SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

9वीं फिल्म लेकर आ रहे अक्षय कुमार और प्रियदर्शन! 70 के दशक की होगी कहानी; ये होगी स्टार कास्ट

बॉलीवुड में हंसी का तड़का लगाने वाली अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की सुपरहिट जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौट रही है. इस बार ये दोनों की साथ में 9वीं फिल्म होने वाली है, जो 70 के दशक के एक बड़ी ही अनोखे शिकारी की कहानी होगी, जो सिनेमाघरों में लोगों को लोटपोट कर देगी. चलिए बताते हैं इस फिल्म के बारे में.

Written By Vandana Saini
Published: Oct 18, 2026, 09:31 AM IST | Updated: Oct 18, 2026, 10:35 AM IST
Image Credit: 9वीं फिल्म में साथ काम करने जा रहे अक्षय कुमार और प्रियदर्शन
Join

बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार एक बार फिर अपने चहेते डायरेक्टर प्रियदर्शन के साथ मिलकर सिनेमाघरों में ऑडियंस को गुदगुदाने आ रहे हैं. दोनों एक नई कॉमेडी फिल्म लेकर आ रहे हैं, जिसकी कहानी 70 के दशक के दौर में सेट होगी. खास बात ये है कि साथ में ये दोनों की 9वीं फिल्म होगी और प्रियदर्शन की 99वीं फिल्म होगी. इस फिल्म में अक्षय कुमार एक बेहद यूनिक और अतरंगी बाघ शिकारी के रोल में दिखाई देंगे. इस फिल्म को जाने-माने प्रोड्यूसर रमेश तौरानी बना रहे हैं. इस प्रोजेक्ट के सामने आते ही दोनों के चाहने वालों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई है.

हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट की शूटिंग इसी साल नवंबर के आखिरी हफ्ते में शुरू होगी. मेकर्स ने करीब 3 महीने का एक लंबा शूटिंग शेड्यूल तैयार किया है. इसकी शूटिंग राजस्थान के मशहूर वन्यजीव इलाकों के साथ-साथ मुंबई में बने एक बड़े सेट पर होगी. इसके अलावा टीम मध्य प्रदेश के भोपाल में भी कुछ खास लोकेशंस की तलाश कर रही है. फिल्म में दिग्गज अभिनेता अन्नू कपूर और कॉमेडी किंग राजपाल यादव भी लीड रोल में नजर आएंगे. वहीं, लीड हीरोइन की तलाश अभी जारी है. फिल्म की कहानी प्रियदर्शन और रोहन शंकर ने मिलकर लिखी है.

दो दशक पुराना है हंसी का ये रिश्ता

अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की इस मशहूर जोड़ी ने पहली बार साल 2000 में आई फिल्म ‘हेरा फेरी’ में साथ काम किया था. ये फिल्म उस दौर की सबसे बड़ी कॉमेडी फिल्मों में गिनी गई और आज भी इसे एक कल्ट क्लासिक माना जाता है. बाबूराव, राजू और श्याम के किरदारों ने हर किसी के दिल पर जबरदस्त छाप छोड़ी थी. इस पहली ही फिल्म की बंपर कामयाबी के बाद इस जोड़ी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा. लगभग 14 साल के लंबे गैप के बाद दोनों ने ‘भूत बंगला’ फिल्म के जरिए फिर हाथ मिलाया. इस जोड़ी को बॉलीवुड का सबसे भरोसेमंद कॉमेडी फॉर्मूला माना जाता है.

रणबीर कपूर की Ramayana में इंद्रदेव का रोल निभा रहे अमिताभ बच्चन के दामाद, आमिर खान संग भी दे चुके एक ब्लॉकबस्टर

साथ मिलकर दीं कई ब्लॉकबस्टर फिल्में

अक्षय कुमार और प्रियदर्शन ने जब भी हाथ मिलाया, सिनेमाघरों में हंसी के ठहाके गूंज उठे. इन दोनों दिग्गजों ने मिलकर ‘हेरा फेरी’, ‘गरम मसाला’, ‘भागम भाग’, ‘भूल भुलैया’, ‘दे दना दन’ और ‘खट्टा मीठा’ जैसी कई यादगार फिल्में दी हैं. इन फिल्मों ने न केवल रिलीज के समय थिएटर्स में तगड़ी कमाई की, बल्कि टीवी और मोबाइल स्क्रीन पर भी आज तक इनका जलवा कायम है. खासकर ‘हेरा फेरी’, ‘गरम मसाला’ और ‘भूल भुलैया’ को हिंदी सिनेमा की बेहतरीन कॉमेडी फिल्मों में गिना जाता है. अब दर्शक इस जोड़ी को एक बार फिर पर्दे पर देखने के लिए बेताब हैं.

टिकट काउंटर पर बनाया शानदार रिकॉर्ड

कमाई और बॉक्स ऑफिस के नजरिए से भी अक्षय और प्रियदर्शन का तालमेल हमेशा जबरदस्त रहा है. उस दौर में ‘हेरा फेरी’ ने करीब 21 करोड़ रुपए का बिजनेस किया था. इसके बाद आई ‘गरम मसाला’ ने लगभग 54 करोड़ और ‘भागम भाग’ ने 67 करोड़ रुपए बटोरे. हॉरर कॉमेडी ‘भूल भुलैया’ ने दुनिया भर में 82 करोड़ का बड़ा कारोबार किया था. इसके अलावा ‘दे दना दन’ ने 65 करोड़ और ‘खट्टा मीठा’ ने करीब 55 करोड़ रुपए कमाए. फिल्मों की कमाई के साथ-साथ उनकी बार-बार देखे जाने की खूबी ने उन्हें हमेशा सबसे अलग बनाए रखा.

नए प्रोजेक्ट पर प्रियदर्शन का बयान

जब इस नए प्रोजेक्ट को लेकर हिंदुस्तान टाइम्स ने डायरेक्टर प्रियदर्शन से सीधे बात करने की कोशिश की, तो उन्होंने अभी खुलकर कुछ भी बोलने से साफ मना कर दिया. उन्होंने मुस्कुराते हुए बस इतना कहा, ‘पहले प्रोजेक्ट पूरी तरह फाइनल हो जाने दीजिए, फिर मैं इस पर खुलकर बात करूंगा’. हालांकि, अंदर की खबरों की मानें तो फिल्म की तैयारियां बहुत तेजी से चल रही हैं. इस जोड़ी की वापसी से फिल्म इंडस्ट्री और दर्शकों को पूरी उम्मीद है कि इस बार भी बड़े पर्दे पर हंसी का एक जबर्दस्त तूफान आने वाला है, जिसका इंतजार हर किसी को है.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES