कॉलेज में टीचर ने खींची एक तस्वीर और बदल गई ऐश्वर्या राय की किस्मत, ऐसे बनीं मिस वर्ल्ड
बॉलीवुड की खूबसूरत एक्ट्रेस ऐश्वर्या राय हमेशा से किसी पहचान की मोहताज नहीं रही हैं. उन्होंने अपने पूरे फिल्मी करियर में अपनी शानदार एक्टिंग से हर किसी के दिल में खास जगह बनाई है. ऐश्वर्या की कॉलेज की एक तस्वीर ने उनकी जिंदगी बदल दी थी. आइए जानते हैं कैसे दुनिया की सबसे चर्चित हसीनाओं में शामिल होने का उन्हें रास्ता मिला-
बॉलीवुड एक्ट्रेस ऐश्वर्या राय बच्चन ने अपने करियर में एक ऐसा मुकाम हासिल किया है. उन्होंने अपनी नीली आंखों, बेमिसाल खूबसूरती और शानदार अदाकारी से दुनियाभर में अलग पहचान बनाई है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि उनकी जिंदगी में एक ऐसी तस्वीर आई थी, जिसने उनकी पूरी जिंदगी ही बदल दी? दरअसल, कॉलेज के दिनों में उनके प्रोफेसर ने उनकी कुछ तस्वीरें क्लिक की थीं, जिसके बाद वो तस्वीरें फैशन मैगजीन तक पहुंचीं और वहीं से ऐश्वर्या का मॉडलिंग करियर शुरू हुआ था.
जैसा कि हम सभी जानते हैं कि 1994 में ऐश्वर्या राय ने मिस वर्ल्ड का ताज अपने सिर पर सजाया था और देश का नाम रोशन किया था. इसके बाद उन्होंने मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा, लेकिन ऐश्वर्या राय के लिए यह सफर बिल्कुल भी आसान नहीं था. ऐसे में हसीना के जन्मदिन के खास मौके पर इस किस्से पर नजर डालते हैं-
ऐश्वर्या राय का जन्म 1 नवंबर 1973 को कर्नाटक के मैंगलोर में हुआ था. उनके पिता कृष्णराज राय मरीन इंजीनियर थे, जबकि मां वृंदा राय लेखिका हैं. उनका एक बड़ा भाई आदित्य राय है, जो मर्चेंट नेवी में काम कर चुका है. ऐश्वर्या का परिवार बाद में मुंबई आ गया, जहां उन्होंने अपनी पढ़ाई पूरी की. उन्होंने कॉलेज में आर्किटेक्चर की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही ऐश्वर्या की दिलचस्पी मॉडलिंग में बढ़ने लगी. इसके बाद उन्हें कई विज्ञापनों में काम करने का मौका मिला. एक कोल्ड ड्रिंक के विज्ञापन में आमिर खान और महिमा चौधरी के साथ नजर आने के बाद वह काफी चर्चा में आईं. विज्ञापन में उनका 'हाय, आई एम संजना' कहना लोगों को याद रह गया.
प्रोफेसर के कहने पर करवाया था फैशन फीचर शूट
ऐश्वर्या राय के शुरुआती जीवन पर प्रकाशित प्रोफाइल और इंटरव्यू 'द वीक' में बताया गया है कि ऐश्वर्या की एक कॉलेज प्रोफेसर थीं, जो मैगजीन में फोटो जर्नलिस्ट के तौर पर काम करती थीं. एक बार प्रोफेसर ने ऐश्वर्या से रिक्वेस्ट की थी कि वह उनके प्रोजेक्ट में मदद करें, क्योंकि उनके पास उस प्रोजेक्ट के लिए समय नहीं था. जिसके बाद ऐश्वर्या ने अपनी प्रोफेसर की बात मानी और फैशन फीचर के लिए शूट करवाया.
एक्ट्रेस ने इंटरव्यू में आगे बताया था कि हमेशा से उनकी नीली आंखों और बालों के चलते उनका लुक काफी अलग लगता था. नीली आंखों की वजह से ही वह भीड़ में सबसे अलग नजर आती थीं. अक्सर उन्हें देखकर लोग उन्हें क्यूट बताते थे. मिस वर्ल्ड का खिताब जीतने के बाद उनकी पूरी जिंदगी बदल गई थी. उनकी तरफ लोगों का बर्ताव बदलने लगा था. लोग उन्हें बहुत ध्यान से सुनने लगे थे. मिस वर्ल्ड का खिताब जीतने के बाद उन्होंने फिल्मी दुनिया में कदम रखा था.
