SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Exclusive: अखाड़ों में ही खुद को करता हूं ट्रेन... 'प्रताप' एक्टर अमित साध ने दिए ऐसे ही 7 सवालों के जवाब

एक्टर अमित साध ने अपने नए किरदार प्रताप, फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन, ईशा देओल संग काम करने के अनुभव, सोलो बाइक राइड्स और बॉलीवुड स्टार्स की सेफ्टी पर खुलकर बात की है. पढ़ें पूरी एक्सक्लूसिव कहानी.

Written By Alkesh Kushwaha
Published: Nov 20, 2026, 15:40 IST | Updated: Nov 20, 2026, 15:50 IST
Image Credit: जानिए कैसे अमित साध ने खुद को ढाला जेल वाले किरदार में और क्यों की प्रोड्यूसर की इतनी तारीफ (AI Photo)
Join

बॉलीवुड में कई एक्टर्स ऐसे होते हैं जो बस कैमरे के सामने आते हैं और डायलॉग बोलकर निकल लेते हैं, लेकिन अमित साध की वाइब ही थोड़ी अलग है. वह जब किसी किरदार को पकड़ते हैं तो उसकी गहराई में उतर जाते हैं और अपने हर जवाब में इतनी ईमानदारी रखते हैं कि पढ़ने वाले को लगता है जैसे कोई दोस्त सामने बैठकर दिल की बात बता रहा हो. जी न्यूज को दिए एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में अमित साध ने अपनी नई फिल्म 'प्रताप' से लेकर ईशा देओल के साथ काम करने के अनुभव, संघर्ष के दिनों, पहाड़ों वाली लाइफस्टाइल और बॉलीवुड स्टार्स की सेफ्टी तक हर मुद्दे पर बिना किसी फिल्टर के बात की है.

सवाल- 'प्रताप' का किरदार आपके अब तक निभाए गए किरदारों से कितना अलग है? इस रोल की मेंटली और फिजिकली तैयारी के लिए आपने खुद में क्या खास बदलाव किए?

जवाब- पहले तो यह हमेशा कोशिश रहती है कि मैं अलग-अलग तरीके काम करूं. सबसे पहले मैं स्क्रीनप्ले को देखता हूं. जब मैंने इस फिल्म का स्क्रीनप्ले देखा तो लगा कि उन्होंने एक नया दृष्टिकोण, एक नया पहलू, एक नया रास्ता दिखाया है, जो अभी तक नहीं दिखाया गया. जब इतना बड़ा पुलिसवाला सलाखों के पीछे आ जाता है, उसके साथ क्या होता है यह मुझे बड़ा इंट्रिस्टिंग लगा.

जहां तक प्रिपरेशन की बात है, इसमें मुझे लगा कि इसके दो अंश हैं. एक जब यह ड्यूटी पर है और इसकी लाइफ में सफलता है, सब कुछ अच्छा चल रहा है और दूसरा जब यह जेल में दो-तीन साल से पड़ा हुआ है. मैं चाहता था कि इसमें थोड़ा फिजिकली डिफरेंट रहूं. मैंने अपने प्रोड्यूसर प्रदीप भाई से कहा कि थोड़ा खर्चा होगा, लेकिन मैं चाहता हूं कि आप मुझे इसकी इजाजत दें. मैंने कहा कि मैं थोड़ा वजन कम करके चार-पांच किलो जेल वाला करना चाहता हूं, तो आप मुझे थोड़ा वक्त दीजिएगा. बॉडी बिल्डिंग नहीं, बल्कि पुलिस वालों जैसी बॉडी. मेरी वर्जिस भी वैसी ही है. मैं थोड़ा अखाड़ों में ही खुद को ट्रेन करता हूं. इसमें सिक्स पैक बनाने का टाइम नहीं होता. उन्होंने मुझे बोला कि तुम कर लो. वो थोड़े गट्सी प्रोड्यूसर हैं, इस तरह की कहानी को एक अलग दृष्टिकोण से बनाना, जब सब आसान रास्ता ढूंढ रहे होते हैं. कमर्शियल फिल्म बनाते हैं, जो ज्यादातर लोगों के लिए आसान रहता है. मुझे ऐसी फिल्म करना और इस फिल्म व किरदार को सपोर्ट करना अच्छा लगा. इस तरह की फिल्में करने के लिए प्रोड्यूसर की तारीफ करनी चाहिए.

