Akshay Kumar: 8 घंटे काम और फिर 'पार्टी' के नाम पर दौड़-स्विमिंग, अक्षय कुमार का रूटीन सुनकर अभिषेक भी रह गए दंग!
Akshay Kumar: अक्षय कुमार की सख्त दिनचर्या और फिटनेस रूटीन पर अभिषेक बच्चन ने मजेदार खुलासे किए. जानिए अक्षय कुमार का 8 घंटे का वर्क रूटीन, शाम का खाना और उनके पार्टी करने का अनोखा अंदाज-
Akshay Kumar: बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार की अनुशासित जीवनशैली, सुबह जल्दी उठना, काम के तय घंटे, नियमित वर्कआउट और कंट्रोल डाइट की चर्चा सह-कलाकारों और फैंस के बीच सालों से होती रही है. 'द कपिल शर्मा शो' में 'हाउसफुल' फ्रेंचाइजी के प्रमोशन के दौरान अभिषेक बच्चन और रितेश देशमुख ने अक्षय के साथ शूटिंग के अनुभव का मजेदार किस्सा शेयर किया था.
अभिषेक ने बताया था कि अक्षय के लिए 'पार्टी' का मतलब आम लोगों से बेहद अलग होता है और वह देर रात तक जश्न मनाने वालों में से बिल्कुल नहीं हैं.
सेट पर कैसा रहता है अक्षय कुमार का वर्क रूटीन?
अभिषेक के मुताबिक, अक्षय कुमार सेट पर बहुत सख्त रूटीन का पालन करते हैं और 8 घंटे में अपना काम निपटाकर फिटनेस पर ध्यान देते हैं. अभिषेक ने चुटकी लेते हुए कहा, 'अक्षय कुमार को देखकर लगता है जैसे उन्होंने 5–6 साल से खाना ही नहीं खाया है. वह चाय, कॉफी, कोल्ड ड्रिंक्स या मिठाइयां तक नहीं खाते. अगर आप अक्षय के साथ काम कर रहे हैं, तो पार्टी का तरीका ही बदल जाता है. जैसे ही पैक-अप का ऐलान होता है, अक्षय सबसे ज्यादा खुश होते हैं. सुबह 7 बजे सेट पर पहुंचते ही उनका समय शुरू होता है और 8 घंटे में वह सब खत्म कर लेते हैं. इसके बाद पार्टी के नाम पर वह कहते हैं कि चलिए साइकिल चलाकर या पैदल ही होटल चलते हैं.'
शूटिंग खत्म होने के बाद अक्षय अपने सह-कलाकारों से क्या करवाते?
अभिषेक ने याद किया कि शूटिंग के बाद रिलैक्स करने का अक्षय का तरीका एक और कठिन वर्कआउट में बदल जाता है. अभिषेक ने बताया, 'शूटिंग खत्म होने के बाद अगर होटल 50 किलोमीटर दूर भी हो, तो वह कहते हैं कि दौड़ते हुए पहुंच जाएंगे. होटल पहुंचकर वह 50 लैप्स स्विमिंग करने को कहते हैं. रितेश 10 लैप्स में ही थक जाते थे, फिर मैं उनकी मदद करता और खुद थक जाता, जिसके बाद ट्रेनर को हमारी मदद करनी पड़ती थी. इसके बाद जब भूख लगती और हम बटर चिकन के बारे में सोचते, तो अक्षय उबली हुई गाजर, पालक और अंडे खाते. रोटी या चावल भी नहीं होता था. फिर वह कहते कि कल सुबह सेट पर पैदल चलेंगे. यही उनकी पार्टी है.' अभिषेक ने कहा कि अक्षय के साथ एक दिन बिताने का मतलब है कि आप इतने थक जाएंगे कि रात 9 बजे सोने के अलावा कोई चारा नहीं बचेगा.
अक्षय कुमार केवल 8 घंटे ही काम क्यों करते हैं?
अक्षय कुमार का मानना है कि 8 घंटे का वर्कडे कोई आदत नहीं, बल्कि एक सोच-समझकर लिया गया फैसला है. 'गलाटा प्लस' को दिए एक इंटरव्यू में अक्षय ने कहा था कि 'मैं दिन में केवल 8 घंटे काम करता हूं. मुझे लगता है कि जब आप कैमरे के सामने होते हैं, तो वह आपके चेहरे के हर एक रोमछिद्र को कैप्चर करता है. 8 घंटे के बाद शरीर थक जाता है. दिन में 24 घंटे होते हैं, '8 घंटे की नींद, 2 घंटे खाना, 2 घंटे वर्कआउट और कुछ घंटे परिवार के साथ बिताने के लिए चाहिए.' रणवीर इलाहाबादिया से बातचीत में अक्षय ने यह भी बताया कि सुबह जल्दी उठने और रात को जल्दी सोने की आदत उन्हें बचपन से ही मिली है.
जल्दी खाना खाने को लेकर क्या है अक्षय की सोच?
अक्षय कुमार हमेशा से शाम को जल्दी खाना खाने पर जोर देते आए हैं. 'योर बॉडी ऑलरेडी नोज़' किताब के लॉन्च पर उन्होंने बताया कि रात के खाने और सोने के बीच समय होना क्यों जरूरी है. उन्होंने कहा, 'जब हम सुबह उठकर नाश्ता करते हैं, तो पेट फिर से काम पर लग जाता है. ज्यादातर बीमारियां पेट से ही शुरू होती हैं. अगर आप शाम 6:30 बजे तक खाना खा लेते हैं, तो रात 9 या 10 बजे सोने तक पेट को भोजन पचाने का पूरा समय मिल जाता है और वह आराम के लिए तैयार हो जाता है.'