प्रोटेस्ट में जाना पड़ा भारी: आमिर खान के भांजे इमरान खान को 28 अक्टूबर तक छोड़ना होगा देश, मुंबई पुलिस ने थमाया नोटिस
Imran Khan Must Leave India Notice: बॉलीवुड एक्टर इमरान खान एक बड़े कानूनी पचड़े में फंस गए हैं. मुंबई में हुए एक सियासी विरोध प्रदर्शन में शामिल होना उन्हें बेहद भारी पड़ गया. पुलिस ने न सिर्फ उन्हें हिरासत में लिया, बल्कि अब देश छोड़ने की डेडलाइन भी दे दी है. जानिए आखिर क्यों उन पर ये सख्त कार्रवाई हुई.
बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता आमिर खान के भांजे और मशहूर एक्टर इमरान खान बड़ी मुश्किल में फंस गए हैं. लंबे समय तक फिल्मी पर्दे से दूर रहने के बाद वे अचानक सुर्खियों में छा गए, लेकिन इस बार वजह उनकी कोई नई फिल्म नहीं, बल्कि एक कानूनी पचड़ा है. मुंबई पुलिस ने उन्हें 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का औपचारिक नोटिस थमा दिया है. ये कदम उनके एक राजनीतिक विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने के बाद उठाया गया है. इस खबर के सामने आते ही बॉलीवुड से लेकर सोशल मीडिया तक खलबली मच गई है और लोग हैरान हैं.
दरअसल, ये पूरा मामला मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुए एक प्रोटेस्ट से जुड़ा है. यहां मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का विरोध प्रदर्शन चल रहा था. इस विरोध में इमरान खान अपनी गर्लफ्रेंड लेखा वाशिंगटन के साथ शामिल होने पहुंचे थे. प्रोटेस्ट के दौरान पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इमरान खान को हिरासत में ले लिया था. इसके बाद पुलिस वैन के अंदर से उनकी कई सेल्फी, फोटो-वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे, जिसके बाद उन पर चारों तरफ से सवाल उठने लगे.
विदेशी नागरिकता बनी अभिनेता के लिए बड़ा सिरदर्द
इमरान खान के खिलाफ ये सख्त कार्रवाई उनके विदेशी पासपोर्ट और नागरिकता की वजह से हुई है. असल में इमरान खान भारतीय नागरिक नहीं हैं, बल्कि वे एक अमेरिकी नागरिक हैं. इमिग्रेशन एक्ट के तहत किसी भी विदेशी नागरिक को भारत में किसी भी तरह के राजनीतिक विरोध प्रदर्शन या सियासी गतिविधियों में हिस्सा लेने की परमिशन नहीं होती है. नियमों के मुताबिक, विदेशी नागरिक भारत में सिर्फ अपने तय वीजा नियमों के तहत ही रह सकते हैं. ऐसे में एक विदेशी नागरिक होकर भारतीय राजनीति से जुड़े धरने में शामिल होना सीधे तौर पर कानून का उल्लंघन माना गया है.
मुंबई पुलिस ने थमाया देश छोड़ने का कड़ा नोटिस
मुंबई पुलिस के हाई-रैंकिंग ऑफिसर्स के मुताबिक, इमरान खान के खिलाफ इमिग्रेशन कानून की संबंधित धाराओं के तहत सीधी कार्रवाई की गई है. पुलिस ने साफ कर दिया है कि किसी भी विदेशी नागरिक को देश के कानून और वीजा शर्तों को तोड़ने की छूट नहीं दी जा सकती. इसी के चलते उन्हें 28 अक्टूबर तक देश से बाहर जाने का साफ आदेश दिया गया है. पुलिस प्रशासन ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाया है, ताकि भविष्य में कोई भी विदेशी नागरिक इस तरह से देश की आंतरिक राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होने की गलती न करे.
कौन हैं एक्टर इमरान खान?
इमरान खान का फिल्मी दुनिया से पुराना नाता रहा है. वे मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान और डायरेक्ट-प्रोड्यूसर मंसूर खान के भांजे हैं. बचपन में कई फिल्मों में नजर आने के बाद उन्होंने बतौर लीड एक्टर अपनी पहली रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म ‘जाने तू... या जाने ना’ से धमाकेदार शुरुआत की थी. इस फिल्म में उनके सीधे-साधे किरदार को लोगों और क्रिटिक्स दोनों से खूब प्यार मिला और वे रातोंरात स्टार बन गए.
इसके बाद इमरान ने डार्क थ्रिलर ‘किडनैप’, एक्शन फिल्म ‘लक’ और हल्की-फुल्की लव स्टोरी वाली फिल्म ‘आई हेट लव स्टोरीस’ जैसी अलग-अलग जॉनर की फिल्मों में काम किया. उनकी क्राइम-कॉमेडी फिल्म ‘डेली बेली’ बॉक्स ऑफिस पर एक बहुत बड़ी हिट साबित हुई, जिसमें एक संघर्षरत जर्नलिस्ट का रोल प्ले किया था. फिलहाल, कई सालों से वे फिल्मों से दूर हैं और वापसी की तैयारी कर रहे थे, लेकिन अब लगता है कि उनकी वापसी उनके फैंस के लिए सपना ही रह जाएगी.