दीवाली के खास मौके पर 5 नवंबर को बड़े पर्दे पर रिलीज होने जा रही नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर लोगों के बीच गजब का क्रेज देखने को मिल रहा है. इस फिल्म में रणबीर कपूर, यश, साई पल्लवी और सनी देओल जैसे बड़े कलाकार लीड रोल निभा रहे हैं, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा उस एक्टर की हो रही है, जो रिश्ते में सदी के महानायक अमिताभ बच्चन का दामाद लगता है. हाल ही में आए ‘रामायण’ के इंग्लिश ट्रेलर में इस एक्टर की जबरदस्त झलक देखने को मिली है. फैंस ये देखकर हैरान हैं कि आखिर ये कौन है, जो इंद्र देव का दमदार रोल निभा रहा है?
ये शानदार एक्टर कोई और नहीं, बल्कि बॉलीवुड के जाने-माने कलाकार कुणाल कपूर हैं. 18 अक्टूबर 1977 को मुंबई में जन्में कुणाल कपूर रविवार को अपना 49वां जन्मदिन मना रहे हैं. उनके पिता अविकिशोर कपूर कंस्ट्रक्शन का बिजनेस करते थे और मां कानन एक सिंगर हैं. पंजाब से ताल्लुक रखने वाले कुणाल को बचपन से ही फिल्मों और एक्टिंग का शौक था. इसी सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने एक्टिंग क्लास ली और पर्दे के पीछे काम सीखा. उन्होंने अमिताभ बच्चन और मनोज बाजपेयी की फिल्म ‘अक्स’ में बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर करियर की शुरुआत की थी.

2004 में फिल्म ‘मीनाक्षी: अ टेल ऑफ थ्री सिटीज’ से कुणाल कपूर ने एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था. इस फिल्म में वे तब्बू के साथ नजर आए थे. इसके बाद साल 2006 में आई फिल्म ‘रंग दे बसंती’ उनके करियर का सबसे बड़ा टर्निंग प्वाइंट साबित हुई. आमिर खान की इस ब्लॉकबस्टर फिल्म में असलम का किरदार निभाकर कुणाल रातों-रात पूरे देश में छा गए. इस फिल्म में उनके शानदार काम को ऑडियंस और क्रिटिक्स ने खूब सराहा. इसके बाद यशराज फिल्म्स ने उन पर बड़ा भरोसा जताया और उनके साथ 3 फिल्में की ‘लागा चुनरी में दाग’, ‘आजा नचले’ और ‘बचना ऐ हसीनों’.
बहुत कम लोग ये जानते हैं कि कुणाल कपूर का बॉलीवुड के सबसे बड़े परिवार यानी बच्चन खानदान से बेहद करीबी और पक्का रिश्ता है. कुणाल कपूर ने साल 2015 में अमिताभ बच्चन के छोटे भाई अजिताभ बच्चन की बेटी नैना बच्चन से शादी की थी. नैना से शादी करने के बाद कुणाल रिश्ते में बिग बी के दामाद बन गए. शादी के बाद भी कुणाल हमेशा सादगी से रहे और लाइमलाइट से दूर अपने काम पर ध्यान लगाते रहे. बड़े घराने का दामाद होने के बावजूद उन्होंने इंडस्ट्री में अपनी पहचान हमेशा अपनी मेहनत और बेहतरीन अदाकारी के दम पर ही बनाई है, जो उनके लिए गर्व की बात है.
अपने करियर में भले ही कुणाल कपूर ने चुनिंदा फिल्मों में ही काम किया हो, लेकिन हर रोल में उन्होंने जान फूंकी है. साल 2010 में वे संजय दत्त और बिपाशा बसु के साथ फिल्म ‘लम्हा’ में दिखे. फिल्म ‘रंग दे बसंती’ के लिए उन्हें जूरी अवॉर्ड और साल 2006 में डेब्यू एक्टर के लिए जूम ग्लैम अवॉर्ड मिला था. साल 2007 में आई फिल्म ‘वीरम’ में दमदार परफॉर्मेंस के लिए भी उन्हें सम्मानित किया गया. इसके बाद साल 2022 में आई वेब सीरीज ‘द एंपायर’ में बाबर के रोल के लिए उन्हें बेस्ट डेब्यू सीरीज एक्टर का अवॉर्ड मिला. हाल ही में वे ‘ज्वेल थीफ’ में एक पुलिस वाले के रोल में दिखे थे.
अब कुणाल कपूर एक बार फिर नितेश तिवारी की पौराणिक फिल्म ‘रामायण’ से बड़े पर्दे पर तहलका मचाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. फिल्म के ट्रेलर में उनका इंद्र देव वाला अवतार देखने के बाद दर्शक उनकी स्क्रीन प्रजेंस की जमकर तारीफ कर रहे हैं. इतने बड़े बजट और सितारों से सजी फिल्म में देवराज इंद्र का किरदार निभाना उनके करियर के लिए एक बहुत बड़ा मील का पत्थर साबित हो सकता है. फैंस को अब 5 नवंबर का बेसब्री से इंतजार है, जब सिनेमाघरों में कुणाल कपूर का यह नया और भव्य रूप पूरी तरह से देखने को मिलेगा.