100 करोड़ नहीं... OTT प्लेटफॉर्म्स ने बनाया असली सुपरस्टार! कौन हैं 2026 के सबसे बड़े डिजिटल विनर्स?
OTT Viewership 2026: सिनेमा में बड़ा उलटफेर हो चुका है. अब स्टार्स का रुतबा 100 करोड़ के क्लब से नहीं बल्कि ओटीटी पर मिलने वाले व्यूज और स्ट्रीमिंग घंटों से तय हो रहा है. 2026 में नेटफ्लिक्स, प्राइम वीडियो और जियोहॉटस्टार ने रणवीर सिंह, कोंकणा सेन शर्मा और विक्रांत मैसी जैसे कलाकारों को नया मुकाम दिया है.
सिनेमा का दौर अब पूरी तरह बदल चुका है. पहले किसी कलाकार की कामयाबी सिर्फ इस बात से आंकी जाती थी कि उसकी फिल्म ने शुक्रवार से रविवार के बीच टिकट काउंटर पर कितनी कमाई कर पाई, लेकिन 2026 में ये स्केल बदल गया. अब बड़े पर्दे के साथ-साथ ऑडियंस के हाथ में मौजूद मोबाइल और लिविंग रूम का स्मार्ट टीवी तय कर रहा है कि असली स्टार कौन है. नेटफ्लिक्स, प्राइम वीडियो और जियोहॉटस्टार जैसे बड़े प्लेटफॉर्म्स ने एंटरटेनमेंट की पूरी दुनिया को एक नया रास्ता दिखाया है.
आज डिजिटल प्लेटफॉर्म्स ने उन कलाकारों को भी मजबूती दी है, जिनकी फिल्में सिनेमाघरों में ज्यादा कमाल नहीं दिखा सकीं. ओटीटी पर रिलीज होने के बाद कई फिल्मों को नई जिंदगी मिली और उनके बारे में महीनों सोशल मीडिया पर बातें हुईं. घर बैठे कंटेंट देखने की बढ़ती आदत ने ये साफ कर दिया है कि आज का दर्शक सिर्फ बड़े बजट या जाने-पहचाने बड़े चेहरों के पीछे नहीं भागता. अगर कहानी में दम है, तो लोग स्क्रीन पर पूरा वक्त देते हैं और यही वफादारी कलाकारों को असली स्टार बनाती है.
2026 में डिजिटल स्क्रीन पर राज करने वाले बड़े चेहरे
इस साल ओटीटी की दुनिया में रणवीर सिंह का दबदबा सबसे अलग दिखाई दिया. उनकी फिल्म ‘धुरंधर’ जब नेटफ्लिक्स पर आई तो उसने व्यूअरशिप के कई पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए. शुरुआती रुझानों और रिपोर्ट्स के मुताबिक ये साल की सबसे ज्यादा देखी जाने वाली भारतीय फिल्मों में शामिल रही. फिल्म ने देश के साथ-साथ विदेशों में भी दर्शकों का दिल जीता और रणवीर सिंह को डिजिटल स्पेस का सबसे मजबूत चेहरा बना दिया. उनके काम को हर वर्ग के लोगों ने खूब सराहा.
दूसरी तरफ कोंकणा सेन शर्मा ने अपनी फिल्म ‘एक्यूज्ड’ से साबित कर दिया कि सधी हुई अदाकारी आज भी दर्शकों को स्क्रीम से बांधे रख सकती है. नेटफ्लिक्स पर आते ही ये फिल्म कई देशों में टॉप ट्रेंड्स में शामिल हो गई. कहानी की गहराई और सीरियस मुद्दे को जिस तरह लोगों के साने पेश किया गया, उसने दुनिया भर के दर्शकों को अपनी तरफ खींचा. मजबूत स्क्रिप्ट और शानदार अभिनय के दम पर इस फिल्म ने ये दिखाया कि बिना शोर-शराबे के भी बड़ा मुकाम पाया जा सकता है.
वेब सीरीज की दुनिया में जिम सर्भ की ‘मेड इन इंडिया: अ टाइटन स्टोरी’ ने भी अलग ही माहौल बनाया. इस सीरीज ने 2026 की सबसे ज्यादा देखी जाने वाली भारतीय सीरीज में अपना नाम दर्ज कराया. बिजनेस की दुनिया, मेहनत और संघर्ष के ताने-बाने पर बनी इस कहानी ने लोगों को आखिर तक बांधे रखा. जिम सर्भ की स्क्रीन पर मौजूदगी और उनके काम ने उन्हें साल के सबसे फेमस कलाकारों की लिस्ट में ला कर खड़ा किया. इस सीरीज की चर्चा सोशल मीडिया पर हफ्तों तक चलती रही.
