)
अजय देवगन की मोस्ट अवेटेड सस्पेंस थ्रिलर फिल्म ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ (Drishyam 3) सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह रेडी है. अभिषेक पाठक के डायरेक्शन में बनी इस फैमिली ड्रामा फिल्म को लेकर लोगों के बीच भी काफी क्रेज देखा जा रहा है. फिल्म में अजय देवगन के साथ श्रिया सरन, तब्बू, जयदीप अहलावत, प्रकाश राज, रजत कपूर और इशिता दत्ता जैसे मंझे हुए कलाकार नजर आने वाले हैं. बड़े पर्दे पर विजय सालगांवकर की नई कहानी देखने के लिए लोग बेताब हैं. यही वजह है कि एडवांस बुकिंग खुलते ही टिकट खरीदने वालों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है.
पिंकविला की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार रात 11 बजे तक देश की दो सबसे बड़ी नेशनल मल्टीप्लेक्स चेन्स पीवीआर आईनॉक्स और सिनेपॉलिस में फिल्म के करीब 76,000 टिकट पहले दिन के लिए बिक चुके हैं. आंकड़ों पर नजर डालें तो अकेले पीवीआर आईनॉक्स में करीब 60,000 टिकटों की बुकिंग हो चुकी है. वहीं, सिनेपॉलिस में अब तक लगभग 16,000 टिकट बिक चुके हैं. टिकटों की ये तेज बिक्री साफ बताती है कि फिल्म को लेकर माहौल पूरी तरह बन चुका है. मेकर्स और ट्रेड पंडितों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में ये रफ्तार और तेजी से बढ़ सकती है.
ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि रिलीज के ठीक पहले के वक्त में टिकटों की बिक्री में जोरदार उछाल देखने को मिलेगा. ये फिल्म इस साल की सबसे बड़ी एडवांस बुकिंग वाली फिल्मों में शामिल होने की ओर बढ़ रही है. इसके साथ ही फिल्म को 2 अक्टूबर की गांधी जयंती की राष्ट्रीय छुट्टी का भी तगड़ा फायदा मिलने वाला है. पिंकविला प्रेडिक्ट्स के मुताबिक, ‘दृश्यम 3’ पहले दिन भारत में 50 से 60 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर सकती है. उनके मुताबिक इसका पिनपॉइंट अनुमान करीब 55 करोड़ रुपये का है. अगर यही रफ्तार बनी रही तो ये आंकड़ा और बढ़ सकता है.
घरेलू बॉक्स ऑफिस के अलावा विदेशी बाजारों में भी फिल्म की एडवांस बुकिंग शानदार परफॉर्म कर रही है. ओवरसीज सर्किट में इसे जिस तरह का रिस्पॉन्स मिल रहा है, उससे लगता है कि ये अजय देवगन के करियर की अब तक की सबसे बड़ी विदेशी ओपनिंग साबित हो सकती है. कहानी को लेकर बना सस्पेंस और पिछली दो फिल्मों की पॉपुलैरिटी विदेश में रह रहे भारतीय ऑडियंस को भी सिनेमाघरों की तरफ खींच रही है. एडवांस बुकिंग के ये आंकड़े इशारा कर रहे हैं कि फिल्म दुनियाभर में कमाई के कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम करने की तैयारी में है.
इस शानदार फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म ‘दृश्यम’ 2015 को रिलीज हुई थी, जिसका डायरेक्शन दिवंगत निशिकांत कामत ने किया था. उस फिल्म में अजय देवगन, तब्बू, श्रिया सरन, इशिता दत्ता, मृणाल जाधव और रजत कपूर लीड रोल में नजर आए थे. करीब 38 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ बनाई थी. बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने भारत में 67.13 करोड़ रुपये नेट और 93.24 करोड़ रुपये ग्रॉस कमाए थे. वहीं, विदेश में 42.68 करोड़ रुपये ग्रॉस कमाते हुए इसका कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 135.92 करोड़ रुपये रहा था.
फ्रेंचाइजी की दूसरी कड़ी ‘दृश्यम 2’ 18 नवंबर 2022 को रिलीज हुई थी और इसका डायरेक्शन अभिषेक पाठक ने किया था. इस फिल्म में पुरानी स्टारकास्ट के साथ अक्षय खन्ना की एंट्री ने कहानी में नया रोमांच भर दिया था. करीब 50 करोड़ रुपये के बजट वाली इस फिल्म ने टिकट खिड़की पर सुनामी ला दी थी. फिल्म ने भारत में 240.54 करोड़ रुपये नेट और 286.36 करोड़ रुपये ग्रॉस का जबरदस्त बिजनेस किया था. वहीं ओवरसीज में 58.69 करोड़ रुपये ग्रॉस जोड़कर इसका कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 345.05 करोड़ रुपये पहुंच गया था, जिसने इसे ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर बना दिया.