दिलजीत दोसांझ के मुंबई कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, 5 गेटों पर होगी चेकिंग; 700 मीटर तक नो-कार जोन!
बम की धमकी के बीच मुंबई में होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. इसके लिए 1,500 से ज्यादा प्राइवेट सुरक्षाकर्मी को तैनात किया जाएगा. इसके साथ ही अतिरिक्त जांच और ट्रैफिक पर पाबंदियां भी लागू की जाएंगी.
पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ के मुंबई कॉन्सर्ट को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है, लेकिन इसके बावजूद ये इवेंट तय योजना के मुताबिक ही होगा. 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स में होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के लिए सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है. यहां करीब 1,500 से अधिक प्राइवेट सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया जाएगा और अन्य एहतियाती कदम को भी उठाया जाएगा.
दरअसल, हाल ही में 'मिड-डे' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, दिलजीत दोसांझ के मुंबई कॉन्सर्ट को मिली धमकी को देखते हुए, अधिकारी यह सुनिश्चित करने के लिए बड़े कदम उठा रहे हैं कि कोई बाहरी इवेंट को खराब न कर सके. मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े को कई ईमेल मिले, जिनमें दिलजीत के मुंबई कॉन्सर्ट को संभावित निशाना बताया गया था. पुलिस ने कार्यक्रम स्थल की जांच भी की है और वहां कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है. एक सूत्र ने इस दिन की सुरक्षा व्यवस्था की पुष्टि भी की है.
'पांच गेटों पर होगी चेकिंग'
वहीं रिपोर्ट में एक एक सूत्र ने जानकारी देते हुए बताया कि 'आमतौर पर तीन गेटों पर चेकिंग होती है, लेकिन इस बार पांच गेटों पर चेकिंग की जाएगी. कार्यक्रम वाले दिन और उससे एक दिन पहले आयोजन स्थल पर सुरक्षा जांच की जाएगी.' मुंबई पुलिस ने 30 अक्टूबर को दिल्ली में हुए कॉन्सर्ट के दौरान की गई व्यवस्थाओं पर ध्यान दिया है और मुंबई में भी इसी तरह के सुरक्षा इंतजाम लागू किए जाएंगे.
500 से 700 मीटर तक होगा 'नो-कार जोन'
वहीं दिल्ली में भी दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट हुआ था, जिसमें शुरुआती प्रस्ताव में लगभग 400 प्राइवेट सुरक्षाकर्मी शामिल थे, लेकिन पुलिस ने इसे बढ़ाकर 1,500 से 2,000 करने की सलाह दी थी. मुंबई में भी ऐसा ही किया जाएगा. उनकी जिम्मेदारियों में एंट्री गेट पर कतारों को व्यवस्थित करना, हेल्प डेस्क संभालना और वेन्यू के आसपास पैदल चलने वालों की आवाजाही को मैनेज करना शामिल होगा. 500 से 700 मीटर का 'नो-कार जोन' बनाया जाएगा और ट्रैफिक पर भी पाबंदियां लगाई जाएंगी. मुंबई में दिलजीत के आसपास सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे और उनके होटल में भी अतिरिक्त सुरक्षा का इंतजाम किया जाएगा. आयोजकों को निर्देश दिया गया है कि वे उनके ठहरने की जगह या आने के समय की जानकारी किसी को भी न दें, जिसमें पैपराजी भी शामिल हैं.'
एक अन्य सूत्र ने बताया, 'कॉन्सर्ट वेन्यू को पूरी तरह से फोन-फ्री बनाना मुमकिन नहीं है. इसके बजाय स्क्रीनिंग प्रोसेस के दौरान वहां आने वाले लोगों के फोन की अच्छी तरह से जांच की जाएगी.'