Drishyam 3 Review: अजय देवगन का दमदार अंदाज, जयदीप अहलावत की एक्टिंग ने चौंकाया, ‘दृश्यम 3’ का पहला रिव्यू आया सामने
Drishyam 3 First Review: 'दृश्यम 3' की स्पेशल स्क्रीनिंग के बाद तरण आदर्श ने इसे 4.5 स्टार रेटिंग देते हुए 2026 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर बताया है. अजय देवगन और जयदीप अहलावत का टकराव और सस्पेंस से भरा क्लाइमैक्स दर्शकों को बांधे रखेगा. जानिए पूरा रिव्यू-
Drishyam 3 First Review: 'दृश्यम' और 'दृश्यम 2' के जबरदस्त सस्पेंस के बाद अब 'दृश्यम 3' से दर्शकों को भारी उम्मीदें थीं. स्पेशल स्क्रीनिंग के बाद सामने आए शुरुआती रिएक्शंस और ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के रिव्यू से साफ है कि यह फिल्म पिछली दोनों फिल्मों से ज्यादा इंटेंस और बेहतर है. तरण आदर्श ने फिल्म को 4.5 स्टार रेटिंग देते हुए एक्स्ट्राऑर्डिनर करार दिया है.
हाल ही में उन्होंने दावा किया कि कहानी और कलाकारों का अभिनय फिल्म में इतना शानदार है कि दर्शक अपनी सीट से उठ भी नहीं पाएंगे. यह फिल्म 'दृश्यम' फ्रेंचाइजी की सबसे बेहतरीन कड़ी साबित हो सकती है, जो इसे साल 2026 की सबसे बड़ी फिल्मों में शामिल करती है.
अभिषेक पाठक ने निर्देशन में क्या खास?
फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है. तरण आदर्श ने उनकी तारीफ करते हुए पोस्ट में लिखा कि उन्होंने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वे आज के बेहतरीन कहानीकारों में से एक क्यों हैं. वे फ्रेंचाइजी की नब्ज समझते हैं और पुराने फॉर्मूले को दोहराए बिना कहानी को आगे बढ़ाते हैं. असल में निर्देशन और लेखन फिल्म के दो सबसे मजबूत पिलर हैं. सबसे बड़ी बात फर्स्ट हाफ में अजय देवगन और जयदीप अहलावत का आमाना-सामना है, जिसके लिए स्टैंडिंग ओवेशन (खड़े होकर तालियां) बनती है.
क्या उम्मीदों पर खरा उतरा फिल्म का क्लाइमैक्स?
फिल्म में कोर्टरूम के सीन भी बड़ी खासियत हैं. प्रकाश राज का अजय देवगन और उनके परिवार के साथ वाला पहला सीन कहानी में जान डाल देता है. सबसे अहम बात यह है कि क्या इसका क्लाइमैक्स दर्शकों को संतुष्ट करता है? तरण आदर्श के मुताबिक, इसका फाइनल बहुत जबरदस्त, बांधकर रखने वाला और पूरी तरह से संतुष्टि देने वाला है, जो लोगों की भारी उम्मीदों पर खरा उतरता है.
यह भी पढ़ें- 'दृश्यम' से 'दृश्यम 3' तक 11 साल में कितना बदले अजय देवगन? हिट-फ्लॉप से समझिए स्टारडम का पूरा सफर
कलाकारों की एक्टिंग में कितना है दम?
विजय सलगांवकर के रोल में अजय देवगन ने एक बार फिर कमाल का काम किया है. वहीं, फिल्म में जयदीप अहलावत की एंट्री सबसे बड़ी खासियत में से एक है. इंटरवल से ठीक पहले अजय देवगन और जयदीप अहलावत का सीन दर्शकों को इसे बार-बार देखने पर मजबूर कर देगा. तब्बू के किरदार में गुस्सा, दुख, बदला और पक्की इरादा साफ नजर आता है. प्रकाश राज का दबदबा और स्क्रीन प्रेजेंस कहानी में वजन जोड़ता है. श्रेया शरण जबरदस्त फॉर्म में नजर आएंगी, जबकि रजत कपूर, कमलेश सावंत, इशिता दत्ता और मृणाल जाधव ने भी अपने-अपने रोल बखूबी निभाए हैं.
क्या बॉक्स ऑफिस पर राज करेगी 'दृश्यम 3'?
अजय देवगन की फिल्म की कहानी में भले ही संगीत की कोई गुंजाइश न हो, लेकिन इसका बैकग्राउंड स्कोर सस्पेंस और ड्रामा को काफी बढ़ा देता है. ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श का मानना है कि 'दृश्यम 3' यकीनन लोगों के दिलों और बॉक्स ऑफिस दोनों पर राज करेगी. यह एक ऐसा फिनाले है जो हर मामले में उम्मीदों पर खरा उतरता है.