55 साल तक के उम्र वालों के लिए सरकारी बैंक में नौकरी, जानिए कैसे होगा सेलेक्शन?
SBI Recruitment 2026: देश के सबसे बड़े सरकारी बैंकों में से एक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने स्पेशल कैडर ऑफिसर्स इंगेजमेंट नामक भर्ती विज्ञापन जारी किया है. ये वैकेंसी स्टेट बैंक इंस्टीट्यूट ऑफ लीडरशिप (SBIL) कोलकाता के लिए निकाली गई है.
SBI Recruitment 2026: क्या आप भी सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे हैं और चाहते हैं कि किसी प्रतिष्ठित बैंक में नौकरी लग जाए? तो ये अवसर आपके लिए शानदार साबित हो सकता है. देश के सबसे भरोसेमंद बैंकों में से एक, भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने विभिन्न पदों पर भर्ती निकाली है. बैंक की ओर से हाई सैलरी पैकेज वाली इन नौकरियों के लिए विज्ञापन जारी किया गया है, जिसके तहत योग्य उम्मीदवार डीन, फैकल्टी और मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव के पदों पर आवेदन कर सकते हैं.
योग्य और इच्छुक उम्मीदवार भारतीय स्टेट बैंक की आधिकारिक वेबसाइट sbi.co.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं. चयनित उम्मीदवारों को 98 लाख रुपये सालाना तक का सैलरी पैकेज मिल सकता है. डीन, फैकल्टी और मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव के पदों पर ये भर्ती कोलकाता स्थित स्टेट बैंक इंस्टीट्यूट ऑफ लीडरशिप (SBIL) में की जाएगी. बैंक के इस 'स्पेशल कैडर ऑफिसर्स' भर्ती अभियान के तहत 6 अक्टूबर 2026 तक आवेदन किया जा सकता है. आइए इसकी आवेदन प्रक्रिया, सेलेक्शन प्रोसेस और अन्य जरूरी डिटेल्स जानते हैं.
कौन कर सकता है आवेदन?
1. डीन (01 पद)
- योग्यता:- मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से न्यूनतम 55% अंकों के साथ MBA / PGDM / PGDBA (या समकक्ष) या Ph.D या M.Phil.
- अनुभव:- कम से कम 15 साल का अनुभव, जिसमें से 3 साल डीन, डायरेक्टर, प्रिंसिपल, VP या समकक्ष पद का अनुभव जरूरी है.
- आयु सीमा:- 40 से 55 साल
2. मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव (01 पद)
- योग्यता:- न्यूनतम 55% अंकों के साथ मार्केटिंग में MBA या समकक्ष डिग्री. इसके अलावा डिजिटल मार्केटिंग, CRM या सोशल मीडिया मार्केटिंग जानकार भी आवेदन कर सकते हैं.
- अनुभव:- मार्केटिंग के क्षेत्र में कम से कम 5 साल का अनुभव.
- आयु सीमा:- 28 से 40 साल
3. फैकल्टी (01 पद)
- योग्यता:- न्यूनतम 55% अंकों के साथ किसी भी सब्जेक्ट में पोस्ट ग्रेजुएशन या MBA या फाइनेंस या बैंकिंग में एग्जीक्यूटिव एजुकेशन या टीचिंग एक्सपीरिएंस हो.
- अनुभव:- टीचिंग फैकल्टी, प्रोफेसर या कॉर्पोरेट ट्रेनर के रूप में कम से कम 6 साल का अनुभव.
- आयु सीमा:- 35 से 55 साल
कितनी देनी होगी आवेदन फीस?
- जनरल/ईडब्ल्यूएस/ओबीसी उम्मीदवारों के लिए आवेदन फीस 750 रुपये तय है.
- एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी उम्मीदवारों के लिए ये प्रक्रिया मुफ्त है, कोई फीस नहीं चुकानी है.
कैसे होगा सेलेक्शन?
डीन और फैलक्टी पदों के लिए आवेदकों का नाम पहले शॉर्टलिस्ट किया जाएगा जिसके बाद उन्हें इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा. इंटरव्यू कम डेमो सेशन के माध्यम से योग्य उम्मीदवार का चयन किया जाएगा. जबकि, मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव पोस्ट के लिए भी शॉर्टलिस्टिंग के बाद इंटरव्यू में शामिल होना होगा जिसके बाद योग्य उम्मीदवार का चयन किया जाएगा. स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट sbi.bank.in पर जाकर आवेदन पत्र समेत अन्य जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.