Amitabh Bachchan 84th Birthday: बॉलीवुड के 'शहंशाह' अमिताभ बच्चन 11 अक्टूबर को 84 साल के हो गए हैं. हर साल की तरह इस बार भी उनके मुंबई वाले बंगले 'जलसा' के बाहर जन्मदिन की पूर्व संध्या पर फैंस की भीड़ देखने को मिली. देश-दुनिया से लोग अपने पसंदीदा स्टार की एक झलक पाने के लिए जलसा के बाहर घंटों खड़े रहे. लेकिन इस बार शनिवार को कुछ ऐसा हुआ जिसकी उम्मीद किसी को नहीं थी. जलसा के गेट नहीं खुले और बिग बी बाहर नहीं आए. फैंस का दिल थोड़ा उदास हो गया, लेकिन फिर आधी रात को अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग पर एक ऐसा मैसेज लिखा, जिसने हर किसी को इमोशनल कर दिया.
अमिताभ बच्चन के जन्मदिन के मौके पर मुंबई का जलसा गेट किसी मेले से कम नहीं लगता. शनिवार को भी वहां हजारों फैंस की भीड़ जमा थी. लोग ढोल-नगाड़े, केक और बैनर लेकर पहुंचे थे. सबको लग रहा था कि बिग बी बाहर आएंगे और हमेशा की तरह हाथ जोड़कर सबका शुक्रिया अदा करेंगे. लेकिन काफी देर इंतजार करने के बाद भी जब अमिताभ बच्चन बाहर नहीं आए, तो फैंस थोड़े निराश हो गए. लेकिन बिग बी अपने फैंस को कभी दुखी नहीं देख सकते.
फैंस की उदासी दूर करने के लिए अमिताभ बच्चन ने रात में ही अपना पर्सनल ब्लॉग अपडेट किया. उन्होंने अपने फैंस को हमेशा की तरह 'ईएफ फैमिली' कहकर संबोधित किया. उन्होंने लिखा, "मेरी पूरी ईएफ फैमिली से मैं दिल से माफी मांगता हूं. आपको 'जलसा' के गेट पर इतनी देर तक इंतजार करना पड़ा और मैं बाहर नहीं आ पाया. लेकिन.. संडे की मुलाकात में.. अरे.. संडे तो आ ही गया है! तो बस आज दिन में थोड़ी देर बाद मिलेंगे और सामने से माफी मांगूंगा."
आपको बता दें कि अमिताभ बच्चन और उनके फैंस के बीच का रिश्ता आज का नहीं है. पिछले 40 से भी ज्यादा सालों से यह रीत चली आ रही है कि हर संडे बिग बी जलसा गेट के बाहर लगे एक स्पेशल प्लेटफॉर्म पर आकर फैंस से मिलते हैं. फैंस उनके पैर छूने, फ्लाइंग किस देने और उनकी तस्वीरें खींचने के लिए बेताब रहते हैं. अपने जन्मदिन पर तो यह नजारा और भी ज्यादा स्पेशल हो जाता है.
अपने ब्लॉग में बिग बी ने जन्मदिन की पूर्व संध्या यानी शनिवार शाम के अनुभवों को शेयर किया. उन्होंने लिखा कि उनके घर वालों और करीबी लोगों ने इस शाम को बहुत ही प्यार, सरप्राइज और शालीनता से भर दिया. यह एक बहुत ही यादगार शाम थी जिसका एहसास उनके साथ हमेशा रहेगा. उन्होंने आगे लिखा, "अकेलापन दिमाग में ढेरों विचार लाता है. इस खास शाम ने उन सभी विचारों को बाहर ला दिया जो अब तक अकेलेपन में कहीं दबे हुए थे. यह यादें हमेशा संभालकर रखने लायक हैं."
84 साल की उम्र में भी अमिताभ बच्चन जिस एनर्जी के साथ काम कर रहे हैं, वो आज के यूथ के लिए बहुत बड़ी इंस्पिरेशन है. आज भी वो 'कौन बनेगा करोड़पति' के सेट पर भागते हुए आते हैं और सोशल मीडिया पर एक्टिव रहते हैं. उनके जन्मदिन पर बॉलीवुड के बड़े-बड़े स्टार्स से लेकर देश के बड़े नेताओं ने उन्हें विश किया. सोशल मीडिया पर #HappyBirthdayAmitabhBachchan ट्रेंड कर रहा है.