सिनेमाघरों से आगे निकलकर ओटीटी पर चमकने वाली फिल्में
सिनेमा के जानकारों का मानना है कि फिल्मों की जिंदगी अब थिएटर्स से उतरने के बाद खत्म नहीं होती. फिल्म ‘धुरंधर’ इस बात का सबसे बड़ा सबूत है. बड़े पर्दे पर अपनी चर्चा पूरी करने के बाद जब ये नेटफ्लिक्स पर आई, तो इसके व्यूज लगातार बढ़ते ही चले गए. थिएटर में जो लोग इसे नहीं देख पाए थे, उन्होंने इसे घर पर देखा और सराहा. इस तरह डिजिटल माध्यम ने फिल्म की उम्र और पॉपुलैरिटी दोनों को कई गुना बढ़ा दिया.
फिल्म ‘एक्यूज्ड’ को भी डिजिटल दर्शकों ने हाथों-हाथ लिया और खूब प्यार दिया. इस फिल्म का सब्जेक्ट और उसका पेश करने का अंदाज ऐसा था, जिसने लोगों को सोचने पर मजबूर किया. सिनेमाघरों की लिमिटेज पहुंच के मुकाबले ओटीटी ने इसे एक बहुत बड़ा मंच दिया. हफ्तों तक ये फिल्म प्लेटफॉर्म की टॉप लिस्ट में टिकी रही. इससे साफ हो गया कि संजीदा और कंटेंट से भरी फिल्मों के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म किसी वरदान से कम नहीं हैं.
इसी तरह ‘मेड इन इंडिया: अ टाइटन स्टोरी’ ने ये दिखा दिया कि अब फिल्मों के लिए भाषा की कोई सीमा नहीं रह गई है. तमिल और कोरियाई बैकग्राउंड को मिलाकर बनाई गई इस कहानी को भारत के साथ बाहर भी देखा गया. ओटीटी ने ऐसी फिल्मों को दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचाने का काम किया है. पहले जो फिल्में सिर्फ अपने इलाके तक सिमट जाती थीं, अब वे बिना किसी झिझक के देश-विदेश में अपनी नई पहचान बना रही हैं.
डिजिटल प्लेटफॉर्म्स से करियर को मिली नई रफ्तार
विक्रांत मैसी 2026 में ओटीटी के सबसे भरोसेमंद चेहरों में गिने जाने लगे हैं. उनकी नई सीरीज ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ को यंग ऑडियंस ने बेहद पसंद किया. साइबर क्राइम और हल्के-फुल्के अंदाज में बुनी गई इस कहानी ने लोगों को लगातार जोड़े रखा. विक्रांत के सहज अभिनय ने साबित किया कि आम दर्शकों के साथ जुड़ने का उनका हुनर कितना मजबूत है. इस सीरीज की कामयाबी ने डिजिटल स्पेस में उनकी जगह और पक्की कर दी है.
ऐसे ही दिव्या दत्ता ने ‘चिरैया’ सीरीज के जरिए शानदार वापसी की और ऑडियंस का ध्यान खींचा. जियोहॉटस्टार पर रिलीज हुई इस सीरीज ने व्यूअरशिप के मामले में नए रिकॉर्ड बनाए और खूब चर्चा बटोरी. इसमें दिव्या के अभिनय की गहराई ने दर्शकों को इमोशनल कर दिया. उनकी इस कामयाबी ने दिखा दिया कि जब किसी दमदार कलाकार को सही किरदार मिलता है, तो वो हर माध्यम पर अपनी छाप छोड़ने में कामयाब रहता है.
विजय वर्मा की सीरीज ‘मटका किंग’ ने ये साफ कर दिया कि जुर्म और रोमांच से जुड़ी कहानियों का क्रेज कभी कम नहीं होता. प्राइम वीडियो पर आते ही इस शो को देखने वालों की गिनती तेजी से बढ़ी. विजय वर्मा ने अपने किरदार को जिस बारीकी से निभाया, उसने उन्हें ओटीटी का सबसे चहेता कलाकार बना दिया. अपनी हर नई भूमिका के साथ वो ये दिखा रहे हैं कि डिजिटल स्पेस में उनकी पकड़ कितनी मजबूत है.
नेटफ्लिक्स, प्राइम वीडियो और जियोहॉटस्टार के बीच कांटे की टक्कर
नेटफ्लिक्स के लिए 2026 का साल बेहद शानदार साबित हुआ है. 'धुरंधर', 'एक्यूज्ड', 'मेड इन कोरिया' और 'तस्करी' जैसे प्रोजेक्ट्स ने इस प्लेटफॉर्म को दर्शकों की पहली पसंद बनाए रखा. इन शोज और फिल्मों ने सिर्फ भारतीय दर्शकों को ही नहीं बल्कि विदेशी दर्शकों को भी अपनी तरफ खींचा. नए-नए विषयों और बेहतरीन प्रोडक्शन के जरिए नेटफ्लिक्स ने हर हफ्ते अपने दर्शकों को स्क्रीन से बांधे रखा और अपनी साख को और मजबूत किया.
