SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

जब नाना ने हिला डाला था पूरा बॉलीवुड: पहली बार मांगी थी 1 करोड़ फीस, प्रोड्यूसर से धुलवाए थे बर्तन; बड़े-बड़े हीरो भी रह गए थे हैरान

Nana Patekar Demand 1 Cr Fee: 35 रुपये महीने की कमाई से शुरू होकर एक फिल्म के 1 करोड़ रुपये मांगने तक, नाना पाटेकर ने बॉलीवुड में अपनी अलग सल्तनत बनाई. दिग्गज अभिनेता के निधन के बाद उनकी बेबाक जिंदगी, पहली बार एक करोड़ की फीस और प्रोड्यूसर से बर्तन धुलवाने वाले अनसुने किस्से फिर चर्चा में हैं.

Written By Vandana Saini
Published: Oct 08, 2026, 11:10 AM IST | Updated: Oct 08, 2026, 01:22 PM IST
Image Credit: जब नाना पाटेकर ने एक रोल के लिए मांगे थे 1 Cr
Join

भारतीय सिनेमा के बेबाक और दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का 8 अक्टूबर को 75 साल की उम्र में निधन हो गया. उनके जाने से हिंदी और मराठी सिनेमा ने एक ऐसा फनकार खो दिया, जिसकी आवाज और डायलॉग बोलने का अंदाज सबसे जुदा था. सामने आई रिपोर्ट्स के मुताबिक नाना को गोवा में अपने घर पर अचानक सीने में दर्द उठा, जिसके बाद उनको आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने करीब 45 मिनट तक उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उनकी सांसें लौट न सकीं. उनके जाने के बाद उनकी सादगी और शर्तों पर जीने की कहानियां फिर ताजा हो गई हैं.

नाना पाटेकर का करोड़ों की फीस तक पहुंचने का ये सफर बहुत तंगहाली और आंसुओं से होकर गुजरा था. उन्होंने खुद एक इंटरव्यू में अपने बीते दिनों का दर्द बयां किया था. कम उम्र में परिवार की खराब माली हालत के चलते उन्हें सड़कों पर उतरना पड़ा. वे फिल्मों के पोस्टर पेंट करने का काम करते थे और महीने के केवल 35 रुपये कमाते थे. नाना के 1998 के रेडिफ वाले इंटरव्यू का हवाला देते हुए एक मीडिया हाउस ने बताया कि वे काम के लिए रोजाना करीब 8 किलोमीटर पैदल चलकर चूनाभट्टी जाते थे. वहां दिन भर की कड़ी धूप के बदले उन्हें एक वक्त का खाना और महीने के 35 रुपये मिले थे.

थिएटर से शुरू होकर नेशनल अवॉर्ड तक का सफर

थिएटर के मजबूत मंच से निकलकर नाना ने 1978 में फिल्म ‘गमन' से बड़े पर्दे पर कदम रखा था. शुरुआती दौर में पहचान धीमी रही, मगर फिल्म ‘अंकुश' ने ऑडियंस और फिल्ममेकर्स को उनकी अदाकारी का कायल बना दिया. इसके बाद ‘परिंदा’ ने उन्हें सिनेमा के सबसे धाकड़ कलाकारों की कतार में ला खड़ा किया. फिर तो ‘तिरंगा’, ‘क्रांतिवीर’, ‘अग्नि साक्षी’, ‘खामोशी: द म्यूजिकल’, ‘गुलाम-ए-मुस्तफा’, ‘यशवंत’, ‘अब तक छप्पन’, ‘अपहरण’, ‘टैक्सी नंबर 9211’, ‘राजनीति’, ‘वेलकम’ और ‘नटसम्राट’ जैसी फिल्मों ने इतिहास रचा. ‘परिंदा’ के लिए उन्हें बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर और ‘क्रांतिवीर’ के लिए बेस्ट एक्टर का नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिला.

रंगमंच से बड़े पर्दे तक: थिएटर की वो भट्टी... जिसने तराशा नाना पाटेकर जैसा बेमिसाल अदाकार और बनाया सिनेमा का ‘नटसम्राट’

जब 90s में बढ़ गया नाना का रूतबा

90 का दौर आते-आते नाना पाटेकर फिल्म इंडस्ट्री का एक बड़ा और असरदार चेहरा बन चुके थे. लोग केवल उनके डायलॉग और अंदाज को देखने सिनेमाघरों में खिंचे चले आते थे. साल 1993 की सुपरहिट फिल्म ‘तिरंगा’ के लिए नाना को करीब 45 लाख रुपये की भारी फीस मिली थी. इसके बाद ‘क्रांतिवीर’ और ‘अग्नि साक्षी’ की जबरदस्त सक्सेस ने उनकी मार्केट में कीमत कई गुना बढ़ा दी. न्यूज 18 की रिपोर्ट के मुताबकि, ‘अग्नि साक्षी’ के बाद 90 के दशक के बीच में नाना की मांग करीब 1.25 करोड़ पर मूवी पहुंच गई थी. ये उस लड़के की ऐतिहासिक जीत थी, जिसने कभी चंद रुपयों के लिए पोस्टर रंगे थे.

