कोरियोग्राफर गणेश आचार्य की जिंदगी की अनकही कहानी, बायोपिक 'गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट' का ट्रेलर OUT
मशहूर कोरियोग्राफर गणेश आचार्य की जिंदगी पर आधारित बायोपिक 'गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट' का ट्रेलर रिलीज हो गया है. फिल्म में उनके संघर्ष, सफलता और बॉलीवुड तक पहुंचने के सफर को दिखाया जाएगा. ट्रेलर सामने आने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है.
कोरियोग्राफर गणेश आचार्य के संघर्ष और कामयाबी के सफर पर बनी फिल्म 'गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट' का ट्रेलर रिलीज हुआ है. यह एक बायोग्राफिकल ड्रामा है, जो एक साधारण शुरुआत से लेकर हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने कोरियोग्राफर बनने तक के उनके सफर को दिखाता है.
आचार्य द्वारा लिखित और निर्देशित यह फिल्म सिनेमा की दुनिया में अपनी पहचान बनाने के उनके सपने को पूरा करने के सफर में आए संघर्षों, त्याग और दृढ़ संकल्प को दिखाती है. यह फिल्म इंडस्ट्री में उनके आगे बढ़ने की कहानी को बयां करती है और उन चुनौतियों पर रोशनी डालती है जिनका सामना उन्होंने इस सफर के दौरान किया.
ट्रेलर के बारे में बात करते हुए गणेश आचार्य ने कहा, 'मैं हमेशा से मानता आया हूं कि हर इंसान को सपने देखने का हक है, लेकिन सिर्फ सपने देखने से वो पूरे नहीं होते. उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत करनी पड़ती है, त्याग करना पड़ता है और सफर कितना भी मुश्किल क्यों न हो, आगे बढ़ते रहना पड़ता है. हमने इसी भावना को 'गणेश डस्ट टू स्टारडस्ट' के जरिए पर्दे पर उतारने की कोशिश की है. यह फिल्म मेरे दिल के बेहद करीब है और मुझे उम्मीद है कि इसे देखने वाले हर व्यक्ति को इसमें अपने सपनों, संघर्षों और आकांक्षाओं की झलक मिलेगी.'
अक्षय कुमार ने ट्रेलर की तारीफ की?
अक्षय कुमार ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का ट्रेलर शेयर करते हुए बताया कि गणेश आचार्य के साथ उनका रिश्ता काफी पुराना है. अक्षय ने लिखा, 'मास्टर जी और मेरा साथ बहुत पुराना है. मुझे आज भी याद है कि कोरियोग्राफर के तौर पर उनका पहला गाना मेरे साथ था. आज उन्होंने अपनी मेहनत और टैलेंट से जो मुकाम हासिल किया है, उसे देखकर मुझे बहुत खुशी होती है और गर्व महसूस होता है.'
अक्षय ने गणेश आचार्य के सफर को उनकी आने वाली फिल्म की कहानी से जोड़ते हुए कहा लिखा, 'एक छोटी-सी शुरुआत से लेकर आज यहां तक पहुंचने का उनका सफर ही 'गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट' की कहानी है. सबसे खास बात यह है कि यह उनकी अपनी कहानी है. आप सभी के साथ इसका ट्रेलर शेयर करते हुए बहुत खुशी हो रही है. ढेर सारा प्यार और शुभकामनाएं, मेरे दोस्त!'
कब आएगी गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट'?
गणेश आचार्य ने अपनी आने वाली फिल्म 'गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट' का ऐलान किया था. फिल्म का पहला लुक 14 सितंबर को जारी किया गया था. इस फिल्म को गणेश आचार्य और दीगंगना सूर्यवंशी ने मिलकर लिखा है. फिल्म का निर्माण सौंदर्या कर रही हैं जबकि इसमें नए कलाकार शिवांशु सोनी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे.
फिल्म को लेकर गणेश आचार्य ने भी अपनी खुशी जाहिर की थी. उन्होंने कहा, ''मैं हमेशा से मानता आया हूं कि हर इंसान को सपने देखने का हक है लेकिन सिर्फ सपने देखने से वे पूरे नहीं होते. उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत करनी पड़ती है, त्याग करना पड़ता है और सफर कितना भी मुश्किल क्यों न हो, आगे बढ़ते रहना पड़ता है. हमने इसी भावना को 'गणेश डस्ट टू स्टारडस्ट' के जरिए पर्दे पर उतारने की कोशिश की है. यह फिल्म मेरे दिल के बेहद करीब है और मुझे उम्मीद है कि इसे देखने वाले हर व्यक्ति को इसमें अपने सपनों, संघर्षों और आकांक्षाओं की झलक मिलेगी.'' 'गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट' 11 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.
(आईएएनएस इनपुट के साथ)