इमरान हाशमी की 'राज' तो याद होगी? फिर बड़ा जादू बिखेरने को तैयार, नई हॉरर फिल्म 'रूह' से डराएंगे सीरियल किसर!
बॉलीवुड एक्टर इमरान हाशमी अपनी आने वाली म्यूजिकल हॉरर फिल्म 'रूह' में नजर आएंगे. इस फिल्म में डर के साथ रोमांस और शानदार संगीत का तड़का होगा. फिल्म 2027 में रिलीज होगी.
बॉलीवुड एक्टर इमरान हाशमी का नाम सुनते ही सबसे पहले उनकी जबरदस्त फिल्मों और उनके सुपरहिट गानों की याद आ जाती है. अब इमरान एक बार फिर से हॉरर जॉनर में अपनी धमाकेदार वापसी करने जा रहे हैं. उनकी आने वाली फिल्म 'रूह' को लेकर फैंस के बीच काफी क्रेज देखा जा रहा है.
इस फिल्म की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें सिर्फ डर या सस्पेंस नहीं होगा, बल्कि इसके साथ-साथ रोमांस और बेहतरीन संगीत का भी परफेक्ट मेल देखने को मिलेगा. इमरान का मानना है कि उनकी फिल्मों को हिट बनाने में म्यूजिक हमेशा से एक बड़ी ताकत रहा है, इसलिए इस फिल्म में भी गाने और बैकग्राउंड स्कोर पर खास ध्यान दिया जा रहा है.
म्यूजिक ही नहीं, कहानी का भी धांसू कनेक्शन
फिल्म के म्यूजिक को लेकर बात करते हुए इमरान हाशमी ने साफ किया है कि कुमार तौरानी के साथ काम करना उनके लिए पुराने दिनों की याद ताजा करने जैसा है. संगीत हमेशा से इस बात का अहम हिस्सा रहा है कि लोग उनकी फिल्मों से किस तरह इमोशनली कनेक्ट करते हैं. फिल्म 'रूह' के जरिए मेकर्स ऐसा म्यूजिक पेश करना चाहते हैं जो सीधे फिल्म की आत्मा को छू ले. यह फिल्म रोमांस, मिस्ट्री और भावनाओं के इर्द-गिर्द घूमती है, जो दर्शकों को स्क्रीन से बांधकर रखेगी.
कुमार तौरानी संग कैसा है इमरान का रिश्ता?
इस फिल्म के लिए टिप्स फिल्म्स और टिप्स म्यूजिक के हेड कुमार तौरानी ने इमरान हाशमी के साथ हाथ मिलाया है. दोनों मिलकर इस फिल्म को प्रोड्यूस कर रहे हैं. कुमार तौरानी ने इमरान के साथ अपने पुराने रिश्ते को याद करते हुए बताया कि इमरान की पहली फिल्म 'फुटपाथ' के प्रोड्यूसर भी वही थे. पिछले कुछ सालों में दोनों ने मिलकर कई यादगार फिल्में दी हैं. अब 'रूह' के जरिए वे एक बार फिर से उसी पुराने जादू को बड़े पर्दे पर दोहराना चाहते हैं. इस प्रोजेक्ट में उनके साथ सनी खन्ना और विक्रम खक्कर भी जुड़े हुए हैं, जिससे टीम और ज्यादा मजबूत हो गई है.
कौन कर रहा है डायरेक्शन?
किसी भी फिल्म की सफलता के पीछे उसके डायरेक्टर और राइटर का बहुत बड़ा हाथ होता है. फिल्म 'रूह' का निर्देशन मयंक शर्मा कर रहे हैं, जबकि इसकी कहानी विशाल कपूर और मयंक शर्मा ने मिलकर लिखी है. फिल्म में हॉरर और रोमांस का ऐसा तड़का देखने को मिलेगा जो आज के यूथ को बहुत पसंद आएगा.
विकेड फिल्म्स प्रोडक्शंस के विक्रम खाखर का कहना है कि यह प्रोजेक्ट उनकी टीम के लिए बहुत खास है. टिप्स जैसी बड़ी कंपनी का साथ मिलना उनके लिए एक बड़ी उपलब्धि है. वहीं प्रोड्यूसर सनी खन्ना ने बताया कि इस फिल्म को सिर्फ हिंदी ही नहीं, बल्कि तमिल और तेलुगु भाषाओं में भी रिलीज किया जाएगा, ताकि देश के अलग-अलग कोनों के दर्शक इस हॉरर-रोमांस का मजा ले सकें.
कब रिलीज होगी फिल्म और टीम में कौन है?
फिल्म 'रूह' को टिप्स फिल्म्स प्रस्तुत कर रहा है और यह विकेड फिल्म्स प्रोडक्शंस की फिल्म है. इसका निर्माण कुमार तौरानी, गिरीश कुमार, विक्रम खक्कर और सनी खन्ना मिलकर कर रहे हैं. इसके अलावा विकास साहनी इस फिल्म के को-प्रोड्यूसर हैं और इसका पूरा संगीत टिप्स म्यूजिक के बैनर तले तैयार किया जा रहा है. इमरान हाशमी के इस नए और डरावने अंदाज को देखने के लिए फिल्म साल 2027 में हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
(इनपुट आईएएनएस से भी)