नाना बने पहले एक्टर, जिन्होंने मांगी 1 Cr फीस

बॉलीवुड के गलियारों में सबसे ज्यादा मशहूर किस्सा नाना पाटेकर के एक करोड़ रुपये फीस मांगने का है. जाने-माने अभिनेता परेश रावल ने द लल्लनटॉप को दिए एक इंटरव्यू में ये मजेदार बात बताई थी. उनके मुताबिक नाना पहले ऐसे एक्टर थे, जिन्होंने किसी फिल्म के लिए सीधे 1 करोड़ रुपये की बड़ी रकम मांग ली थी. उस जमाने में कई बड़े हीरो भी इतनी मोटी रकम मांगने से कतराते थे. परेश ने बताया कि नाना ने ये रकम केवल मांगी ही नहीं, बल्कि मेकर्स ने उन्हें खुशी-खुशी दी भी. द इकोनॉमिक टाइम्स ने भी परेश के हवाले से लिखा कि उस दौर में किसी सपोर्टिंग या कैरेक्टर एक्टर के लिए ये कदम वाकई बहुत ऐतिहासिक था.

इंडस्ट्री में तोड़ दी हीरो और कैरेक्टर आर्टिस्ट की दीवार

इस 1 करोड़ रुपये की मांग का असली मतलब सिर्फ पैसों से नहीं, बल्कि कलाकारों के मान-सम्मान से जुड़ा था. उस दौर में मेन हीरो और बाकी कलाकारों के पैसों में जमीन-आसमान का फर्क हुआ करता था. परेश रावल के मुताबिक जब नाना ने एक करोड़ रुपये वसूले, तो पूरी बिरादरी के साथी कलाकारों को अंदर से बहुत खुशी हुई. सबको लगा कि एक मंझे हुए एक्टर ने अपने टैलेंट की सही कीमत वसूली है. जनसत्ता की रिपोर्ट में भी इसका जिक्र मिलता है कि इस पर इंडस्ट्री में खूब चर्चा हुई. नाना खुद हमेशा कलाकारों को कम पैसे मिलने पर खुलकर बोलते थे, इसलिए ये कदम उनके स्वाभिमान का बड़ा सबूत था.

निर्माता को घर बुलाया और धुलवा दिए बर्तन

परेश रावल ने नाना के अलबेले मिजाज से जुड़ा एक और जबरदस्त किस्सा साझा किया था. उन्होंने बताया कि एक बार नाना ने अपनी फिल्म के निर्माता को घर पर दावत दी और बड़े प्यार से मटन खिलाया. खाना खत्म होते ही नाना ने उसी निर्माता के हाथ में जूठे बर्तन थमा दिए और खुद साफ करने को कह दिया. नाना का मिजाज ऐसा था कि वे किसी के आगे झुकते नहीं थे. परेश ने कहा कि नाना के लिए पैसा कभी सबसे ऊपर नहीं रहा. अगर रोल और कहानी उनके दिल को छू जाती तो वे बहुत मामूली पैसों में काम कर लेते थे, लेकिन कहानी पसंद न आए तो दुनिया की कोई दौलत उन्हें नहीं खरीद सकती थी.

सादगी की मिसाल और करोड़ों दिलों के चहेते

नाना पाटेकर की 1 करोड़ वाली कहानी आज इसलिए अमर है, क्योंकि एक तरफ 35 रुपये की तंगहाली थी, तो दूसरी तरफ अपने दम पर करोड़ों रुपये फीस लेने का स्वाभिमान. इतने ऊंचे मुकाम पर पहुंचकर भी नाना ने कभी दिखावा नहीं किया. वे हमेशा किसानों की मदद और सादगी भरी जिंदगी के लिए जाने गए. आगे चलकर उनकी फीस 2 से 3 करोड़ रुपये तक पहुंच गई थी, लेकिन नाना की असली पहचान उनका बैंक बैलेंस नहीं, बल्कि उनका अभिनय था. ‘परिंदा’ का खौफनाक अन्ना हो, ‘क्रांतिवीर’ का बागी प्रताप, ‘वेलकम’ का उदय शेट्टी या ‘नटसम्राट’ का गणपत, नाना ने साबित किया कि दिल जीतने के लिए सिर्फ एक सच्चा कलाकार होना काफी है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES