'कच्चा बादाम' फेम अंजलि अरोड़ा फिल्म 'महाकाव्य श्री रामायण कथा' में माता सीता के किरदार में नजर आ रही हैं. इसी बीच उन्होंने रियलिटी शो 'लॉक अप' की होस्ट और एक्ट्रेस कंगना रनौत पर उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है.
दरअसल, हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में अंजलि ने शो के दौरान के किस्सों पर बात की. साथ ही उन्होंने बताया उस शो में जैसे उन्हें पेश किया गया, उसका असर आज भी उनके करियर और मानसिक स्थिति पर पड़ रहा है. अंजलि का कहना है कि शो खत्म होने के काफी समय बाद भी उन्हें सोशल मीडिया पर लगातार ट्रोलिंग का सामना करना पड़ता है.
अंजलि ने यह भी साफ किया कि वह कंगना रनौत का सम्मान करती हैं और उन्हें एक सफल एक्ट्रेस के तौर पर देखती हैं. लेकिन साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उनकी छवि खराब करने में कंगना की भूमिका रही है. अंजलि ने कहा कि जब उन्होंने 'लॉक अप' में हिस्सा लिया था, तब वह काफी कम उम्र की थीं. उस समय वह रियलिटी शो के तौर-तरीकों को ज्यादा अच्छे से नहीं समझती थी. ऐसे में सोशल मीडिया पर मिली पॉपुलैरिटी की वजह से सीधे इस शो में जाने का अनुभव उनके लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहा.
अंजलि ने दावा किया कि शो में एंट्री करने से पहले उनकी टीम से उनके पर्सनल बातों के बारे में पूछा गया था. लेकिन जब उन्होंने कहा कि उनके पास छिपाने के लिए कोई बड़ा राज नहीं है, तो टीम ने उनसे कुछ नया बताने के लिए कहा. अंजलि ने बताया कि उन्होंने रूस में एक म्यूजिक वीडियो शूट के दौरान करेंसी एक्सचेंज से जुड़ा एक साधारण सा किस्सा शेयर किया, जिसे मेकर्स ने टीआरपी के लिए तोड़-मरोड़कर पेश किया.
अंजलि ने आगे यह भी बताया कि रूस में उन्होंने एक रिसेप्शनिस्ट से 5,000 रुपये करेंसी एक्सचेंज कराए थे, लेकिन शो के दौरान कंगना रनौत ने इस बात को एक अलग ही तरीके में सबके सामने रखा. अंजलि कहती हैं, 'कंगना ने जिस तरह से उस बात को पेश किया, उससे मेरी इमेज पर सवाल खड़े हो गए. उस समय मुझे समझ नहीं आया कि उस सिचुएशन का जवाब कैसे दिया जाए या उसे कैसे संभाला जाए.'
इतना ही नहीं, अंजलि कहती हैं भले ही वो शो खत्म हो गया. लेकिन उसकी वजह से आज भी उन्हें ट्रोलिंग का सामना करना पड़ता है. उन्होंने कहा, 'सोशल मीडिया पर लोग आज भी उसी पुराने विवाद को आधार बनाकर उन्हें निशाना बनाते हैं.' उन्होंने बताया कि कमेंट सेक्शन में उन्हें अक्सर भद्दे ताने सुनने को मिलते हैं. इसकी वजह से मुझे मानसिक तनाव का सामना करना पड़ता है.'
बता दें कि, 'महाकाव्य श्री रामायण कथा' में अंजलि ने माता सीता का किरदार निभाया है जबकि देव शर्मा भगवान राम के रोल में हैं. फिल्म में शील वर्मा लक्ष्मण, निर्भय वाधवा हनुमान और रजनीश दुग्गल रावण के किरदार में नजर आए हैं. अभिषेक सिंह द्वारा निर्देशित और प्रकाश महोबिया और संजय बुंदेला द्वारा प्रोड्यूस की गई यह फिल्म 25 सितंबर को हिंदी और छत्तीसगढ़ी में रिलीज हुई है.
(आईएएनएस इनपुट)