'दृश्यम' से 'दृश्यम 3' तक 11 साल में कितना बदले अजय देवगन? हिट-फ्लॉप से समझिए स्टारडम का पूरा सफर
Ajay Devgn: ‘दृश्यम’ से ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन' तक अजय देवगन के 11 साल के बॉक्स ऑफिस सफर में कई उतार-चढ़ाव देखने को मिले. इस दौरान उनकी कई फिल्में हिट साबित हुईं, तो कई फ्लॉप. ऐसे में अब गांधी जयंती के खास मौके पर रिलीज हो रही 'दृश्यम 3' पर हर किसी की नजरें टिकी हुई हैं.
Drishyam 3 Box Office Analysis: बॉलीवुड सुपरस्टार अजय देवगन की फिल्म 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' कल 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है. यह कहानी साल 2015 में शुरू हुई थी. तब शायद किसी ने ये नहीं सोचा था कि एक साधारण परिवार, पुलिस की जांच और विजय सालगांवकर की कहानी आगे चलकर हिंदी सिनेमा की सबसे फेमस फ्रेंचाइजी बन जाएगी और इसके पार्ट्स का फैंस दिल थामकर इंतजार करेंगे. इस 11 साल के सफर में अजय देवगन ने कई ब्लॉकबस्टर भी दीं और कई फ्लॉप भी झेलीं. फिर भी उनका स्टारडम धमाकेदार बना हुआ है. अब 'दृश्यम 3' उनकी सबसे बड़ी परीक्षा है?
फिल्म 'दृश्यम 3' के लिए रिलीज की तारीख काफी सोच-समझकर तय की गई है. फ्रेंचाइजी में विजय सलगांवकर का अलिबाई 2 अक्टूबर को परिवार के साथ की गई एक ट्रिप पर टिका है और अजय देवगन ने इस फिल्म का ऐलान करते हुए इसका जिक्र भी किया था. यानी सोचने वाली बात ये है कि कहानी जिस तारीख से शुरू हुई थी, अब उसी पर खत्म होगी. 2 अक्टूबर को राष्ट्रीय छुट्टी के बाद वीकेंड मिलाकर फिल्म के पास ओपनिंग पीरियड में कमाई करने का जबरदस्त मौका है.
2015 में आया अजय देवगन के करियर में नया मोड़?
साल 2015 में हिंदी फिल्म 'दृश्यम' निशिकांत कामत के निर्देशन में बनी थी, जो साल 2013 में आई मलयालम फिल्म की रीमेक थी. हिंदी वर्जन में अजय देवगन, तब्बू और श्रिया सरन नजर आए थे. हालांकि फिल्म की शुरुआत काफी धीमी थी. फिल्म ने पहले दिन 5.85 करोड़ रुपये की कमाई की थी और पहले वीकेंड में 37.95 करोड़ रुपये की कमाई की थी. बॉक्स ऑफिस इंडिया ने इसकी नेट कमाई करीब 68.66 करोड़ रुपये बताई है और इसे 'एवरेज' कहा. वहीं, कुछ दूसरी रिपोर्ट में फिल्म को सेमी-हिट का दर्जा दिया गया. जिसके चलते हमारी स्टोरी के लिए इसे सेमी-हिट कहना ठीक रहेगा. क्योंकि जो फिल्म धीमे शुरू होकर टिकी रही, उसने ऐसा किरदार दिया, जिस पर बाद में पूरी फ्रेंचाइजी बन गई. खैर, उस वक्त किसी ने नहीं सोचा था कि विजय सलगांवकर अजय का सबसे भरोसेमंद किरदार बन जाएगा.
दिलचस्प बात ये है कि 'दृश्यम' कोई ऐसी फिल्म नहीं थी, जिसने अजय देवगन को पहले ही दिन के आंकड़ों से बड़ा बॉक्स ऑफिस स्टार साबित कर दिया हो, बल्कि इसका मॉडल काफी अलग था. कमाई की रफ्तार धीरे-धीरे बढ़ी और फिल्म ने अपनी ऑडियंस बनाई. वहीं, आज पीछे मुड़कर देखा तो यही फिल्म अजय देवगन के 11 साल के सफर की अहम शुरुआत दिखाई देती है.
क्या 'दृश्यम' के बाद फिर चमकी अजय की किस्मत?
'दृश्यम' के बाद 'शिवाय' और 'बादशाहो' जैसी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर एवरेज ही प्रदर्शन कर पाई थीं. इसके बाद रोहित शेट्टी की कॉमेडी फिल्म 'गोलमाल अगेन' (2017) से अजय देवगन ने शानदार वापसी की. आमिर खान की 'सीक्रेट सुपरस्टार' से बॉक्स ऑफिस टक्कर के बावजूद यह फिल्म साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल हुई, जिसका डोमेस्टिक नेट कलेक्शन लगभग 205.5 करोड़ से 244 करोड़ रुपये और वर्ल्डवाइड ग्रॉस 310.98 करोड़ रुपये रहा. इसी दौर में 'रेड' (103 करोड़ रुपये, हिट), 'टोटल धमाल' (सुपरहिट) और 'दे दे प्यार दे' (143.04 करोड़ रुपये वर्ल्डवाइड) जैसी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर उनके दबदबे को बनाए रखा.