प्राइम वीडियो ने भी इस साल बेहतरीन कंटेंट पेश करके अपनी मजबूत पकड़ दिखाई. 'मटका किंग', 'राख' और 'ग्राम चिकित्सालय सीजन 2' जैसी सीरीज ने जमकर व्यूज बटोरे. दर्शकों को जमीन से जुड़ी कहानियां और देसी माहौल हमेशा पसंद आता है और प्राइम वीडियो ने इसी नब्ज को पकड़ा. अलग-अलग विषयों पर बने इन शोज ने यह साफ कर दिया कि देसी और रोचक कहानियों का कोई दूसरा मुकाबला नहीं हो सकता.
जियोहॉटस्टार ने भी पारिवारिक और जज्बाती कहानियों के जरिए दर्शकों के बीच अपनी अलग जगह बनाई. 'चिरैया', 'ठुकरा के मेरा प्यार सीजन 2' और 'इंस्पेक्टर अविनाश सीजन 2' ने प्लेटफॉर्म को मजबूत व्यूअरशिप दिलाई. आम जिंदगी के रिश्तों, संघर्षों और समाज के मुद्दों को छूते हुए इन धारावाहिकों ने छोटे शहरों से लेकर बड़े शहरों तक हर घर में अपनी पहुंच बनाई. इस तरह तीनों प्लेटफॉर्म्स ने साल भर दर्शकों को बांधे रखा.
बॉक्स ऑफिस बनाम डिजिटल स्पेस: किसका पलड़ा भारी
फिल्म इंडस्ट्री में बॉक्स ऑफिस को हमेशा से सबसे बड़ा स्केल माना गया है, लेकिन अब डिजिटल प्लेटफॉर्म्स ने इस दबदबे को खुली चुनौती दे दी है. पहले किसी फिल्म का भविष्य सिर्फ शुक्रवार से रविवार की कमाई पर तय हो जाता था. अब लोग फिल्म की डिजिटल रिलीज का इंतजार करते हैं. इसलिए किसी भी फिल्म की असली पहुंच और उसकी कामयाबी का फैसला अब थिएटर और ओटीटी दोनों के परफॉर्मेंस को मिलाकर किया जाता है.
ओटीटी की सबसे बड़ी ताकत उसकी आसान पहुंच है, जो सीधे लोगों के हाथों में है. किसी भी फिल्म को बड़े पर्दे पर देखने के लिए वक्त और पैसे दोनों खर्च करने पड़ते हैं, लेकिन डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दुनिया भर का बेहतरीन कंटेंट एक क्लिक में मिल जाता है. यही वजह है कि गंभीर और सोच-समझकर बनाई गई फिल्में थिएटर्स से कहीं ज्यादा ओटीटी पर सफल होती हैं और लंबे समय तक लोगों की पसंद बनी रहती हैं.
हालांकि, इंडस्ट्री के जानकारों का मानना है कि ये दोनों मीडियम एक-दूसरे के दुश्मन नहीं बल्कि साथी हैं. थिएटर किसी फिल्म को शुरुआती पहचान और स्टारडम का रुतबा देता है. वहीं, ओटीटी प्लेटफॉर्म्स उस फिल्म को लंबे समय तक जिंदा रखने का काम करते हैं. 2026 का सबसे बड़ा सबक यही है कि वही फिल्में सबसे ज्यादा कामयाब रहीं, जिन्होंने दोनों जगहों का सही और पूरा फायदा उठाया और दर्शकों तक पहुंच बनाई.
आने वाले 5 सालों में कैसा होगा स्टारडम का नया ढांचा
मनोरंजन जगत के जानकारों की मानें तो आने वाले सालों में स्टार बनने का स्केल पूरी तरह बदल जाएगा. अब सिर्फ टिकट काउंटर की कमाई से किसी का कद तय नहीं होगा. लोग स्क्रीन पर कितना समय बिता रहे हैं, सोशल मीडिया पर चर्चा कितनी है और दुनिया भर में कंटेंट को कितना देखा जा रहा है, ये बातें अहम होंगी. ओटीटी ने इस नए बदलाव को शुरू कर दिया है और आगे ये और तेजी से बढ़ेगा.
रीजनल सिनेमा की कहानियों का बढ़ता असर भी भविष्य की एक बहुत बड़ी सच्चाई है. तमिल, तेलुगु, बंगाली और मराठी में बनने वाला कंटेंट अब पूरे देश और दुनिया में पसंद किया जा रहा है. सबटाइटल्स और डबिंग की मदद से भाषा की दूरी खत्म हो चुकी है. इससे देश के कोने-कोने के उम्दा कलाकारों को बड़ा मंच मिल रहा है और वे नेशनल लेवल पर अपनी पहचान बना पा रहे हैं.
2026 ने ये आईना दिखा दिया है कि स्टारडम अब सिर्फ 100 करोड़ के क्लब का मोहताज नहीं रहा. अगर किसी कलाकार की कहानी सीधे लोगों के दिलों को छू रही है और करोड़ों लोग उसे देख रहे हैं, तो वही असली स्टार है. डिजिटल प्लेटफॉर्म्स ने सिनेमा की सीमाओं को तोड़ दिया है और आने वाले वक्त में यही मॉडल पूरी इंडस्ट्री का भविष्य तय करने जा रहा है.