सवाल- आप अपने किरदारों में पूरी तरह डूब जाने के लिए जाने जाते हैं. क्या 'प्रताप' की शूटिंग के दौरान कोई ऐसा सीन था जिसने आपको इमोशनली झकझोर दिया हो या कट बोलने के बाद भी आप उस किरदार से बाहर न निकल पाए हों?

जवाब- देखिए, आपको बता दूं कि जब एक सीन हो रहा था और किरदार अंडर ट्रायल में था, तो कई बार उसे अंदर से पॉजिटिव या अच्छी फीलिंग ज्यादा दिखानी पड़ती थी. दरअसल, हमारे काम की यही बात है कि आप अंदर क्या सोच रहे हैं या आप किरदार में हैं या नहीं, इससे किसी को कोई फर्क नहीं पड़ता. फर्क इस बात से पड़ता है कि स्क्रीन पर दिख क्या रहा है. क्या वह चीज गंभीर लग रही है, क्या वह सच्ची लग रही है? मेरा हमेशा यही प्रयास रहता है कि अपनी सोच और मेहनत से किरदार को इस तरह निभाऊं कि लगे कि यह वाकई जेल गया है. मेकअप से वैसा लगे या न लगे, वह डायरेक्टर की चिंता है. ऐसे सीन करते हुए इंसान फिजिकली थोड़ा थक जरूर जाता है. एक सीन था जब वह 'बेटा' बोलता है, वह चीज लोगों को भी काफी छूती है. ऐसा बिल्कुल नहीं है कि लोग घर जाते हैं, खाना खाते हैं और बस आगे बढ़ जाते हैं.

सवाल- सेट पर इशा देओल के साथ आपकी केमिस्ट्री कैसी रही? शूटिंग के दौरान का कोई ऐसा यादगार या मजेदार किस्सा जो आप दर्शकों के साथ साझा करना चाहें?

जवाब- ऐसा कुछ नहीं था, क्योंकि माहौल काफी सीरियस था. मैं कहूंगा कि मुझे उनके साथ काम करके बहुत अच्छा लगा. उनकी डिसिप्लिन, उनका पैशन और उनके अंदर जो विनम्रता है, साथ ही जिस तरह वह पूरी टीम के साथ सबकी इज्जत करती हैं और सबसे इतने प्यार से व पोलाइटली बात करती हैं, मुझे यह चीज किसी भी इंसान में बहुत अच्छी लगती है. उनमें मुझे यह खूब दिखी, वह वाकई बहुत पोलाइट हैं.

सवाल- टीवी की दुनिया से लेकर बड़े पर्दे या फिर ओटीटी तक का आपका सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है. जब आप पीछे मुड़कर देखते हैं, तो अपने संघर्ष के दिनों की किस बात पर आपको सबसे ज्यादा गर्व महसूस होता है?

जवाब- मेरी एक ऐसी पर्सनैलिटी है, जो मैं पलटकर देखता नहीं हूं. लेकिन कभी-कभी पलटकर देखना भी चाहिए और ऊपर वाले को थैंक्यू भी बोलना चाहिए. साथ ही जिन लोगों ने उस समय आपका हाथ पकड़ा, उनको हमेशा धन्यवाद देना चाहिए. अपने लिए मैं एक ही चीज बोलूंगा कि मैंने कभी हार नहीं मानी. न ही कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया.

सवाल- अक्सर देखा गया है कि आप काम से ब्रेक लेकर अपनी बाइक उठाते हैं और पहाड़ों की तरफ निकल पड़ते हैं. ये सोलो राइड्स आपको एक इंसान और एक अभिनेता के तौर पर कैसे रीचार्ज करती हैं?

जवाब- आप घर जाते हैं, काम करके सोते हैं, तो क्या वह ब्रेक है? संडे को अपने परिवार के साथ वक्त बिताते हैं, क्या वह ब्रेक है? आजकल की दुनिया भी बड़ी अजीब हो गई है, मेरी बात सुनकर लोग हंसेंगे. जब लोग खुद थोड़ा ध्यान देते हैं, जुड़ते हैं या छुट्टी पर जाते हैं तो हम उसे ब्रेक कह देते हैं. मैं परिवार के साथ जीता हूं, अपने दोस्तों के लिए खड़ा रहता हूं, जो चीज मुझे खुशी देती है मैं उसे जीता हूं. अपने काम में भी मैं जीता हूं. मैं यह सोचकर काम पर नहीं आता कि अब जी रहा हूं. पहाड़ों में जाता हूं, वहां भी जीता हूं. जहां भी अच्छा महसूस होता है और लगता है कि जीवन में आगे बढ़ना है तथा लोगों के साथ एक रिश्ता, एक भरोसा बन रहा है, मैं बस जीता हूं. मेरे लिए जिंदगी बहुत खूबसूरत चीज है.

सवाल- अब तक का आपका सबसे बेहतरीन और फेवरेट किरदार कौन सा था? और ऐसा कौन सा रोल है जो अब भी करना बाकी है?

जवाब- अभी तो बहुत कुछ बाकी है और बहुत कुछ किया है. आगे भी बहुत कुछ करना ही है.

सवाल- टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद बॉलीवुड स्टार्स को कई धमकियां आने लगी हैं. इस मामले और सुरक्षा को लेकर आपको क्या कहना है?

जवाब- देखिए, जो हुआ वह नहीं होना चाहिए था. वह बहुत गंभीर चीज है. मुझे उम्मीद है कि सभी को प्रशासन और मुंबई पुलिस पर पूरा भरोसा है. इंडिया की जो इंटेलिजेंस है और हमारे जो पुलिस फोर्स हैं, वे बहुत ही सक्षम हैं. मुझे लगता है कि वे इस घटना की तह तक जाएंगे और ऐसी घटनाओं पर जल्द ही रोक लगेगी. यह एक इंडस्ट्री है, जिसमें लाखों लोग काम कर रहे हैं और उनकी रोजी-रोटी चल रही है. मुझे लगता है कि हमारी सेफ्टी भी बहुत ज़रूरी है. प्रशासन इस मामले में अपना काम करेगा और जल्द से जल्द इस तरह की घटनाओं पर रोक लग जाएगी.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अल्केश कुशवाहा एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 14 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव है. वर्तमान में वे जी न्यूज हिंदी में चीफ सब-एडिटर के रूप में बॉलीवुड-वायरल सेक्शन संभाल रहे हैं. अल्केश की मुख्य विशेषज्ञता बॉलीवुड, एंटरटेनमेंट, वायरल सिनेमा ट्रेंड्स और सेलिब्रिटी एक्सक्लूसिव्स में है. साल 2012 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत करने वाले अल्केश ने दैनिक भास्कर, हिन्दुस्तान टाइम्स, राजस्थान पत्रिका और NDTV जैसे देश के अग्रिम मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. अल्केश ने अपने करियर में अर्जुन रामपाल, ऋचा चड्ढा और राजपाल यादव जैसी कई दिग्गज बॉलीवुड हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यूज किए हैं. फिल्म रिव्यू, बॉक्स ऑफिस एनालिसिस, सेलिब्रिटी गॉसिप्स और एंटरटेनमेंट ट्रेंड्स का इन-डेप्थ डेटा एनालिसिस करना उनका मजबूत पक्ष है. वे पाठकों तक बॉलीवुड जगत की हर छोटी-बड़ी खबर सटीक, निष्पक्ष और विश्लेषणात्मक तरीके से पहुंचाते हैं. आप अल्केश कुशवाहा से सीधे alkesh.kushwaha@zeemedia.com पर संपर्क कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES