा सम्मान यानी ग्रैमी अवार्ड जीतकर भारत का नाम रोशन किया था. उन्हें ये अवार्ड दलाई लामा के साथ मिलकर बेस्ट ऑडियो बुक, नरेशन और स्टोरीटेलिंग रिकॉर्डिंग कैटेगरी में मिला था. ये खास एल्बम ‘मेडिटेशन्स: द रिफ्लेक्शंस ऑफ हिज होलीनेस द दलाई लामा’ के नाम से रिलीज हुआ था. इस एल्बम में दलाई लामा ने शांति और लोगों की भलाई पर अपने विचार रखे थे, जिसमें अमजद अली खान और उनके दोनों बेटों अमान अली बंगश और अयान अली बंगश ने अपना शानदार म्यूजिक दिया था.
इस बडी जीत के बाद उस्ताद अमजद अली खान ने एक इमोशनल बयान जारी कर अपनी खुशी जाहिर की थी. उन्होंने कहा था, ‘एक परिवार के तौर पर हम दलाई लामा के साथ इस खास एल्बम पर काम करके खुद को बहुत धन्य महसूस करते हैं. वे कई सालों से हमारे लिए एक मार्गदर्शक की तरह रहे हैं. शांति, करुणा और उम्मीद का उनका मैसेज न केवल हमारे म्यूजिक बल्कि हमारे जीवन को भी प्रेरणा देता है’. इसके बाद जून के महीने में अमजद अली खान अपने दोनों बेटों अमान और अयान के साथ धर्मशाला गए थे, जहां उन्होंने दलाई लामा के निवास पर जाकर उन्हें ये ग्रैमी अवार्ड भेंट किया था.

अमजद अली खान की गिनती दुनिया के सबसे महान भारतीय संगीतकारों में होती है, जिन्होंने सरोद को दुनियाभर में पहचान दिलाई है. भारतीय शास्त्रीय संगीत में उनके अतुलनीय योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें देश के तीन बडे नागरिक सम्मानों से नवाजा है. उन्हें साल 1975 में पद्म श्री, साल 1991 में पद्म भूषण और साल 2001 में देश के दूसरे सबसे बडे सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था. इसके अलावा उन्हें दुनिया भर के कई बड़े और प्रतिष्ठित मंचों पर अनगिनत पुरस्कार मिल चुके हैं. ऐसे दिग्गज कलाकार के सामान का इस तरह गायब होना वाकई एयरलाइन कंपनी के काम करने के तरीकों पर बडे सवाल खडे करता है.
अब सबसे बडी चिंता ये है कि अगर ब्रिटिश एयरवेज ने जल्द से जल्द इन बैगों का पता नहीं लगाया, तो अमेरिका में होने वाले उनके लाइव कॉन्सर्ट पर बुरा असर पड सकता है. एक संगीतकार के लिए उसका म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट किसी जान से कम नहीं होता और किसी दूसरे साज पर वैसी धुन निकालना नामुमकिन होता है. सोशल मीडिया पर उस्ताद के फैंस भी ब्रिटिश एयरवेज की इस लापरवाही पर जमकर गुस्सा निकाल रहे हैं और जल्द सामान लौटाने की मांग कर रहे हैं. अब देखना ये होगा कि एयरलाइन प्रशासन कितनी तेजी दिखाता है और सुरों के इस जादूगर के कीमती साज सुरक्षित उन तक कब तक पहुंच पाते हैं.