SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों की धमकी के साये में भी बरकरार बिग बी का टशन! अमिताभ बच्चन का नया AI अवतार वायरल

गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों की धमकियों और सुरक्षा के भारी तनाव के बीच हिंदी सिनेमा के महानायक अमिताभ बच्चन ने सोशल मीडिया पर एक धांसू तस्वीर शेयर कर अपना 'एंग्री यंग मैन' वाला बेखौफ स्वैग दिखाया है. इस मुश्किल वक्त में उनका ये कूल और निडर अंदाज फैंस के लिए किसी बड़ी राहत से कम नहीं है.

Written By Jyoti Rajput
Published: Nov 16, 2026, 15:47 IST | Updated: Nov 16, 2026, 16:08 IST
Join

मुंबई की मायानगरी में इन दिनों सदी के महानायक अमिताभ बच्चन की सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है. लेकिन 84 साल के बिग बी ने अपने खास अंदाज से एक बार फिर साबित कर दिया है कि उन्हें किसी बात का खौफ बिल्कुल भी नहीं है. हाल ही में अमिताभ बच्चन ने सोशल मीडिया पर अपनी एक बेहद शानदार और दमदार AI-जनरेटेड तस्वीर शेयर की है. लगातार मिल रही धमकियों और बढ़ती उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य चुनौतियों के बीच उनका ये कूल और बेफिक्र रूप सामने आना उनके करोड़ों चाहने वालों के लिए किसी बड़ी खुशखबरी से कम नहीं है.

इस वायरल तस्वीर में अमिताभ बच्चन का वही पुराना और पॉपुलर 'एंग्री यंग मैन' वाला स्वैग साफ झलक रहा है, जिसे देखकर फैंस कह रहे हैं कि असली शहंशाह को कोई डरा नहीं सकता है. बिग बी के इस बेबाक अंदाज के ठीक पीछे एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला विवाद चल रहा है. दरअसल, गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के नाम से सोशल मीडिया पर एक धमकी भरा पोस्ट वायरल हो रहा है, जिसमें अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन को सीधे तौर पर जान से मारने की धमकी दी गई है.

क्या है गोल्डी ढिल्लों की नई धमकी का पूरा मामला?

सोशल मीडिया पर गोल्डी ढिल्लों के नाम से वायरल हो रहे पोस्ट में बिग बी और अभिषेक बच्चन पर तंज कसते हुए लिखा गया है कि उनकी हिफाजत के लिए चाहे बुलेटप्रूफ केबिन ही क्यों न तैयार करवा दिए जाएं, उन पर हमला जरूर होगा और उन्हें गोली मार दी जाएगी. इस धमकी भरे मैसेज के सामने आते ही मुंबई से लेकर दिल्ली तक की सुरक्षा एजेंसियों और फिल्म इंडस्ट्री में हड़कंप मच गया है.

दो साथियों को लेकर गैंगस्टर का बड़ा दावा

इस विवादित पोस्ट के तार हाल ही में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा की गई एक बड़ी कार्रवाई से जुड़े हैं. स्पेशल सेल ने मुंबई से विकास ठाकुर और दीपक सिंह नाम के दो संदिग्ध शार्पशूटर्स को गिरफ्तार किया था. वायरल पोस्ट में गोल्डी ढिल्लों ने दावा किया है कि पकड़े गए दोनों युवक उसी के गिरोह के मेंबर हैं और इन्हें किसी दूसरे गैंग से जोड़कर न देखा जाए. गैंगस्टर ने धमकी भरे लहजे में ये भी कहा है कि दो साथियों की गिरफ्तारी से उनके इरादे कमजोर नहीं हुए हैं और अकेले मुंबई में ही उसके 200 गुर्गे किसी भी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए तैयार बैठे हैं.

अक्टूबर से अब तक मिल चुकी हैं तीन धमकियां

अमिताभ बच्चन की सुरक्षा में सेंध लगाने की ये पहली कोशिश नहीं है, पिछले कुछ हफ्तों में उन्हें तीन बार निशाना बनाने की धमकी मिल चुकी है. सबसे पहले 23 अक्टूबर को एक ईमेल के जरिए उनके जुहू स्थित आवास और मुंबई मेयर रितु तावड़े के ऑफिस पर हमले की बात कही गई थी. इसके बाद 6 नवंबर को आए दूसरे ईमेल में 'जलसा', बॉम्बे हाई कोर्ट, बीएसई (BSE) और दिलजीत दोसांझ के 27 नवंबर के मुंबई कॉन्सर्ट को दहलाने की चेतावनी दी गई. वहीं, तीसरी धमकी 12 नवंबर को मिली, जिसमें बच्चन के घर, मुंबई एयरपोर्ट और कई बैंकों को निशाने पर बताया गया था.

साइबर सेल कर रही जांच, 'जलसा' के बाहर कड़ी सुरक्षा

फिलहाल पुलिस और साइबर सेल इस बात की गहराई से जांच कर रहे हैं कि ये सोशल मीडिया अकाउंट वाकई गोल्डी ढिल्लों ही चला रहा है या किसी शरारती तत्व ने सनसनी फैलाने के लिए उसके नाम का इस्तेमाल किया है. डिजिटल फुटप्रिंट्स और आईपी एड्रेस खंगाले जा रहे हैं. वहीं दूसरी ओर, किसी भी तरह की चूक से बचने के लिए मुंबई पुलिस ने बच्चन परिवार के आवास 'जलसा' के बाहर सुरक्षा घेरा और सख्त कर दिया है. हालांकि इस पूरे विवाद पर बच्चन परिवार की तरफ से कोई बयान नहीं आया है, लेकिन बिग बी की नई AI पोस्ट ने बिना कुछ कहे ही विरोधियों को करारा जवाब दे दिया है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ज्योति सिंह राजपूत जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले 1 साल से ज्यादा से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. दैनिक जागरण प्रिंट और सहारा न्यूज नेटवर्क में ट्रेनिंग लेने के बाद अब Zee News में काम कर रही हैं. कुछ समय तक लाइफस्टाइल की खबरों में काम करने के बाद अब एंटरटेनमेंट में काम कर रही हैं. वहीं हॉलीवुड की खबरों और फिल्मों पर पैनी नजर रखती हैं. उन्होंने पंडित माखनलाल चतुर्वेदी नेशनल यूनिवर्सिटी (MCU) से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में मास्टर डिग्री हासिल की है. आप Jyoti.Rajput@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES