Dhurandhar Singer Rebel Injured: लाइव शो में बड़ा हादसा! 'धुरंधर' फेम सिंगर Rebel के चेहरे पर लगा ड्रोन, अचानक रोकी परफॉर्मेंस
गुवाहाटी में PULSE 2026 अवॉर्ड्स के लाइव शो के दौरान मेघालय की रैपर-सिंगर रिबेल के चेहरे पर अचानक ड्रोन आ गिरा. इस चौंकाने वाली घटना का वीडियो वायरल होते ही फैंस परेशान हो उठे और स्टेज पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल फिर से खड़े हो गए.
लाइव कॉन्सर्ट और अवॉर्ड शोज की चमक-दमक के बीच हाल ही में एक चौंकाने वाली घटना देखने को मिली. असम के गुवाहाटी में हुए PULSE 2026 अवॉर्ड्स के दौरान जब मेघालय की मशहूर रैपर-सिंगर रिबेल के चेहरे पर परफॉर्मेंस के बीच एक ड्रोन आकर टकरा गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया है, जिसे देखकर फैंस उनकी सेहत को लेकर काफी परेशान नजर आ रहे हैं.
ये घटना गुरुवार, 26 नवंबर 2027 को गुवाहाटी के हतिसिला इलाके में आयोजित इवेंट के दौरान घटी. रिबेल पूरे जोश में अपना गाना 'रन डाउन द सिटी' प्रजेंट कर रही थीं और स्टेज पर थिरक रही थीं, तभी अचानक एक ड्रोन उनके चेहरे पर आ गिरा. सोशल मीडिया पर सामने आए एक यूजर के वीडियो में साफ दिखता है कि इस अचानक हुए टकराव से वो भौंचक्की रह जाती हैं, उनका गाना बीच में ही रुक जाता है और कुछ पल बाद वो बिना कुछ कहे मंच से नीचे उतर जाती हैं.
कौन हैं रैपर रिबेल ?
इस अचानक हुई घटना के बाद से फैंस कमेंट्स के जरिए उनका हालचाल पूछ रहे हैं, जबकि रिबेल की ओर से अभी तक कोई रिएक्शन या हेल्थ से जुड़ी अपडेट नहीं आई है. रिबेल का असली नाम डायाफी लामारे है और वो मेघालय से ताल्लुक रखने वाली एक पॉपुलर रैपर और सिंगर हैं. हाल के समय में वो 'धुरंधर' के गानों में अपनी आवाज के चलते काफी सुर्खियों में रही हैं, जिनमें 'रन डाउन द सिटी – मोनिका', 'मूव – ये इश्क इश्क' और 'नाल नाचना' शामिल हैं. गायकी के अलावा उन्होंने म्यूजिक कंपोजर शाश्वत सचदेव के साथ मिलकर सॉन्ग राइटिंग में भी योगदान दिया है और गुवाहाटी का ये लाइव शो उनके हालिया मंच परफॉर्मेंस में शामिल था.
लाइव स्टेज पर ड्रोन हादसों का पुराना सिलसिला
म्यूजिक परफॉर्मेंस में ड्रोन के कंट्रोल खो देने से होने वाली ये कोई पहली घटना नहीं है. इससे पहले साल 2023 में VIT चेन्नई में परफॉर्मेंस देते समय सिंगर बेनी दयाल के सिर के पिछले हिस्से में ड्रोन लगा था, जिससे उनके सिर और उंगलियों पर चोटें आई थीं और बाद में उन्होंने ऑर्गेनाइजर्स से ट्रैंड ड्रोन हैंडलर को रखने की अपील की थी. उसी साल मई में रेमा के कॉन्सर्ट के दौरान सिंगर निकिता गांधी भी ड्रोन की चपेट में आकर घायल हो गई थीं.
लाइव शोज में सुरक्षा इंतजामों पर फिर उठे सवाल
रिबेल के साथ हुई इस घटना ने एक बार फिर लाइव परफॉर्मेंस के दौरान मंच पर इस्तेमाल होने वाले उपकरणों और तकनीकी सुरक्षा को लेकर चर्चा छेड़ दी है. ऑडियंस उम्मीद कर रहे हैं कि रिबेल जल्द ही पूरी तरह ठीक होकर अपना अपडेट शेयर करेंगी और फ्यूचर के ऑर्गेनाइजर्स में आर्टिस्ट की सिक्योरिटी को लेकर सावधानी बरती जाएगी.