)
फेमस ग्रैमी अवॉर्ड विनर अमेरिकी रैपर 2 चेन्ज एक बड़े सड़क हादसे का शिकार हो गए हैं. इस हादसे में उनकी दो पसलियां टूट गई हैं. हालांकि, राहत की बात ये है कि अब वे खतरे से बाहर हैं और तेजी से रिकवर कर रहे हैं. रैपर ने खुद अपने इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए इस भयानक हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि ये हादसा तब हुआ जब सड़क पर अचानक एक जानवर आ गया और उसे बचाने के चक्कर में दूसरी गाड़ी ने उनकी कार को सीधी टक्कर मार दी. इस खबर के सामने आने के बाद से उनके दुनिया भर के फैंस काफी परेशान हैं और उनके जल्द से जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं.
इस भयानक कार एक्सीडेंट के बाद मशहूर रैपर 2 चेन्ज ने अपने सोशल मीडिया पर दुर्घटना वाली जगह का एक वीडियो भी शेयर किया है. इस वीडियो में रात के अंधेरे में एक बुरी तरह टूटी हुई ग्रे रंग की सेडान कार और एक ऑरेंज कलर की टेस्ला साइबरट्रक साफ नजर आ रहा है. टक्कर इतनी जोरदार थी कि सड़क पर चारों तरफ गाड़ियों के टूटे हुए हिस्से और मलबा बिखरा पड़ा है और वहां पुलिस की गाड़ियां भी खड़ी दिख रही हैं. इस भयानक हादसे ने फैंस को काफी डरा दिया था, लेकिन रैपर ने खुद सामने आकर अपनी हेल्थ की जानकारी दी, ताकि फेक न्यूज या कोई गलत अफवाह न फैले.
24 नवंबर को रैपर ने वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में फैंस का शुक्रिया अदा करते हुए लिखा, ‘मेरी तबीयत का हाल जानने के लिए मुझे लगातार बहुत सारे फोन और मैसेज आ रहे हैं, जो भी लोग मेरी फिक्र कर रहे हैं और मेरा हालचाल पूछ रहे हैं, मैं उन सभी का दिल से धन्यवाद करता हूं’. इसके आगे उन्होंने अफवाहों को खत्म करते हुए अपनी बात साफ की और कहा, ‘मैं अब पूरी तरह ठीक हूं और बस अपनी टूटी हुई पसलियों के साथ घर पर आराम कर रहा हूं. साफ कर दूं कि मैंने न तो शराब पी रखी थी, न ही मैं स्मोक कर रहा था, न मुझे नींद आई थी और न ही मेरी कार ऑटोपायलट मोड पर थी. असल में दूसरे ड्राइवर ने सड़क पर अचानक आए एक पोसम जानवर को बचाने के चक्कर में गाड़ी मोड़ी और सीधे मेरी कार को टक्कर मार दी. मुझे उम्मीद है कि अब आपके मन में चल रहे सारे सवालों के जवाब मिल गए होंगे’.
इस मामले में लोकल मीडिया चैनल फॉक्स 5 अटलांटा ने भी अपनी रिपोर्ट साझा की है. रिपोर्ट के मुताबिक, ये सड़क दुर्घटना 22 नवंबर को डाउनटाउन अटलांटा के आसपास कहीं हुई थी. हालांकि, पुलिस या प्रशासन की ओर से इस दुर्घटना को लेकर अभी तक कोई और ऑफिशियल जानकारी ऑनलाइन शेयर नहीं की गई है. 2 चेन्ज ने अपनी पोस्ट के आखिर में भगवान का शुक्रिया अदा करते हुए खुद को खुशकिस्मत बताया कि इतने बड़े हादसे के बाद भी उनकी जान बच गई. फिलहाल डॉक्टरों ने उन्हें पूरी तरह आराम करने की सलाह दी है और वह घर पर ही रहकर अपनी चोट से उबर रहे हैं.
म्यूजिक की दुनिया में मशहूर रैपर 2 चेन्ज इन दिनों अपने 8वें सोलो स्टूडियो एल्बम की तैयारियों में काफी बिजी चल रहे हैं. उनके इस नए एल्बम का नाम ‘प्लेयाज ओनली लिव वन्स’ रखा गया है, जिसे शुक्रवार 4 दिसंबर को रिलीज किया जाएगा. हालांकि, एल्बम के पूरे रिलीज होने से पहले ही 2 चेन्ज अपने चाहने वालों को चार शानदार गानों का तोहफा दे चुके हैं. इन गानों में कैश कोबेन और यंग न्यूडी के साथ गाया ‘रेन’, ‘अ वीक इन पेरिस’, बिग सीन, एरिका बाडू और आशेर सैंट के साथ ‘सिचुएशन’ और स्टेटिक सेलेक्टा के साथ ‘पॉप्स’ जैसे ट्रैक शामिल हैं. इन चारों गानों को मिल रहे अच्छे रिस्पॉन्स के बाद अब फैंस को इस पूरे एल्बम का बेसब्री से इंतजार है.
म्यूजिक की दुनिया में धूम मचाने के साथ ही 2 चेन्ज ने इसी साल मार्च में अपनी एक किताब भी लॉन्च की है. उनकी इस आत्मकथा का नाम ‘द वॉयस इन योर हेड इज गॉड’ है. इस बुक में उन्होंने स्टार बनने से पहले और बाद की अपनी जिंदगी के कई अनसुने किस्से फैंस के साथ शेयर किए हैं. रैपर ने अपने बचपन को याद करते हुए बताया है कि पिता के जेल जाने के बाद जॉर्जिया में उनकी मां ने अकेले ही उनकी परवरिश की. किताब में ये भी लिखा है कि जवानी के दिनों में वे गलत राह पर भटक गए थे, लेकिन भगवान पर भरोसे और सही गाइडेंस से उन्हें अपनी जिंदगी का असली मकसद मिल गया.