सिनेमा देखना पड़ेगा महंगा! BMC ने एंटरटेनमेंट टैक्स में 570% बढ़ोतरी का रखा प्रस्ताव; ₹60 की जगह देने होंगे ₹400?
मुंबई में सिनेमा देखना जल्द महंगा हो सकता है. BMC ने एंटरटेनमेंट टैक्स में 570% बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा है, जिसके तहत मल्टीप्लेक्स में टैक्स ₹60 से बढ़कर ₹400 हो सकता है. AICWA को इस मामले में आधिकारिक जवाब मिल गया है, लेकिन प्रस्ताव पर महाराष्ट्र सरकार की अंतिम मंजूरी अभी बाकी है.
मुंबई के सिनेमा हॉल और परफॉर्मिंग आर्ट्स वेन्यू के लिए प्रस्तावित एंटरटेनमेंट टैक्स के बढ़ोतरी को अभी तक महाराष्ट्र सरकार की मंजूरी नहीं मिली है. खबरों के मुताबिक, बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) को बताया है कि जब तक राज्य सरकार इस प्रस्ताव को मंजूरी नहीं दे देती, तब तक संशोधित दरों को लागू नहीं किया जा सकता. बता दें कि यह घटनाक्रम नगर निकाय द्वारा कर में 570 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी का सुझाव देने के कुछ हफ्तों बाद सामने आया है, जिस पर फिल्म उद्योग के प्रतिनिधियों ने आपत्ति जताई थी.
AICWA ने राज्य सरकार और BMC से कांटेक्ट करके अधिकारियों से प्रस्तावित बदलावों पर दोबारा विचार करने का आग्रह किया था. खबर है कि इसके अध्यक्ष सुरेश गुप्ता को अब नगर निकाय की ओर से लिखित जवाब मिल गया है. इस जवाब में पुष्टि की गई है कि जब तक प्रस्ताव पर कोई फैसला नहीं हो जाता, तब तक मौजूदा टैक्स दरें ही लागू रहेंगी.
एंटरटेनमेंट टैक्स प्रस्ताव को अभी मंजूरी मिलनी बाकी
सितंबर के आखिर में BMC ने सिनेमाघरों और परफॉर्मिंग आर्ट्स वेन्यू पर लागू होने वाले मनोरंजन कर की दरों में काफी बदलाव का प्रस्ताव रखा. इस प्रस्ताव का AICWA ने तुरंत विरोध किया और फिल्म प्रदर्शन क्षेत्र पर पड़ने वाले संभावित असर को लेकर चिंता जताई. सुरेश गुप्ता ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर मांग की कि प्रस्तावित बढ़ोतरी को वापस लिया जाए. उन्होंने एसोसिएशन की आपत्तियां रखने के लिए डिप्टी म्युनिसिपल कमिश्नर प्रशांत गायकवाड़ से भी मुलाकात की. इसके बाद BMC ने 5 नवंबर को एक पत्र लिखकर जवाब दिया कि संशोधित दरों को राज्य सरकार से मंजूरी नहीं मिली है.
कपिल शर्मा के कैफे पर गोलियां चलाने वालों पर कसा शिकंजा, दो आरोपियों पर चार्ज; सामने आएगा एक्सटॉर्शन कनेक्शन?
BMC के जवाब पर सुरेश गुप्ता का रिएक्शन
मिड-डे से बातचीत में गुप्ता ने कहा कि नगर निकाय ने यह मामला राज्य सरकार को भेज दिया है. उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि अगर अंतिम फैसला सरकार को ही लेना था, तो फिर BMC ने बढ़ोतरी का प्रस्ताव क्यों रखा? गुप्ता ने बताया, 'गुरुवार को मुझे BMC से एक पत्र मिला, जिसमें उन्होंने इस मामले से अपना पल्ला झाड़ लिया है. उन्होंने कहा कि यह मुद्दा राज्य सरकार के अधिकार क्षेत्र में आता है और उन्होंने सरकार से पूछा है कि क्या वे इस बढ़ोतरी को लागू करना चाहते हैं या नहीं. लेकिन दिलचस्प बात यह है कि यह प्रस्ताव BMC ने ही पेश किया था.'
एंटरटेनमेंट टैक्स में हो सकती है कितनी बढ़ोतरी?
BMC के प्रस्ताव में सिनेमा हॉल और परफॉर्मिंग आर्ट्स कार्यक्रमों के लिए अलग-अलग बदलाव शामिल हैं. एयर-कंडीशंड (AC) थिएटरों और मल्टीप्लेक्सों पर सबसे ज्यादा बढ़ोतरी हो सकती है, जहां प्रति टिकट टैक्स 60 रुपये से बढ़कर 400 रुपये तक जा सकता है. यह लगभग 570 प्रतिशत की प्रस्तावित बढ़ोतरी है. बिना AC वाले सिनेमा हॉल के लिए प्रति टिकट टैक्स 45 रुपये से बढ़कर 200 रुपये हो सकता है, जो कि 400 प्रतिशत की वृद्धि है. परफॉर्मिंग आर्ट्स शो के लिए भी प्रस्तावित दरें दोगुनी हो सकती हैं, जो प्रति टिकट 50 रुपये से बढ़कर 100 रुपये हो जाएंगी.
गुप्ता ने BMC की प्रतिक्रिया का स्वागत किया. खासकर इसलिए क्योंकि यह एसोसिएशन द्वारा अपनी बात रखने के 15 दिनों के भीतर ही आ गई. उन्होंने यह भी साफ किया कि फिलहाल पुरानी दरें ही लागू रहेंगी. गुप्ता ने आगे कहा, 'मुझे खुशी है कि हमें 15 दिनों के भीतर जवाब मिल गया. BMC का कहना है कि वे टैक्स बढ़ाना चाहते हैं, लेकिन चूंकि राज्य सरकार ने अभी तक इसे मंजूरी नहीं दी है. इसलिए वे अभी भी 2018-19 की पुरानी दरों के हिसाब से ही टैक्स ले रहे हैं.'
संडियार: जिस नाम को छोड़ने पर मजबूर हुए थे कमल हासन, 23 साल बाद उसी टाइटल पर फिर जताया हक
आने वाली बड़ी फिल्मों में शाहरुख खान की 'किंग' शामिल
यह प्रस्तावित टैक्स संशोधन ऐसे समय में आया है, जब हिंदी फिल्म इंडस्ट्री 2026 के आखिर और 2027 की शुरुआत में कई बड़ी फिल्मों को सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी कर रही है. आने वाली फिल्मों की लिस्ट में एक शाहरुख खान की 'किंग' है, जो 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.