SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

खामोश हुए मशहूर गिटार के तार: Duran Duran स्टार एंडी टेलर का 65 की उम्र में निधन, 4 मेटास्टैटिक प्रोस्टेट कैंसर से लड़ी लंबी लड़ाई

पॉपुलर बैंड 'ड्यूरन ड्यूरन' के गिटारिस्ट एंडी टेलर का 65 साल की उम्र में निधन हो गया. प्रोस्टेट कैंसर से लड़ते हुए उन्होंने दुनिया को अलविदा कहा. ‘रियो’ और ‘हंग्री लाइक द वुल्फ’ जैसे हिट गानों से उन्होंने म्यूजिक की दुनिया में कभी न मिटने वाली छाप छोड़ी.

Written By Jyoti Rajput
Published: Nov 26, 2026, 06:17 IST | Updated: Nov 26, 2026, 06:36 IST
Join

म्यूजिक की दुनिया से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. 80 के दशक के सबसे पॉपुलर ब्रिटिश पॉप बैंड 'ड्यूरन ड्यूरन' के गिटारिस्ट एंडी टेलर का 65 साल की उम्र में निधन हो गया है. एंडी वही कलाकार थे, जिनकी गिटार की धुनों ने बैंड के कई सुपरहिट गानों को पहचान दिलाई. 'रियो', 'हंग्री लाइक द वुल्फ' और 'द रिफ्लेक्स' जैसे गाने आज भी लोगों की जुबान पर रहते हैं. शुरुआती दौर में जब एमटीवी नया-नया आया था, तो उस समय एंडी और उनके बैंड ने अपने म्यूजिक और स्टाइल से दुनिया भर में जबरदस्त पहचान बनाई.

परिवार और बैंड के साथियों ने सोशल मीडिया और ऑफिशियल वेबसाइट के जरिए उनके निधन की जानकारी दी. बैंड ने इमोशनल होते हुए लिखा कि जब एंडी सिर्फ एक गिटार और बड़े सपनों के साथ नॉर्थ ईस्ट से बर्मिंघम आए थे, तभी से उन्होंने बैंड के म्यूजिक में एक खास जोश और जान भर दी थी. उनके गिटार की वजह से ही ग्रुप के गाने दुनिया के कोने-कोने में पहुंचे.

रॉक हॉल के स्टेज से गायब रहे थे एंडी

एंडी टेलर लंबे समय से एक गंभीर बीमारी से लड़ रहे थे. साल 2022 में उन्होंने खुद बताया था कि उन्हें स्टेज 4 मेटास्टैटिक प्रोस्टेट कैंसर है. ये बात तब सामने आई थी, जब 'ड्यूरन ड्यूरन' को रॉक एंड रोल हॉल ऑफ फेम में शामिल किया जा रहा था. तबीयत ठीक न होने के कारण वो इस खास पल में खुद वहां मौजूद नहीं रह सके थे. 

उनकी तरफ से एक लेटर पढ़ा गया, जिसमें उन्होंने अपने बैंड के साथियों का दिल से शुक्रिया अदा किया और साथ बिताए पलों को याद किया. उन्होंने लिखा था कि जो कुछ भी उनके साथ हुआ, उसकी शायद सिर्फ कल्पना ही की जा सकती थी, लेकिन दोस्तों के साथ इसे जीना किसी सपने के सच होने जैसा था.

MTV के दौर में चमका बैंड, हिट गानों ने बनाया सुपरस्टार

1980 में 'ड्यूरन ड्यूरन' ने अपने अलग अंदाज से लोगों का दिल जीत लिया था. इलेक्ट्रॉनिक धुन, स्टाइलिश लुक और शानदार म्यूजिक वीडियो ने उन्हें एक अलग पहचान दी. साल 1982 में आए उनके एल्बम ‘रियो’ ने अमेरिका और ब्रिटेन दोनों जगह धूम मचा दी. इसके बाद 'सेव अ प्रेयर', 'गर्ल्स ऑन फिल्म' और 'द वाइल्ड बॉयज' जैसे गानों ने उनकी पॉपुलैरिटी को और ऊंचाई पर पहुंचा दिया.

बैंड के सिंगर साइमन ले बॉन पहले भी मान चुके हैं कि म्यूजिक वीडियो ने उनके गानों को दुनिया भर की ऑडियंस तक पहुंचाने में बड़ा रोल निभाया. खुद एंडी ने भी कहा था कि शायद एमटीवी के बिना उनके लिए ये सफर इतना आसान नहीं होता.

कई बार बदले सफर के मोड़

एंडी टेलर का सफर साल 1978 में बर्मिंघम से शुरू हुआ था, जब जॉन टेलर और निक रोड्स ने ग्रुप बनाया. बाद में साइमन ले बॉन और ड्रमर रोजर टेलर के जुड़ने से पांच मेंबर्स की ओरिजिनल टीम तैयार हुई. हालांकि, इस लंबे सफर में उतार-चढ़ाव भी खूब आए. साल 1986 में ‘नोटोरियस’ एल्बम के शुरुआती काम के बाद एंडी ग्रुप से अलग हो गए और कई साल दूर रहे.

साल 2004 में ‘एस्ट्रोनॉट’ एल्बम के लिए उनकी वापसी हुई, लेकिन साल 2007 में ‘रेड कार्पेट मैसेकर’ के दौरान उन्होंने फिर दूरी बना ली. 'ड्यूरन ड्यूरन' के अलावा उन्होंने रॉबर्ट पामर के साथ ‘पावर स्टेशन’ नाम के सुपरग्रुप में भी काम किया और 2023 में ‘मैन्स ए वुल्फ टू मैन’ नाम से अपना सोलो एल्बम भी निकाला.

परिवार के लिए हमेशा समर्पित रहे एंडी

अपने पीछे एंडी टेलर पत्नी ट्रेसी, चार बच्चों और पोते एल्बी को छोड़ गए हैं. परिवार ने उन्हें एक बेहद प्यार करने वाले पति और जिम्मेदार पिता के तौर पर याद किया है. उनके बयान में कहा गया कि म्यूजिक की दुनिया में उन्हें चाहे जितनी भी कामयाबी और यादें मिली हों, लेकिन उनके लिए परिवार हमेशा सबसे ऊपर रहा. एंडी के जाने से न सिर्फ उनके परिवार और बैंड के साथियों को गहरा सदमा लगा है, बल्कि उनके चाहने वालों के बीच भी एक खालीपन सा आ गया है.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ज्योति सिंह राजपूत जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले 1 साल से ज्यादा से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. दैनिक जागरण प्रिंट और सहारा न्यूज नेटवर्क में ट्रेनिंग लेने के बाद अब Zee News में काम कर रही हैं. कुछ समय तक लाइफस्टाइल की खबरों में काम करने के बाद अब एंटरटेनमेंट में काम कर रही हैं. वहीं हॉलीवुड की खबरों और फिल्मों पर पैनी नजर रखती हैं. उन्होंने पंडित माखनलाल चतुर्वेदी नेशनल यूनिवर्सिटी (MCU) से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में मास्टर डिग्री हासिल की है. आप Jyoti.Rajput@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES