अंदाज बेबाक, विवाद बेहिसाब: रिएलिटी शोज से सोशल मीडिया तक क्यों कॉन्ट्रोवर्सी में छाई रहीं Bani J? जानिए उनके 5 सबसे बड़े पंगे
अपनी बेबाक राय और निडर सोच के लिए पहचानी जाने वाली बानी जे अपने शानदार करियर के साथ-साथ विवादों के चलते भी अक्सर सुर्खियों में रही हैं. आज उनके 39वें जन्मदिन के खास मौके पर आइए एक नजर डालते हैं 'बिग बॉस' के झगड़ों से लेकर वायरल वीडियो और बशीर अली संग डेटिंग रूमर्स तक उनकी जिंदगी के 5 सबसे बड़े विवादों पर.
टीवी और रिएलिटी शोज की दुनिया में बानी जे एक ऐसा नाम हैं, जिन्होंने हमेशा अपनी शर्तों पर जिंदगी जीने और खुलकर अपनी बात रखने की हिम्मत दिखाई है. एमटीवी वीजे से लेकर 'रोडीज' और 'बिग बॉस' तक का उनका सफर जितना शानदार रहा है, उतना ही विवादों से भी घिरा रहा है. अपनी बेबाक राय, अलग स्टाइल और मस्कुलर फिटनेस के लिए पहचानी जाने वाली बानी अक्सर सोशल मीडिया और टीवी इंडस्ट्री की खबरों में बनी रहती हैं. कभी रिएलिटी शो के मंच पर उनके फैसलों पर सवाल उठे, तो कभी पर्सनल लाइफ से जुड़े वायरल वीडियोज ने इंटरनेट पर हलचल मचा दी.
हाल के दिनों में जहां एक तरफ उनके पुराने विवाद फिर से सुर्खियों में हैं, वहीं दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कुछ वीडियोज के बाद रिएलिटी शो स्टार बशीर अली के साथ उनकी डेटिंग की अफवाहें भी तेज हो गई हैं, हालांकि अब तक दोनों में से किसी ने भी इस रिश्ते पर मुहर नहीं लगाई है. आइए नजर डालते हैं बानी जे की जिंदगी से जुड़े उन बड़े विवादों पर, जिन्होंने खूब सुर्खियां बटोरीं.
'रोडीज' की जजिंग और ऑडिशन के फैसलों पर छिड़ी बहस
रिएलिटी शो 'रोडीज' से अपने करियर को नई ऊंचाई देने वाली बानी जे जब इस शो में जज बनकर लौटीं, तो उनके जजिंग स्टाइल को लेकर सोशल मीडिया पर मिला-जुला रिएक्शन सामने आ रहा है. ऑडिशन राउंड के दौरान कुछ कंटेस्टेंट्स को लेकर अपनाए गए उनके सख्त रवैए और फैसलों पर ऑडियंस के एक ग्रुप ने नाराजगी जताई है, जिसके बाद इंटरनेट पर उन्हें जमकर ट्रोल किया गया और उनके फैसलों को एक तरफा कहा जाने लगा.
लगातार मिल रही ऑनलाइन नेगेटिविटी और कमेंट बॉक्स में हो रही स्पैमिंग से परेशान होकर बानी ने खुद सामने आकर इस पर बात की और बताया कि बेवजह की ट्रोलिंग मेंटल हेल्थ पर कितना असर डालती है.
'बिग बॉस 10' में लोपामुद्रा राउत के साथ तीखी झड़प
'बिग बॉस' के सीजन 10 में बानी जे सबसे मजबूत और फेमस कंटेस्टेंट्स में से एक थीं, लेकिन शो में लोपामुद्रा राउत के साथ उनकी लड़ाई ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचा लिया. एक टास्क के दौरान दोनों के बीच शुरू हुई बहस इतनी बढ़ गई कि बात धक्का-मुक्की और शारीरिक झड़प तक पहुंच गई थी. इस घटना ने घर के माहौल को पूरी तरह गरमा दिया था. इतना ही नहीं, शो के दौरान होस्ट हुए एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी दोनों के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली, जिससे नाराज होकर बानी बीच में ही माइक रखकर बाहर चली गई थीं.
स्वामी ओम की शर्मनाक हरकत से मचा था भारी बवाल
'बिग बॉस 10' की हिस्ट्री में सबसे चौंकाने वाला और विवादित वाक्या तब सामने आया, जब कंटेस्टेंट स्वामी ओम ने एक टास्क के दौरान सारी हदें पार कर दीं. उन्होंने खेल जीतने की सनक में बानी जे और रोहन मेहरा पर यूरिन फेंक दिया था. इस बेहद शर्मनाक हरकत के बाद घर के अंदर बानी का गुस्सा फूट पड़ा और बाहर ऑडियंस ने भी स्वामी ओम के खिलाफ कड़ी नाराजगी जताई. ये मामला इतना बढ़ गया कि शो के मेकर्स को तुरंत सख्त कदम उठाते हुए स्वामी ओम को घर से बाहर का रास्ता दिखाना पड़ा.
सपना भवनानी के साथ वायरल हुआ था किसिंग वीडियो
'बिग बॉस' से बाहर आने के बाद बानी जे अपनी पर्सनल लाइफ और दोस्ती को लेकर भी एक बड़े विवाद में घिर गई थीं. मशहूर सेलिब्रिटी हेयर स्टाइलिस्ट और टैटू आर्टिस्ट सपना भवनानी के साथ उनका एक बूमरैंग वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गया था, जिसमें दोनों एक-दूसरे को किस करती नजर आ रही थीं. इस वीडियो के सामने आते ही सोशल मीडिया पर तरह-तरह की बातें होने लगीं और दोनों को ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा. इस बेवजह के शोर से दूरी बनाने के लिए बानी ने कुछ समय तक सोशल मीडिया से ब्रेक भी ले लिया था.
मस्कुलर बॉडी और फिटनेस को लेकर हुई ट्रोलिंग
बानी जे हमेशा से महिलाओं के लिए तय की गई पुराने खूबसूरती के पैमानों को तोड़ती आई हैं. जिम में घंटों पसीना बहाकर बनाई गई उनकी मस्कुलर बॉडी और टैटूज को लेकर जहां फिटनेस लवर्स उनकी जमकर तारीफ करते हैं, तो वहीं पिछड़ी सोच रखने वाले कई लोगों ने उन्हें बॉडी शेमिंग का शिकार भी बनाया. सोशल मीडिया पर अक्सर उनकी फिजिक को लेकर भद्दे कमेंट्स किए गए, लेकिन बानी ने कभी इन बातों की परवाह नहीं की और हर बार अपने कॉन्फिडेंस से ट्रोल्स को करारा जवाब दिया.