साल 1994 में आया जिंदगी में बड़ा मोड़
साल 1994 में ऐश्वर्या की जिंदगी का बड़ा मोड़ साबित हुआ. उन्होंने मिस इंडिया प्रतियोगिता में हिस्सा लिया लेकिन यह खिताब सुष्मिता सेन ने जीता. ऐश्वर्या इस प्रतियोगिता में फर्स्ट रनर-अप रहीं. इसके बाद उन्होंने मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया और खिताब अपने नाम कर लिया. इस जीत के बाद उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ी. उस समय वह आर्किटेक्चर की पढ़ाई के दूसरे साल में थीं. उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया कि मिस वर्ल्ड बनने के बाद उन्होंने यह जानने की कोशिश की थी कि क्या वह अपनी पढ़ाई जारी रख सकती हैं और अपने बैच के साथ डिग्री पूरी कर पाएंगी. हालांकि लगातार मिल रहे काम के कारण उनका करियर फिल्मों की तरफ बढ़ गया.
1997 में तमिल फिल्म से रखा एक्टिंग की दुनिया में कदम
ऐश्वर्या ने 1997 में मणिरत्नम की तमिल फिल्म 'इरुवर' से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा. इसी साल उनकी पहली हिंदी फिल्म 'और प्यार हो गया' रिलीज हुई, जिसमें वह बॉबी देओल के साथ नजर आईं. हालांकि, शुरुआत में उन्हें फिल्मों में खास सफलता नहीं मिली लेकिन 1998 में आई तमिल फिल्म 'जीन्स' ने उन्हें दक्षिण भारतीय सिनेमा में पहचान दिलाई. इसके बाद 1999 में आई संजय लीला भंसाली की फिल्म 'हम दिल दे चुके सनम' उनके करियर की बड़ी हिट साबित हुई. इसमें उन्होंने सलमान खान और अजय देवगन के साथ काम किया. फिल्म में नंदिनी के किरदार के लिए उन्हें काफी तारीफ मिली और फिल्मफेयर बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड भी मिला.
साल 2002 में करियर में इस फिल्म से मिली ऊंचाई
साल 2002 में आई 'देवदास' ने उनके करियर को नई ऊंचाई दी. इसमें उन्होंने शाहरुख खान और माधुरी दीक्षित के साथ काम किया. पारो के किरदार में उनकी एक्टिंग और लुक को दर्शकों ने खूब पसंद किया. इस फिल्म के लिए उन्हें एक और फिल्मफेयर बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड मिला. इसके बाद उन्होंने 'धूम 2', 'गुरु', 'जोधा अकबर', 'सरकार राज', 'गुजारिश' और 'ऐ दिल है मुश्किल' जैसी फिल्मों में काम किया.
2003 में कान्स फिल्म फेस्टिवल जूरी का बनीं हिस्सा
ऐश्वर्या ने हिंदी के अलावा तमिल, बंगाली और अंग्रेजी फिल्मों में भी काम किया है. वह अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह कान्स में भी भारतीय सिनेमा का जाना-पहचाना चेहरा रही हैं. साल 2003 में वह कान्स फिल्म फेस्टिवल की जूरी का हिस्सा बनी थीं. साल 2009 में भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया. फ्रांस सरकार ने भी उन्हें ऑर्डर ऑफ आर्ट्स एंड लेटर्स सम्मान दिया.
निजी जिंदगी की बात करें तो ऐश्वर्या ने 20 अप्रैल 2007 को अभिनेता अभिषेक बच्चन से शादी की. दोनों की मुलाकात फिल्मों के दौरान हुई थी और धीरे-धीरे उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई. नवंबर 2011 में उनकी बेटी आराध्या का जन्म हुआ. शादी के बाद भी ऐश्वर्या फिल्मों में काम करती रहीं और परिवार के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाती रहीं.
इनपुट आईएएनएस के साथ भी