SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बॉक्स ऑफिस पर 'हनुमान अंश' की 452 करोड़ की कमाई, फिर भी बॉलीवुड ने नहीं की तारीफ; अब डायरेक्टर ने जताई नाराजगी

फिल्म 'हनुमान अंश' ने बॉक्स ऑफिस पर 452 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की है. इसके बावजूद निर्देशक विशाल चतुर्वेदी का कहना है कि इंडस्ट्री के किसी बड़े प्रोडक्शन हाउस ने फिल्म की सफलता पर कोई बयान नहीं दिया. उन्होंने बॉलीवुड की इस चुप्पी पर सवाल उठाते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की है.

Written By Swati Singh
Published: Nov 21, 2026, 18:27 IST | Updated: Nov 21, 2026, 18:52 IST
Image Credit: सोशल मीडिया
Join

विशाल चतुर्वेदी की 'हनुमान अंश' 2026 की बॉक्स-ऑफिस पर सबसे बड़ी सफल फिल्मों में से एक साबित हुई है. महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस भक्तिपूर्ण बायोपिक ने दुनिया भर में 452.86 करोड़ रुपये की कमाई की है. इसी बीच फिल्म की शानदार सफलता के बावजूद विशाल को लगता है कि इसे इंडस्ट्री से वह पहचान नहीं मिली, जिसकी यह हकदार थी. निर्देशक ने सवाल उठाया है कि किसी भी बड़े प्रोडक्शन हाउस ने आगे आकर सार्वजनिक रूप से इसकी सफलता को क्यों नहीं सराहा.

फिल्म के OTT प्रीमियर से पहले इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए विशाल ने कहा कि उन्हें इस बात से हैरानी है कि किसी भी बड़े प्रोडक्शन हाउस ने सार्वजनिक रूप से फिल्म की सफलता को स्वीकार नहीं किया. उन्होंने कहा, 'मैंने देखा है कि जब कोई बड़ी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल होती है, तो कई आधिकारिक बयान आते हैं. लेकिन, चूंकि हमारी फिल्म एक छोटी फिल्म है और इसे पहली बार निर्देशन कर रहे व्यक्ति ने बनाया है. इसलिए मुझे किसी भी बड़े प्रोडक्शन हाउस की ओर से कोई बयान नहीं दिखा, एक भी नहीं. यह बहुत हैरानी की बात है.'

'हनुमान अंश' के डायरेक्टर ने खोली पोल

उन्होंने आगे कहा, 'लेकिन जब लोग मुझसे मिलते हैं, तो वे फिल्म की बहुत तारीफ करते हैं. कुछ बड़े दिल वाले लोग हैं जिन्होंने खुलकर इसकी तारीफ की है. इनमें वरुण धवन, वीरेंद्र सहवाग और कई अन्य लोग शामिल हैं. किसी भी बड़े स्टूडियो या स्थापित प्रोडक्शन हाउस ने फिल्म की सफलता को लेकर कोई पत्र या बयान नहीं दिया.'

ऐसी मां की कहानी जो उड़ा देगी रातों की नींद, खौफ से भरी ये हॉरर फिल्म अब OTT पर; अकेले देखने की नहीं होगी हिम्मत

गोवा में आयोजित 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) 2026 में शामिल होने के दौरान विशाल ने फिल्म की सफलता पर भी बात की. उन्होंने कहा कि 'हनुमान अंश' ने यह साबित कर दिया है कि दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने के लिए किसी फिल्म को बड़े बजट या बड़े सितारों की जरूरत नहीं होती.

उन्होंने आगे कहा, 'थिएटर एक ऐसी जगह है जहां कोई 'इवेंट' होती है. जब कोई 'इवेंट फिल्म' आती है, तो वह चलती है. आजकल यही बात सुनने को मिलती है कि केवल ऐसी ही फिल्में चलेंगी और बाकी फिल्मों को संघर्ष करना पड़ेगा. लेकिन हमारी फिल्म इन सभी धारणाओं को गलत साबित करती है.'

उन्होंने आगे कहा, 'यह मिथक भी टूट गया है कि फिल्म को सफल बनाने के लिए केवल कोई बड़ा स्टार, बड़ा बजट या कोई बड़ा स्टूडियो होना जरूरी है.' उन्होंने कहा, 'सिनेमा आम लोगों का माध्यम है. दर्शक फिल्म देखते हैं और तय करते हैं कि वह अच्छी है या नहीं, जबकि पहले आलोचक और सोशल मीडिया तय करते थे कि फिल्म कैसी है और लोगों को यही बात बताते थे.'

'हनुमान अंश 2' के बारे में

बता दें कि नीम करौली बाबा के किरदार में शोभिनव सत्या स्टारर 'हनुमान अंश' 27 नवंबर से सोनी लिव (Sony LIV) पर स्ट्रीम होगी. यह फिल्म 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और इसे सोनी मैक्स (Sony MAX) पर भी दिखाया जाएगा. टीवी पर इसके प्रीमियर की तारीख की ऐलान अभी बाकी है. 

'दबंग 4' पर सलमान खान ने लगाई मुहर, लेकिन 'बजरंगी भाईजान' के सीक्वल पर क्यों लगा ब्रेक? भाईजान ने खुद बताया

'हनुमान अंश' लक्ष्मी नारायण की कहानी है, जो अपनी मां को खोने के बाद ईश्वर की तलाश शुरू करते हैं. उनकी यह आध्यात्मिक यात्रा उन्हें एक ऐसे संत के रूप में स्थापित करती है, जो प्रेम, करुणा और सेवा की शिक्षाओं के लिए जाने जाते हैं. यह फिल्म निर्देशक विशाल चतुर्वेदी की किताब, 'डिवाइन डिटूर: दैट चेंज्ड माई लाइफ' (Divine Detour: That Changed My Life) पर आधारित है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

स्वाति सिंह एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह Zee News Hindi की डिजिटल टीम के एंटरटेनमेंट (मनोरंजन) सेक्शन में काम कर रही हैं. स्वाति की एक्सपर्टीज बॉलीवुड न्यूज़, सिनेमा, एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के ट्रेंड्स और सेलेब्स की इन-डेप्थ रिपोर्टिंग में है.अपने करियर के दौरान स्वाति ने आयुष्मान खुराना, नीना गुप्ता, गजराज राव और ध्वनि भानुशाली जैसी कई जानी-मानी बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री की हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं. Zee News से पहले उन्होंने अमर उजाला, लाइव हिंदुस्तान और लोकमत जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में भी अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं, जहां काम के लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया है.माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से मास कम्युनिकेशन और सुरेश ज्ञान विहार यूनिवर्सिटी से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (MBA) की डिग्री हासिल करने वाली स्वाति, मनोरंजन जगत की खबरों को पाठकों तक रोचक और सटीक ढंग से पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं.आप स्वाति सिंह से swati.kumari@india.com पर सीधे ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES