)
बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान लंबे समय से एक बड़ी कमबैक फिल्म की तलाश में हैं. भले ही उनकी पिछली रिलीज ‘सितारे जमीन पर’ बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई, लेकिन आमिर के स्टारडम के हिसाब से फैंस को अभी भी उनकी एक ऑल-टाइम ब्लॉकबस्टर फिल्म का इंतजार है. अब ऐसा लग रहा है कि उनकी ये तलाश जल्द ही खत्म होने वाली है. आमिर एक बार फिर जाने-माने डायरेक्टर आशुतोष गोवारिकर के साथ काम करने जा रहे हैं. इस नई स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म का नाम ‘ललकारा’ रखा गया है, जिसे लेकर फैंस के बीच जबरदस्त बज बना हुआ है.
आमिर खान अपनी फिल्मों में परफेक्शन लाने के लिए जाने जाते हैं और इस बार भी वे अपनी फिल्म में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते. मीडिया रिपोर्ट्स और करीबी सूत्रों की मानें तो आमिर ने ‘ललकारा’ के लिए अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं. इस फिल्म में वे स्वतंत्र भारत के पहले क्रिकेट कैप्टन लाला अमरनाथ के किरदार में नजर आने वाले हैं. अपने रोल को असली दिखाने के लिए आमिर न केवल क्रिकेट की बारीकियां सीख रहे हैं, बल्कि अपनी फिटनेस पर भी खास ध्यान दे रहे हैं. इसके लिए उन्होंने एक डाइटिशियन की सलाह पर खास शाकाहारी डाइट प्लान भी शुरू कर दिया है.

आशुतोष गोवारिकर के डायरेक्शन में बनने वाली इस फिल्म की कहानी भारतीय क्रिकेट इतिहास के एक बेहद गोल्डन और इमोशनल दिनों पर आधारित है. फिल्म में साल 1952 में खेली गई भारत और पाकिस्तान की टेस्ट सीरीज को दिखाया जाएगा. साल 1947 के विभाजन के बाद दोनों देशों के बीच ये पहली ऑफिशियल टेस्ट सीरीज थी, जिसे लेकर दोनों तरफ के लोगों में भारी रोमांच था. लाला अमरनाथ की कैप्टेंसी में भारतीय टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए पाकिस्तान को 2-1 से धूल चटाई थी. ‘ललकारा’ इसी ऐतिहासिक जीत और उस दौर के जज्बे की कहानी को बड़े पर्दे पर जीवंत करेगी.
इस नई फिल्म में आमिर खान के साथ कई शानदार एक्टर्स भी काफी दमदार रोल निभाते हुए दिखेंगे. खबर है कि आमिर इन दिनों अपने साथी कलाकारों विक्रांत मेस्सी, जितेंद्र कुमार और धैर्य करवा के साथ साउथ मुंबई के एक बड़े क्रिकेट क्लब में हर दिन जमकर प्रैक्टिस कर रहे हैं. इन सभी स्टार्स को खेल की बारीकियां समझाने के लिए टीम इंडिया के दो पुराने खिलाड़ियों को खास तौर पर बुलाया गया है. मजे की बात यह है कि इन्हीं दोनों कोच ने पहले कबीर खान की फिल्म ‘83’ के दौरान रणवीर सिंह और उनकी टीम को भी ट्रेन किया था, जिसकी वजह से पर्दे पर मैच बिल्कुल असली लगे थे.

आमिर खान और आशुतोष गोवारिकर की नई फिल्म ‘ललकारा’ की शूटिंग को लेकर एक अपडटे भी आया है. इस फिल्म की शूटिंग अगले साल 4 जनवरी 2027 से शुरू होने वाली है. ये तारीख आमिर और आशुतोष दोनों के दिल के काफी करीब है. इसके पीछे की वजह ये है कि ठीक 27 साल पहले 4 जनवरी 2000 को ही इन दोनों ने अपनी मशहूर फिल्म ‘लगान’ की शूटिंग शुरू की थी. ‘लगान’ ने बॉलीवुड में सक्सेस के नए रिकॉर्ड बनाए थे और ऑस्कर अवॉर्ड्स तक अपनी पहचान बनाई थी. ऐसे में उसी तारीख को अपनी अगली फिल्म शुरू करना दोनों के लिए किसी अच्छे शगुन से कम नहीं है.
आमिर और आशुतोष की जोड़ी जब भी बड़े पर्दे पर साथ आती है, तो दर्शकों को कुछ नया और शानदार देखने को मिलता है. अब ‘ललकारा’ को लेकर भी फैंस के बीच कुछ ऐसी ही उम्मीदें बनी हुई हैं. हालांकि, फिल्म के मेकर्स ने अभी तक इसकी ऑफिशियल रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया है, लेकिन इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का मानना है कि ये फिल्म अगले साल दिसंबर 2027 में क्रिसमस के मौके पर सिनेमाघरों में आ सकती है. अभी आमिर और उनकी पूरी टीम का फोकस सिर्फ क्रिकेट की प्रैक्टिस और अपने किरदारों की तैयारी पर है, ताकि पर्दे पर सब कुछ एकदम असली और दमदार लगे.