)
Box office Hit Hanuman Ansh: साल 2026 की सरप्राइज ब्लॉकबस्टर बनकर उभरी फिल्म 'हनुमान अंश' बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है. इस फिल्म की चारों तरफ जमकर चर्चा हो रही है, लेकिन ये फिल्म ऑस्कर में 'बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म' लिस्ट के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि बनने की डेडलाइन से चूक गई है.
फिल्म की निर्माता नम्रता सिंह ने खुलासा किया है कि टीम को सबमिशन डेडलाइन की जानकारी ही नहीं थी. पूरी टीम फिल्म की अंतरराष्ट्रीय रिलीज, तेलुगु डबिंग और रिलीज के बाद के अन्य कामों में व्यस्त थी.
हाल ही में फिल्म निर्माता नम्रता सिंह ने 'बॉलीवुड हंगामा' से बातचीत में बताया, 'हम ऑस्कर में बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी के लिए सबमिशन डेडलाइन से चूक गए हैं. हमें हजारों लोगों के फोन आए कि आपने फिल्म क्यों नहीं सबमिट की, लेकिन हमें इसके बारे में कोई जानकारी ही नहीं थी. हम बहुत सारे कामों में व्यस्त चल रहे थे और हमारी टीम भी काफी छोटी है.'
![]()
निर्माता ने बताया कि टीम फिल्म की तेलुगु डबिंग और अन्य भाषाओं के प्लान के साथ दिव्यांग दर्शकों के लिए एक्सेसिबिलिटी पहलों में लगी हुई थी. उन्होंने कहा, 'पहले हमने तेलुगु डबिंग की और अब बाकी भाषाओं पर काम कर रहे हैं. हम एक्सेसिबिलिटी पर भी काम कर रहे हैं, ताकि अलग-अलग क्षमताओं वाले लोग भी फिल्म देख सकें. कलाकार और निर्देशक टूर पर हैं, जिससे ऑफिस में लगभग कोई नहीं था.'
नम्रता सिंह द्वारा निर्मित और विशाल चतुर्वेदी द्वारा निर्देशित यह फिल्म 11 सितंबर को होम्बले प्रोडक्शंस द्वारा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रिलीज की गई थी और अब 18 सितंबर 2026 को आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में तेलुगु में रिलीज होने जा रही है.
![]()
आध्यात्मिक गुरु नीम करोली बाबा (महाराज जी) के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित यह भक्ति ड्रामा महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बना था. इसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार वापसी करते हुए अब तक करीब 205.15 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है. 7 अगस्त को सिर्फ 10 लाख रुपये की कमाई से शुरुआत करने वाली इस फिल्म का असली टर्निंग पॉइंट तीसरे हफ्ते में आया, जब 17वें दिन फिल्म ने एक ही दिन में 2.2 करोड़ रुपये कमाए.
निर्माता नम्रता सिंह ने यह भी बताया कि टीम ने 'हनुमान अंश' को शुरू से ही तीन भागों (ट्रिलॉजी) की सीरीज के रूप में प्लान किया था. जहां पहला भाग नीम करोली बाबा के शुरुआती वर्षों और उत्तराखंड के कैंची धाम से उनके संबंध पर केंद्रित है, वहीं दूसरी फिल्म उनके जन्म स्थान फिरोजाबाद से शुरू होकर आगरा, मथुरा और उनसे जुड़े अन्य पवित्र स्थानों की कहानी को गहराई से दिखाएगी.

एक लंबे और कठिन प्रोडक्शन शेड्यूल के बाद टीम अब कम से कम 90 दिनों का ब्रेक लेगी. नम्रता ने बताया कि अभी कुछ भी लिखा नहीं गया है और टीम को फिर से काम शुरू करने में कुछ महीने लगेंगे. वहीं, इस ट्रिलॉजी की तीसरी फिल्म नीम करोली बाबा के वैश्विक प्रभाव पर आधारित होगी, जिसमें दिखाया जाएगा कि कैसे उन्होंने अपनी आध्यात्मिक ऊर्जा से स्टीव बॉक्स, मार्क जुकरबर्ग, जैक डोर्सी और जूलिया रॉबर्ट्स जैसी विदेशी हस्तियों को प्रभावित किया.
![]()
फिल्म मेकर्स इस प्रोजेक्ट को सिर्फ फिल्मों तक ही सीमित नहीं रखना चाहते. टीम 'हनुमान अंश' यूनिवर्स को सिनेमा से आगे ले जाकर वीडियो गेम्स और कॉमिक बुक्स जैसे मनोरंजन के अन्य माध्यमों में भी विस्तार देने की योजना बना रही है.