'तान्हाजी' ने कैसे रचा नया इतिहास?
10 जनवरी 2020 को रिलीज हुई ऐतिहासिक फिल्म 'तान्हाजी: द अनसंग वॉरियर' अजय देवगन के करियर का सबसे बड़ा स्टैंडअलोन माइलस्टोन साबित हुई. भारत में लगभग 269.77 से 279.55 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन और बॉलीवुड हंगामा के अनुसार 304.09 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कमाकर यह फिल्म ब्लॉकबस्टर रही. इसने यह साफ कर दिया कि अजय देवगन की थिएट्रिकल वैल्यू सिर्फ 'दृश्यम' या 'सिंघम' जैसी फ्रेंचाइजी फिल्मों तक सीमित नहीं है, बल्कि मजबूत किरदार, बेहतरीन कहानी और बड़े पैमाने (स्केल) के साथ वे फ्रेंचाइजी के बिना भी बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक सफलता हासिल कर सकते हैं.
कोविड के बाद बॉक्स ऑफिस पर क्या बदलाव आया?
महामारी के बाद का दौर अजय देवगन के लिए काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा. 'रनवे 34' (32 करोड़ रुपये) और त्योहारी सीजन में आई 'थैंक गॉड' (30.75 से 35 करोड़ रुपये) जैसी फिल्में फ्लॉप साबित हुईं. हालांकि, इस बीच 'दृश्यम 2' ने बॉक्स ऑफिस के सारे समीकरण बदल दिए. पहले वीकेंड में 64 करोड़ रुपये और पहले हफ्ते में 104.66 करोड़ रुपये कमाकर इस फिल्म ने देश में 241 करोड़ रुपये नेट और वर्ल्डवाइड लगभग 4.5 करोड़ डॉलर का कलेक्शन किया. उस समय यह कोविड के बाद अजय देवगन की इकलौती सुपरहिट फिल्म बनी थी.
हालिया फिल्मों की कमाई का गणित क्या कहता है?
साल 2023 में आई फिल्म 'भोला' लगभग 90 करोड़ रुपये कमाकर 'लूजिंग' रही, जबकि 2024 की शुरुआत में आई हॉरर-थ्रिलर फिल्म 'शैतान' ने 150 करोड़ रुपये नेट कमाकर साल की पहली हिट का दर्जा हासिल किया. इसके विपरीत, ईद पर रिलीज हुई बड़े बजट (250 करोड़ रुपये) की फिल्म 'मैदान' महज 71 करोड़ रुपये ही समेट सकी और 'औरों में कहां दम था' सिर्फ 12 करोड़ रुपये पर सिमट गई. वहीं नवंबर 2024 में आई 'सिंघम अगेन' ने 43.70 करोड़ रुपये की अजय के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग दर्ज की, लेकिन 300 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट के कारण इसका वर्डिक्ट एवरेज से फ्लॉप की बहस में उलझ गया.
11 सालों में कैसा रहा अजय देवगन का रिपोर्ट कार्ड?
पिछले 11 सालों में अजय देवगन का करियर ग्राफ सीधी लाइन न होकर उतार-चढ़ाव से भरा रहा है. साल 2015 की 'दृश्यम' (₹67.13 करोड़, सेमी-हिट) से शुरू होकर 2020 की 'तानाजी' (₹279.55 करोड़, ब्लॉकबस्टर), 2022 की 'दृश्यम 2' (₹240.54 करोड़, ब्लॉकबस्टर), 2024 की 'शैतान' (₹149.49 करोड़, सुपर-हिट), 2025 की 'रेड 2' (₹178.08 करोड़, हिट) और 2026 की 'धमाल 4' (₹163.80 करोड़, हिट) जैसी सफल फिल्में उनके खाते में आईं. वहीं दूसरी ओर 'रनवे 34', 'थैंक गॉड', 'मैदान' और 'सन ऑफ सरदार 2' जैसी फिल्मों को फ्लॉप का सामना करना पड़ा.
किन फिल्मों में दिखा अजय देवगन का सबसे मजबूत जलवा?
इस 11 साल के करियर ग्राफ में एक बात लगातार दिखाई देती है. जब भी अजय देवगन को एक मजबूत फ्रेंचाइजी, जाना-पहचाना पॉपुलर किरदार या स्पष्ट ऑडियंस कनेक्ट मिला, तो उनका बॉक्स ऑफिस रिस्पांस बेहद शानदार रहा. यही वजह है कि 'दृश्यम 3' की कहानी सिर्फ यह नहीं है कि फिल्म कितने करोड़ कमाएगी, बल्कि इसका दायरा कहीं अधिक बड़ा है.
