SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

UPSC मेन एग्जाम का रिजल्ट जारी, उम्मीदवारों को इंटरव्यू से पहले करने होंगे ये काम; जान लें आयोग की गाइडलाइन

UPSC ने इस साल सिविल सर्विस (मेन) एग्जाम 2026 के रिजल्ट जारी कर दिए हैं. इसके साथ ही, सर्कुलर जारी कर सफल हुए उम्मीदवारों को इंटरव्यू में लाए जाने वाले कागजातों के बारे में जानकारी दी है.

Written By Devinder Kumar
Published: Nov 05, 2026, 09:42 PM IST | Updated: Nov 05, 2026, 09:50 PM IST
Image Credit: यूपीएससी सिविल सर्विस एग्जाम के इंटरव्यू के लिए आयोग ने गाइडलाइंस जारी की है (प्रतीकात्मक फोटो)
Join

संघ लोक सेवा आयोग यानी UPSC ने इस साल 21 अगस्त 2026 से 30 अगस्त 2026 तक चले सिविल सर्विस (मेन) एग्जाम 2026 के रिजल्ट जारी कर दिए हैं. अब इन सफल हुए उम्मीदवारों को इंटरव्यू में शामिल होना होगा. आयोग ने सलाह दी है कि सभी कैंडिडेट अपने सभी दस्तावेजों को वेरिफिकेशन के लिए तैयार रखें. इंटरव्यू में उनके सभी ओरिजनल कागजातों की जांच की जाएगी.

आयोग की ओर से जारी सर्कुलर में उम्मीदवारों से कहा गया है कि वे इंटरव्यू में अपने पात्रता/आरक्षण दावों जैसे आयु, शैक्षणिक योग्यता, समुदाय, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, बेंचमार्क विकलांगता वाले व्यक्ति (PwBD) और अन्य दस्तावेजों जैसे TA फॉर्म आदि के समर्थन में मूल प्रमाण पत्र लेकर आएं.

छूट के लिए दिखाने होंगे ओरिजनल सर्टिफिकेट

अगर कोई उम्मीदवार एससी/एसटी/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस/पीडब्ल्यूडी/भूतपूर्व सैनिक आदि के लिए उपलब्ध आरक्षण/छूट का लाभ चाहता है तो उसे सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा 2026 की आवेदन की अंतिम तिथि यानी 27.02.2026 तक जारी मूल प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करने होंगे.  

आयोग ने कहा कि सिविल मुख्य परीक्षा में सफल हुए उम्मीदवारों के इंटरव्यू धौलपुर हाउस, शाहजहां रोड, नई दिल्ली-110069 में संघ लोक सेवा आयोग के कार्यालय में आयोजित होंगे. इस इंटरव्यू का कार्यक्रम तैयार करके सभी उम्मीदवारों को उसकी सूचना उचित समय पर दी जाएगी.

आयोग की वेबसाइट से डाउनलोड होगा कॉल लेटर

इसके लिए कैंडिडेट्स को व्यक्तित्व परीक्षणों (इंटरव्यू) के लिए ई-समन लेटर आयोग की वेबसाइट https://www.upsc.gov.in और https://upsconline.nic.in पर अपलोड कर दिए जाएंगे. जिसे उम्मीदवार वहां से डाउनलोड कर सकते हैं.

जो उम्मीदवार अपने ई-समन लेटर डाउनलोड करने में सक्षम नहीं हैं, वे तुरंत पत्र के जरिए या फोन नंबर 011-40303444/24041001 पर या ईमेल (csm-upsc[at]nic[dot]in) पर आयोग के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं. आयोग ने स्पष्ट किया कि इंटरव्यू के लिए किसी भी उम्मीदवार को घर पर कोई कॉल लेटर नहीं भेजा जाएगा और न ही इंटरव्यू की तारीख और समय में आमतौर पर कोई बदलाव किया जाएगा.

शैक्षणिक योग्यता की स्थिति अपडेट करनी होगी

UPSC ने अपने सर्कुलर में कहा कि जिन उम्मीदवारों ने सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा के समय अपनी शैक्षणिक योग्यता की स्थिति 'अपीयरिंग' (appearing) दर्शाई थी और इंटरव्यू के लिए अब अहर्ता हासिल कर ली है, उन्हें अनिवार्य रूप से फार्म में अपनी स्थिति को अपडेट करना होगा.

उन्हें अपने दावे के प्रमाण के रूप में प्रासंगिक दस्तावेज भी अपलोड करना होगा. अगर वे ऐसा नहीं करते हैं तो उनकी उम्मीदवारी रद्द कर दी जाएगी और इस संबंध में आयोग द्वारा किसी भी पत्राचार पर विचार नहीं किया जाएगा. इसके अलावा, ऐसे उम्मीदवारों को कोई ई-समन लेटर जारी नहीं किया जाएगा.  

आयोग में जमा कराना होगा भरा आवेदन पत्र

UPSC ने यह भी कहा है कि मेन एग्जाम में सफल हुए उम्मीदवारों को अपने स्थाई व पत्राचार वाले पते, शैक्षणिक योग्यताओं, रोजगार विवरण, पिछले सिविल सेवा परीक्षाओं (यदि कोई हो) के आधार पर आवंटित सेवा का विवरण, वैवाहिक स्थिति, माता-पिता का विवरण, डिबारमेंट जानकारी, पूर्व परीक्षा विवरण, प्रयास की जानकारी, ओबीसी/ईडब्ल्यूएस एनेक्जर, सामाजिक-आर्थिक प्रश्नावली, सेवा वरीयता और होम कैडर की जानकारी प्रतिभा सेतु पोर्टल पर अपलोड करना होगा. इसके साथ ही इन सब जानकारियों से जुड़ा आवेदन पत्र आयोग में भी जमा कराना होगा.

आयोग ने स्पष्ट किया कि कैंडिडेट्स की उम्मीदवारी प्रोविजनल और कई शर्तों के अधीन है. समस्त कागजातों की जांच और पुलिस वेरिफिकेशन में ओके रिपोर्ट मिलने के बाद ही उन्हें सेवा में नियुक्त करने के लिए योग्य माना जाएगा. इंटरव्यू के बाद सफल उम्मीदवारों की ऑल इंडिया रैंकिंग जारी होगी, जिसके आधार पर भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय विदेश सेवा (IFS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) समेत अन्य केंद्रीय सेवाओं (समूह 'क' और समूह 'ख') में उम्मीदवारों को नियुक्तियां दी जाएंगी. 
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES