ट्रिपल कंप्यूटर कोर्स: सरकारी नौकरी के खुलते हैं रास्ते, 10वीं पास वाले भी कर सकते हैं आवेदन; फीस से सब डिटेल्स यहां
Triple C Course Certificate: क्या आप ट्रिपल सी (CCC) कोर्स के बारे में जानते हैं? क्या आपको पता है कि कौन सा कंप्यूटर कोर्स करना सरकारी नौकरी के लिए जरूरी है और इसका सर्टिफिकेट आपके कितना काम आ सकता है? अगर नहीं, तो आइए इसके बारे में जानते हैं.
CCC Course Certificate: आमतौर पर 10वीं की परीक्षा देने के बाद रिजल्ट का इंतजार करते समय मिलने वाले 1-2 महीने के खाली समय में माता-पिता या शिक्षकों की सलाह होती है कि इस समय का इस्तेमाल किसी कोर्स या एक्स्ट्रा एक्टिविटी को सीखने में करें. पहले छात्र अक्सर कंप्यूटर कोर्स करने के लिए संस्थानों में जाया करते थे. हालांकि, वक्त के साथ सब बदल चुका है, आज ज्यादातर लोगों के पास 24 घंटे स्मार्टफोन, लैपटॉप और अन्य गैजेट्स मौजूद हैं और वो कंप्यूटर कोर्स सीखने में ज्यादा इंटरेस्ट नहीं देते, लेकिन आप उन छात्रों में से हैं जो बेहतर करियर की तलाश में हैं, तो आप ट्रिपल सी के बारे में सोच सकते हैं.
ये कम अवधि वाला ऐसा कोर्स है जो भविष्य में आपके काम आ सकता है. दरअसल, ट्रिपल सी यानी CCC सर्टिफिकेट कोर्स एक ऐसा बेसिक कंप्यूटर कोर्स है जिसे 10वीं के बाद या किसी भी उम्र का व्यक्ति आसानी से कर सकता है.
ट्रिपल C कंप्यूटर सर्टिफिकेट कोर्स क्या है?
ट्रिपल सी का मतलब कोर्स ऑन कंप्यूटर कॉन्सेप्ट है और ये एक कंप्यूटर सर्टिफिकेट कोर्स है. कुल 80 घंटे की अवधि के साथ ये कोर्स पूरा किया जाता है और परीक्षा में शामिल होना पड़ता है. पास उम्मीदवारों को ट्रिपल C कंप्यूटर कोर्स का सर्टिफिकेट दिया जाता है. इसमें एकक्रिस्ट कंप्यूटर लिटरेसी प्रोग्राम के बारे में पढ़ाया जाता है.
कहां से करें ये ट्रिपल सी कोर्स?
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं को इस कोर्स को जरूर कर लेना चाहिए. नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (NIELIT) द्वारा ये ट्रिपल C कंप्यूटर सर्टिफिकेट कोर्स करवाया जाता है. भारत सरकार के अधीन संचालित NIELIT की ओर से हर महीने के आखिरी में ट्रिपल C कंप्यूटर कोर्स में शामिल होने के लिए आवेदन विंडो ओपन की जाती है.
किन सरकारी नौकरी के लिए जरूरी है ये CCC कोर्स?
ट्रिपल सी सर्टिफिकेट वाला ये कोर्स कंप्यूटर की बेसिक नॉलेज के लिए जाना जाता है. खासतौर पर उन उम्मीदवारों के लिए करना जरूरी है जो सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं. दरअसल, ग्राम पंचायत अधिकारी (VDO), लेखपाल, लिपिक सहायक (जूनियर असिस्टेंट), कनिष्ठ सहायक (जूनियर असिस्टेंट) और क्लर्क जैसे सरकारी पदों पर भर्ती के लिए CCC यानी ट्रिपल C कंप्यूटर सर्टिफिकेट जरूरी है. इसके बिना इन भर्ती परीक्षा के लिए उम्मीदवार आवेदन नहीं कर सकते हैं.
इस कोर्स में क्या-क्या सिखाया जाता है?
ट्रिपल सी कंप्यूटर कोर्स में बेसिक कंप्यूटर के बारे में सिखाया जाता है. इसके माध्यम से आप ईमेल, इंटरनेट और डिजिटल टूल्स के बारे में जान सकते हैं. 80 घंटे का ये कोर्स MS Office, इंटरनेट ब्राउजिंग से लेकर ईमेल के इस्तेमाल तक की पूरी जानकारी देता है. इस पूरे कोर्स में 30 घंटे की थ्योरी क्लास और 50 घंटे की प्रैक्टिकल क्लास शामिल होती है.
ट्रिपल सी कंप्यूटर कोर्स की कितनी फीस है?
ये कोर्स कोई भी 10वीं पास युवा कर सकता है. इस ट्रिपल सी CCC कंप्यूटर सर्टिफिकेट कोर्स के लिए आधिकारिक आवेदन फीस 500 रुपये है. इसके लिए योग्य और इच्छुक उम्मीदवार हर महीने की अंतिम तारीख को आवेदन कर सकते हैं.
NIELIT के आधिकारिक पोर्टल student.nielit.gov.in पर इसका आवेदन फॉर्म उपलब्ध रहता है. आवेदन करने के 1-2 महीने के अंदर परीक्षा आयोजित की जाती है और ऑनलाइन एग्जाम पास करने के बाद सर्टिफिकेट मिल जाता है. कोर्स, आवेदन और सर्टिफिकेट हासिल करने की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन ही होती है.