क्या 'दृश्यम' अजय के लिए लकी चार्म है?
हालांकि, देखा जाए तो जब अजय देवगन के करियर पर सबसे ज्यादा दबाव था, तब 'दृश्यम 2' ने उन्हें संभाला था. 'रनवे 34' और 'थैंक गॉड' की नाकामी के तुरंत बाद आई इस फिल्म ने उनके स्टारडम पर लगे सवाल को एकदम से मिटा दिया था. 'दृश्यम' ब्रांड में किरदार और कहानी काफी अहम हैं. यहां अजय को एक आम आदमी के किरदार में काफी कम बजट में लाया जाता है. आईएमडीबी की एक लिस्ट में 'दृश्यम 2' का बजट 70 करोड़ रुपये और दुनियाभर में कमाई 343 करोड़ रुपये बताई गई है. इस तरह फिल्म का बड़े बजट की 'सिंघम अगेन' या 'मैदान' से कोई मेल नहीं है. हालांकि, 'सीक्वल हमेशा चलता है' वाली बात भी सच नहीं है. 'सन ऑफ सरदार 2', 'दे दे प्यार दे 2' और 'सिंघम अगेन' भी फिल्म के सीक्वल थे और तीनों फिल्में दर्शकों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई थीं. यानी फिल्म की असली ताकत ब्रांड का नाम नहीं, कंटेंट और फिल्म पर लगा पैसा भी है. 'दृश्यम 2' का फॉर्मूला यहीं काम करता है, क्योंकि यह थ्रिलर दर्शकों की दिलचस्पी को बनाए रखती है और बजट काबू में रहता है.
एडवांस बुकिंग में 'दृश्यम 3' का कितना जलवा है?
अजय देवगन स्टारर 'दृश्यम 3' का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ शुरुआत करने के लिए पूरी तरह तैयार है. सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म के छह शो-डेट्स में ब्लॉक सीट्स मिलाकर एडवांस ग्रॉस कमाई 39.37 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है, जबकि बिना ब्लॉक सीट्स के यह आंकड़ा 30.05 करोड़ रुपये पहुंच चुका है. केवल 2 अक्टूबर के शुरुआती शोज की बुकिंग ही 20 करोड़ रुपये के पार निकल चुकी है. अब तक 36 हजार शोज में 11 लाख से अधिक टिकटें बिक चुकी हैं और 85 शोज हाउसफुल हो चुके हैं. वहीं कोईमोई की रिपोर्ट के मुताबिक, 30 सितंबर सुबह 10 बजे तक पहले दिन की नेट एडवांस बुकिंग 8.8 करोड़ रुपये बताई गई थी. बुकिंग के मामले में दिल्ली-एनसीआर और बेंगलुरु सबसे मजबूत चल रहे हैं, जबकि शुरुआती रिपोर्ट में महाराष्ट्र सबसे बड़ा हिस्सेदार रहा है.
पिछली फिल्मों के टूटेंगे रिकॉर्ड?
ट्रेड एनालिस्ट्स इस फिल्म की ओपनिंग को लेकर काफी ज्यादा उत्साहित हैं. सुमित कड़ेल का अनुमान है कि फिल्म पहले दिन 45 से 55 करोड़ रुपये कमाई और पहले वीकेंड में 150 करोड़ का आंकड़ा पार कर सकती है. 'बॉलीवुड हंगामा' की रिपोर्ट में भी ओपनिंग 50 करोड़ रुपये और तीन दिनों में 160 करोड़ रुपये कमाने का अंदाजा लगाया है. दूसरी तरफ, गिरीश जौहर थोड़ा सतर्क रुख के साथ 35 से 40 करोड़ रुपये का अनुमान लगा रहे हैं. गौरतलब है कि 'दृश्यम 2' का पहला वीकेंड लगभग 64 करोड़ रुपये रहा था. अगर ये अनुमान सच साबित होते हैं तो यह 'सिंघम अगेन' को पछाड़कर अजय देवगन के करियर की अब तक की सबसे बड़ी ओपनर बन जाएगी.
फिल्म के कितने शोज होंगे रिलीज?
फिल्म की विशाल रिलीज का अंदाजा इसके शोज की संख्या से ही लगाया जा सकता है. भारत के 298 शहरों में शोज की संख्या 21,281 से बढ़कर अब 36 हजार शोज हो चुकी है. इसके अलावा ओवरसीज मार्केट में फिल्म 60 देशों में 1300 से अधिक स्क्रीन पर दिखाई जाएगी, जो अजय देवगन के करियर की अब तक की सबसे बड़ी अंतरराष्ट्रीय रिलीज है.
बॉक्स ऑफिस पर 'दृश्यम 3' को किससे मिलेगी टक्कर?
इतना ही नहीं, 2 अक्टूबर को टॉम क्रूज की 'डिगर' और वेंकटेश दग्गुबाती की एक तेलुगु फिल्म भी रिलीज हो रही हैं, लेकिन हिंदी भाषा के शहरों में उनकी कोई सीधी टक्कर नहीं मानी जा रही है. 16 अक्टूबर तक 'दृश्यम 3' के सामने 'प्रहार' और 'नई नवेली' आने तक कोई बड़ी हिंदी रिलीज नहीं है. इसके बाद बड़ा मुकाबला दिवाली से ठीक पहले (6 नवंबर या 5 नवंबर) रणवीर कपूर और यश की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' से होगा. तब तक 'दृश्यम 3' के सामने कोई बड़ी फिल्म नहीं है और बॉक्स ऑफिस पर बिना किसी बड़ी चुनौती के खुलकर कमाई करने का जबरदस्त मौका है.
'दृश्यम 3' पर किस बात का सबसे बड़ा दबाव है?
'दृश्यम 3' पर इस समय दोतरफा दबाव बना हुआ है. एक तरफ दर्शकों को 'दृश्यम 2' जैसे हैरान कर देने वाले क्लाइमैक्स की उम्मीद है, तो दूसरी तरफ फिल्म की एक बहुत बड़ी ओपनिंग का अनुमान लगाया जा रहा है. अगर फिल्म के शुरुआती रिव्यू औसत रहते हैं, तो दूसरे हफ्ते में कमाई पर दबाव बढ़ सकता है. वीकेंड के बाद के आंकड़े ही असली कहानी बयां करेंगे.
मलयालम फिल्म और स्टार कास्ट की क्या है ताकत?
हिंदी 'दृश्यम' मलयालम फ्रेंचाइजी की रीमेक है. मोहनलाल स्टारर मलयालम 'दृश्यम 3' ने 237.70 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की थी और इसके चौथे पार्ट की भी पुष्टि हो चुकी है. हिंदी वर्जन के निर्देशक अभिषेक पाठक की वापसी हुई है. अजय देवगन के साथ तब्बू, श्रिया सरन, रजत कपूर और प्रकाश राज लीड किरदार में नजर आएंगे. इस बार जयदीप अहलावत एक नए और अहम किरदार में जुड़े हैं, हालांकि, उन्होंने साफ कहा कि ये अक्षय खन्ना का रिप्लेसमेंट नहीं हैं.
दुनियाभर में कैसे फैला 'दृश्यम' का ग्लोबल ब्रांड?
'दृश्यम' अब सिर्फ भारत तक सीमित न रहकर एक ग्लोबल ब्रांड बन चुका है. निर्देशक अभिषेक पाठक के अनुसार, कोरियाई रीमेक जल्द ही प्रोडक्शन में जाने वाला है (जिसका निर्देशन डोक नोह कर रहे हैं और यह पनोरमा स्टूडियोज व एंथोलॉजी स्टूडियोज की साझेदारी है). इसके अलावा स्पैनिश और हॉलीवुड वर्जन पर भी काम जारी है. 'दृश्यम' इंडोनेशियाई और कोरियाई भाषा में रीमेक होने वाली पहली भारतीय फिल्म बन गई है. इससे पहले चीनी रीमेक 'शीप विदआउट अ शेफर्ड' (2019) दुनियाभर में 19.9 करोड़ डॉलर की बंपर कमाई कर चुका है.
क्या 'दृश्यम 3' देगी अजय देवगन को नई ब्लॉकबस्टर?
इस सवाल का सटीक जवाब 2 अक्टूबर के बाद ही आने वाले बॉक्स ऑफिस नंबर्स देंगे. हालांकि, रिलीज से पहले के ट्रेंड्स को देखें तो फिल्म के पास एक दमदार ओपनिंग के लिए कई मजबूत फैक्टर मौजूद हैं. पहले दो हिस्सों की पहचान, विजय सालगांवकर के किरदार का क्रेज, फ्रेंचाइजी रिकॉल, गांधी जयंती की छुट्टी और मजबूत एडवांस बुकिंग.
गांधी जयंती की छुट्टी का फिल्म को कितना लाभ मिलेगा?
फिल्म 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के खास मौते पर रिलीज हो रही है और इस दिन शुक्रवार भी पड़ रहा है. पब्लिक हॉलिडे होने के वजह से फिल्म को आम शुक्रवार की तुलना में ज्यादा दर्शकों की संख्या का फायदा मिलेगा. शुक्रवार के बाद शनिवार और रविवार होने के वजह से फिल्म अच्छी खासी कमाई कर सकती हैं.