App

'इसलिए बड़े लोग मुझे नहीं लेते...' ओवरटाइम कल्चर पर अक्षय का बेबाक स्टैंड, साल में कई फिल्में देने वाले स्टार ने बताया क्यों जरूरी है 8 घंटे की शिफ्ट

फिटनेस स्टार अक्षय कुमार ने हाल ही में 'कॉफी विद करण 9' में बताया कि उनके 8 घंटे की शिफ्ट नियम के कारण बड़े प्रोड्यूसर उन्हें कास्ट करने से कतराते हैं. अपनी बात का बचाव करते हुए उन्होंने टॉम क्रूज और क्रिस्टोफर नोलन का उदाहरण दिया.

'इसलिए बड़े लोग मुझे नहीं लेते...' ओवरटाइम कल्चर पर अक्षय का बेबाक स्टैंड, साल में कई फिल्में देने वाले स्टार ने बताया क्यों जरूरी है 8 घंटे की शिफ्ट

खिलाड़ी यानी अक्षय कुमार ने अपनी फिटनेस, वक्त की पाबंदी और तेज रफ्तार से काम करने के अंदाज से बॉलीवुड में अलग पहचान बनाई है. साल में कई फिल्में करने के लिए मशहूर अक्षय हमेशा से एक तय नियम और डिसिप्लिन के साथ चलते आए हैं. हाल ही में करण जौहर के चैट शो ‘कॉफी विद करण’ सीजन 9 में वो रवि किशन के साथ नजर आए, जहां उन्होंने अपने इसी काम करने के तरीके पर खुलकर बात की. शो के दौरान अक्षय ने बताया कि उनका 8 घंटे की शिफ्ट वाला नियम कई बड़े फिल्म प्रोड्यूसर को रास नहीं आता, जिसकी वजह से वो उन्हें अपनी फिल्मों में लेने से कतराते हैं.

बातचीत के दौरान जब करण जौहर ने अक्षय की इस बात के लिए तारीफ की कि वो नए निर्देशकों को मौका देते हैं और निर्माताओं दोनों के हिसाब का ख्याल रखते हैं, तो अक्षय ने अपनी बात बेबाकी से रखी. उन्होंने कहा, 'बहुत से बड़े लोग मुझे कास्ट नहीं करना चाहते. बहुत सारी अफवाहें हैं. वो कहते हैं कि मैं सिर्फ आठ घंटे काम करता हूं लेकिन वो भूल जाते हैं कि मैं उन आठ घंटों के लिए अपनी वैनिटी वैन में भी नहीं जाता.'

अक्षय ने आगे कहा कि 'हमारा काम कैमरे के सामने रहना है और लोग आपको कैमरे के सामने खूबसूरत देखना चाहते हैं, थका हुआ नहीं. इसलिए मैंने सोचा कि मैं आठ घंटे काम करूंगा, आठ घंटे सोऊंगा, दो घंटे अपनी फिजीक पर खर्च करूंगा और कुछ घंटे अपनी फैमिली को डेडिकेट करूंगा.'

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

कम दिनों में फिल्म पूरी कर बचाते हैं निर्माताओं के पैसे

इस दौरान रवि किशन ने भी सेट पर अक्षय कुमार की फुर्ती और एनर्जी की जमकर तारीफ की. रवि ने कहा कि अक्षय जिस रफ्तार से काम करते हैं, उससे फिल्में समय से पहले पूरी हो जाती हैं और निर्माताओं का काफी पैसा बचता है. उन्होंने बताया कि अक्षय आम तौर पर करीब 55 दिनों में एक फिल्म की शूटिंग खत्म कर लेते हैं, जिससे न केवल निर्माता फायदे में रहते हैं बल्कि यूनिट के 300 से 400 लोगों को लगातार काम भी मिलता है.

क्रिस्टोफर नोलन-टॉम क्रूज का दिया एग्जाम्पल

अक्षय ने आगे कहा कि अक्सर लोग इस बात पर हैरानी जताते हैं कि वो 65 दिनों में पूरी फिल्म कैसे निपटा लेते हैं. इस सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने हॉलीवुड के बड़े नामों का हवाला दिया. अक्षय ने कहा, 'मैंने हाल ही में क्रिस्टोफर नोलन का एक इंटरव्यू पढ़ा और जाहिर है कि वो एक फिल्म को पूरा करने में 90 दिनों से ज्यादा नहीं लेते हैं. टॉम क्रूज ने 'मिशन: इम्पॉसिबल' को 55 दिनों में पूरा किया था.'

दीपिका पादुकोण के बयान के बाद तेज हुई थी बहस

बॉलीवुड में आठ घंटे की शिफ्ट को लेकर चर्चा पहले भी गरमा चुकी है. साल 2025 में जब खबर आई थी कि दीपिका पादुकोण ने आठ घंटे काम करने की शर्त के चलते संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म ‘स्पिरिट’ छोड़ दी है, तो इंडस्ट्री में वर्क-लाइफ बैलेंस पर बड़ी बहस शुरू हो गई थी. इसके बाद ‘कल्कि 2898 AD’ के निर्माताओं ने भी साफ किया था कि दीपिका इसके सीक्वल का हिस्सा नहीं होंगी, जिसके बाद उनकी 8 घंटे की शिफ्ट और मुनाफे में हिस्सेदारी की मांग की खबरें सामने आई थीं.

इंडस्ट्री के कई सितारों ने किया था सपोर्ट

अक्टूबर 2025 में एक इंटरव्यू में दीपिका पादुकोण ने अपने इस फैसले का खुलकर बचाव किया था. उन्होंने कहा था कि इंडस्ट्री के कई बड़े मेल सुपरस्टार्स सालों से 8 घंटे की शिफ्ट में काम करते रहे हैं, लेकिन उन पर कभी सवाल नहीं उठाए गए. दीपिका के मुताबिक महिला होने के कारण उनकी इस जायज मांग को गलत तरीके से पेश नहीं किया जाना चाहिए. उस वक्त आलिया भट्ट, करण जौहर और नेहा धूपिया समेत कई सितारों ने दीपिका का सपोर्ट किया था.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Jyoti Rajput

Jyoti Rajput

ज्योति सिंह राजपूत जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले 1 साल से ज्यादा से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. दैनिक जागरण प्रिंट और सहारा न्यूज नेटवर्क में ट्रेनिंग लेने के बाद अब Zee News में काम कर रही हैं. कुछ समय तक लाइफस्टाइल की खबरों में काम करने के बाद अब एंटरटेनमेंट में काम कर रही हैं. वहीं हॉलीवुड की खबरों और फिल्मों पर पैनी नजर रखती हैं. उन्होंने पंडित माखनलाल चतुर्वेदी नेशनल यूनिवर्सिटी (MCU) से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में मास्टर डिग्री हासिल की है. आप Jyoti.Rajput@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं.
Read More