थाली में 'घटिया खाना' देख भड़कीं यूनिवर्सिटी की छात्राएं, देर रात सड़क जाम कर किया प्रदर्शन!
उस्मानिया यूनिवर्सिटी के छात्रों ने हॉस्टल के खराब खाने के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. देर रात सभी छात्राएं खाने की घटिया क्वालिटी का विरोध जताते हुए बीच सड़क पर बैठ गईं.
Osmania University Students Protest: इस साल देश भर के अलग-अलग राज्यों से छात्रों के प्रदर्शन की कई खबरें सामने आई हैं. कहीं नीट पेपर लीक का मामला रहा, तो कहीं भर्ती परीक्षाओं में धांधली या शिक्षकों की मनमानी के खिलाफ छात्रों ने मोर्चा खोला. ताजा मामला हैदराबाद से सामने आया है, जहां छात्राएं तब भड़क गईं जब उन्हें हॉस्टल की ओर से बेहद घटिया क्वालिटी का खाना परोसा गया.
उस्मानिया यूनिवर्सिटी की छात्राएं 16 नवंबर, सोमवार को देर रात सड़क पर उतर आईं. अपनी थालियों में खराब खाना लेकर उन्होंने घंटों तक विरोध प्रदर्शन किया. महिला हॉस्टल के बाहर छात्राओं ने रात भर धरना दिया. इस दौरान ओस्मानिया यूनिवर्सिटी की छात्राओं ने साफ मांग की कि उन्हें सेहत के लिए हानिकारक भोजन के बजाय सुरक्षित, साफ-सुथरा और पौष्टिक खाना मिलना चाहिए.
भारी पुलिस बल तैनात
ओस्मानिया यूनिवर्सिटी के वीमेंस हॉस्टल के बाहर जब हालात बेकाबू होने लगे और छात्राओं ने सड़क जाम कर दी, तो तुरंत स्थानीय पुलिस प्रशासन हरकत में आया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा. पुलिस अधिकारियों ने रात के वक्त ही मौके पर पहुंचकर छात्राओं को शांत कराया.
यूनिवर्सिटी प्रशानस ने किया शांत
नाराज छात्राओं को यूनिवर्सिटी प्रशासन और वीसी की ओर से आश्वासन दिया गया, जिसके बाद मामले को शांत किया गया और प्रदर्शन खत्म किया गया. दरअसल, छात्राओं की शिकायत थी कि उन्हें खराब तरह का खाना दिया जा रहा है जो उनकी सेहत के लिए सही नहीं है. 16 नवंबर 2026 को जब रात का खाना मिला तो छात्राओं को गुस्सा आया और हॉस्टल की सभी छात्राएं रात 8 बजे से सड़क पर धरना देने बैठ गई थी. पुलिस बल को तैनात होना पड़ा और आखिर में यूनिवर्सिटी प्रशासन के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ.