गोविंदा की जिंदगी में चल रही उथल-पुथल के बीच अनुपम खेर की एंट्री, बोले- ‘यह वक्त भी गुजर जाएगा’, वापसी की जताई उम्मीद
Anupam Kher on Govinda: बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर ने गोविंदा की पर्सनल लाइफ, कोमल रानी स्वर्णकार संग डेटिंग की अफवाहों और पत्नी सुनीता आहूजा संग तलाक की अटकलों पर रिएक्ट किया है. अनुपम खेर ने गोविंदा की जमकर तारीफ की और उन्हें करियर पर ध्यान देने की सलाह दी है.
Anupam Kher on Govinda: बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर ने गोविंदा की पर्सनल लाइफ से जुड़ी कंट्रोवर्सी, कोमल रानी स्वर्णकार के साथ उनके नाम जुड़ने और पत्नी सुनीता आहूजा संग तलाक की अफवाहों पर अपनी बात रखी है.
हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में अनुपम खेर ने कहा कि गोविंदा अपनी जिंदगी के इस मुश्किल दौर से निपटने में पूरी तरह योग्य हैं. उन्होंने गोविंदा से यह भी गुजारिश की कि वे अपनी पर्सनल लाइफ और आदतों को अपने शोबिज करियर पर हावी न होने दें.
अनुपम खेर गोविंदा की अदाकारी के बारे में क्या सोचते हैं?
हाल ही में एक्टर अनुपम खेर ने फरीदून शहरयार के साथ बातचीत के दौरान अपना बयान दिया और गोविंदा की तारीफ भी की. इस दौरान अनुपम खेर ने कहा, 'मैं गोविंदा को बहुत पसंद करता हूं. मुझे लगता है कि वह उन बेहतरीन अभिनेताओं में से एक हैं, जिनके साथ मैंने काम किया है. मैंने उनके साथ 10-12 फिल्में की हैं. इम्प्रोवाइजेशन, एक्टिंग और डांस में उनका मुकाबला कोई नहीं कर सकता. लेकिन आपको अपनी पर्सनल लाइफ या अपनी आदतों को अपनी पूरी जिंदगी पर हावी नहीं होने देना चाहिए.' एक्टर के मुताबिक, एक कलाकार के लिए उसका काम सबसे अहम चीजों में से एक होता है.
गोविंदा के मौजूदा हालात पर अनुपम खेर की सलाह
गोविंदा की स्थिति पर आगे बोलते हुए अनुपम खेर ने कहा, 'मैं उन पर फैसला सुनाने वाला कोई नहीं हूं. वह अपनी जिंदगी काफी बेहतर तरीके से जानते हैं और इससे निपट भी सकते हैं. मैंने उन्हें एक बार फिर फोन किया था और उन्होंने कहा था कि वे वापस कॉल करेंगे. मैं उनसे बस इतना कहना चाहता हूं कि 'यह वक्त भी गुजर जाएगा.' हर किसी की जिंदगी में परेशानी होती है. मुझे नहीं लगता कि समस्या यह है कि उन्हें खुद को मार्केट करना नहीं आता, बल्कि वह अपने आसपास के माहौल और जिंदगी से थोड़े परेशान हो गए हैं. लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी है, इसलिए उम्मीद बाकी है. मैं प्रार्थना करता हूं कि वह वापसी करें और पहले से ज्यादा काम करें.'
गोविंदा और कोमल रानी को लेकर क्या अफवाहें?
गोविंदा इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'रूपा' की को-स्टार कोमल रानी स्वर्णकार के साथ अपने रिश्तों को लेकर काफी चर्चा में बने हुए हैं. दोनों की डेटिंग अफवाहें जोरों पर हैं. अगस्त महीने में गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने राखी सावंत से बातचीत के दौरान दावा किया था कि गोविंदा और कोमल शादी करने की योजना बना रहे हैं. हालांकि, गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने दावों को खारिज करते हुए साफ कर दिया कि दूसरी शादी का कोई सवाल ही नहीं उठता और गोविंदा अभी भी सुनीता के साथ शादीशुदा रिश्ते में हैं.
सुनीता आहूजा ने इस पूरे मामले पर किया था रिएक्ट
इस पूरे मामले के बीच गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने पैपराजी से बात करते हुए अपनी भड़ास निकाली थी. उन्होंने कहा था कि, 'इंसानों को जितना भी प्यार दो, कोई फायदा नहीं है, वे धोखा ही देते हैं. इनसे अच्छा तो पालतू जानवरों से प्यार करो, ये हमेशा आपके साथ चिपके रहते हैं. मेरा कुत्ता 'विटर' मुझे हमेशा छोड़ने आता है. इंसानों से अच्छे तो जानवर होते हैं.'